उत्तराखण्ड में भूस्खलन व बाढ़ में फंसीं आंचल मुंजाल

उत्तराखंड में बाढ़ और लैंडस्लाइड के चलते कई सड़कों पर आवागमन बंद हो चुकाहै। गौला, शिप्रा और कोसी सहित कई नदियां उफान पर हैं। इस बीच टीवी एक्ट्रेस आंचल मुंजाल भी लैंड स्लाइड के चलते उत्तराखंड में फंस गई हैं। एक्ट्रेस 1 सितम्बर को सुबह करीब 10 बजे उत्तराखंड से निकली थीं और घंटों सड़क पर ही फंसी रह गईं। लगातार बारिश और लैंड स्लाइड के चलते सड़कों पर जाम की स्थिति हो गई, जिसके चलते आंचल मुंजाल और उनके दोस्त बीच सड़क में ही फंस गए। आंचल ने हालात दिखाते हुए वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें उफनती नदियां और सड़कों पर पड़ा टूटे पहाड़ों का मलवा देखा जा सकता है।आंचल मुंजाल ने जो वीडियो शेयर किया है, उसके जरिए उन्होंने वीडियो देख रहे लोगों को चेतावनी दी कि अगर वह उत्तराखंड आ रहे हैं या आने का सोच रहे हैं तो अपना प्लान फौरन बदल दें, क्योंकि अभी हालात बेहद खराब हैं। आंचल ने बताया कि कैसे वह मुंबई जाने के लिए 10 बजे उत्तराखंड से निकली थीं और आगे चलने के बाद वह और उनके दोस्त जाम में फंस गए, क्योंकि लैंड स्लाइड के चलते सड़क बंद हो गई थी। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए फैंस से केयरफुल रहने और फिलहाल उत्तराखंड या किसी भी पहाड़ी इलाके की यात्रा करने से बचने की सलाह दी।
वीडियो में आंचल कहती हैं- बहुत बड़ा पत्थर और आधा पहाड़ नीचे गिर गया जिसकी वजह से रोड ब्लॉक हो गई। अभी शाम होने वाली है और हम लोग फिर भी रोड पे अटके हुए हैं। बहुत ही डिफिकल्ट सी सिचुएशन है। हर कोई यहां फंसा हुआ है। बहुत लोगों की ट्रेन थी मिस हो गई। हमें भी पहुंचना है, लेकिन सभी फंस गए हैं। (हिफी)



