निम्मी के केयरटेकर पर करोड़ों की सम्पत्ति हड़पने का आरोप

अभिनेत्री निम्मी (नवाब बानो) के निधन के कई साल बाद उनकी करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अभिनेत्री के परिवार ने उनके पुराने केयरटेकर पर धोखाधड़ी, विश्वासघात और जालसाजी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि केयरटेकर ने अभिनेत्री के बैंक खातों से करोड़ों रुपये की हेराफेरी की और मुंबई के जुहू इलाके में स्थित उनके दो फ्लैट पर कब्जा करने की कोशिश की। इन दोनों फ्लैट की अनुमानित कीमत करीब 7 से 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में शिकायत मिलने के बाद मुंबई के सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।इस मामले में 11 नवंबर को मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने खुद को अभिनेत्री निम्मी का रिश्तेदार बताया है। दुर्रानी ने उनकी बहू सलमा नेल्दी परवीन की ओर से पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर शिकायत दी है। एफआईआर के मुताबिक आरोपी असरार अहमद शेख लंबे समय से अभिनेत्री और उनके पति अली रजा के यहां घरेलू सहायक और केयरटेकर के रूप में काम करता था। साल 2007 में अली रजा के निधन के बाद निम्मी अकेली रह गई थीं। उम्र बढ़ने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते उन्होंने केयरटेकर पर भरोसा करते हुए उसके साथ संयुक्त बैंक खाते खुलवाए थे। इसके बाद असरार उनके बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कामकाज देखने लगा। परिवार का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने कथित तौर पर अभिनेत्री की संपत्ति और पैसों का गलत इस्तेमाल किया।
शिकायत के अनुसार निम्मी और उनके पति ने मुंबई के जुहू तारा रोड स्थित नेहा अपार्टमेंट में बी-31 और बी-32 नंबर के दो फ्लैट खरीदे थे। दोनों फ्लैट अभिनेत्री के नाम पर पंजीकृत थे। इनके अलावा उनके पास पार्किंग की जगह, सोने-चांदी के आभूषण और मारुति सुजुकी सियाज कार भी थी। अभिनेत्री के भारतीय स्टेट बैंक और सारस्वत बैंक के खातों में करीब 1.77 करोड़ रुपये की एफडी भी जमा थी। बताया गया है कि निधन से पहले निम्मी ने अपनी वसीयत तैयार की थी। इसमें गुरपाल सिंह हरबंस सिंह सचर को वसीयत का निष्पादक नियुक्त किया गया था। वसीयत के मुताबिक, अभिनेत्री ने अपनी संपत्ति, बैंक में जमा रकम, फ्लैट और आभूषण अपने गोद लिए बेटे अली सैयद परवेज और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम किए थे। हालांकि, दिसंबर 2020 में अली सैयद परवेज का भी ब्रिटेन में निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी सलमा और तीन बच्चे हैं। (हिफी)



