
करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर ‘दायरा’ 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म में दोनों कलाकारों के पुलिस अधिकारी वाले किरदारों की पहली झलक ने कहानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मेघना गुलजार की यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानी को किस तरह पर्दे पर पेश करती है और अजोनी कोहली व रमन कुमार के किरदार कहानी में किस मोड़ तक पहुंचते हैं। फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने दोनों सितारों के सोलो पोस्टर्स जारी कर उनके किरदारों की पहली झलक पेश की है। पोस्टर्स में करीना और पृथ्वीराज दोनों ही पुलिस अधिकारियों के किरदार में नजर आ रहे हैं, लेकिन दोनों का अंदाज कहानी में अलग-अलग तरह के तनाव और रहस्य की ओर इशारा करता है।करीना कपूर फिल्म में अजोनी कोहली, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन रमन कुमार की भूमिका निभा रहे हैं। दोनों के फर्स्ट लुक सामने आने के बाद अब फिल्म की कहानी और उनके किरदारों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई है। करीना कपूर खान के पोस्टर में उनका किरदार काफी सख्त और आत्मविश्वास से भरा दिखाई दे रहा है। उनके चेहरे के भावों में गुस्सा और दृढ़ता नजर आती है, जो उनके किरदार की गंभीरता को सामने लाता है।
‘दायरा’ का लोगो और पुलिस टेप कहानी में किसी ऐसी सीमा की ओर संकेत करते हैं, जिसे पार करना या बचाना फिल्म के किरदारों के लिए अहम हो सकता है। करीना का यह अवतार उनके अब तक के कई किरदारों से अलग नजर आ रहा है और पोस्टर ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। (हिफी)



