फिल्मी

मौनी राय पटना पहुंचीं, छठ पूजा के बाद गलियों मेें घूमीं

अभिनेत्री मौनी रॉय हाल ही में बिहार की राजधानी पटना पहुंचीं, जहां उन्होंने छठ पूजा की भक्ति और परंपराओं को करीब से देखा। इस दौरान वह शहर की खूबसूरत गलियों में घूमीं और छठ के दौरान लोगों की आस्था और उत्साह को महसूस किया। पटना में बिताए इन खास पलों की झलक मौनी ने सोशल मीडिया पर शेयर की। उन्होंने बताया कि इस शहर की संस्कृति, लोगों का प्यार और छठ पूजा का आध्यात्मिक माहौल उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। मौनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह पटना की सड़कों पर घूमती और छठ पूजा से जुड़े नजारे देखती नजर आ रही हैं।
वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, ”पटना, तुम वाकई बहुत खास रहे। शहर की खूबसूरत गलियों में घूमने से लेकर छठ पूजा की भक्ति, परंपराओं और रौनक को देखने तक, यहां का हर पल यादगार अनुभव रहा। हमें यहां का हर पल बहुत पसंद आया। इस खूबसूरत शहर की असली पहचान को करीब से महसूस किया। अब यहां से ढेर सारी यादें लेकर जा रहे हैं। पटना, फिर मुलाकात होगी।” इस दौरान मौनी ने छठ पूजा के आध्यात्मिक महत्व पर भी बात की। वीडियो में वह देवी मां तारा की प्रतिमा के सामने खड़ी नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा, ”जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दूं कि ये देवी मां तारा हैं। पटना में छठ सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि पूजा है। यह एक भावना और एहसास है। मेरे हिसाब से यह बहुत आध्यात्मिक और पवित्र है।” पटना दौरे के दौरान मौनी गोल्डन रंग की खूबसूरत साड़ी में नजर आईं। वीडियो में वह देवी मां तारा की प्रतिमा के सामने खड़े होकर छठ पूजा के महत्व के बारे में बताती भी दिखाई दीं। छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित प्रमुख पर्व है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में इसे बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button