मोदी सरकार 3 के सौ दिन

(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)
भारतीय जनता पार्टी भाजपा ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनायी है । इस सरकार ने भी तीन महीने का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इससे पहले की दो सरकारों में भाजपा के पक्ष में उसके अपने सांसद ही पर्याप्त हुआ करते थे। इस बार भाजपा के खुद के सिर्फ 240 सांसद हैं जबकि सरकार बनाने के लिए 273 सांसदों की जरूरत होती है। इस प्रकार भाजपा को जदयू और तेलुग देशम पार्टी के सांसदों की बैसाखी की जरूरत पड़ी। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के विकास, सुरक्षा और गरीबों को समर्पित सरकार चलाने में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 17 सितंबर को मोदी सरकार के 100 दिन का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उसमें भी मोदी के इरादे और भविष्य के सपने की झलक मिलती है।
मोदी सरकार के सौ दिन का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए अमित शाह ने कहा कि सरकार के कार्यकाल के दौरान एक देश एक चुनाव लागू करने की योजना है। साथ ही मणिपुर में शांति के लिए वे मैतेई और कुकी दोनों समुदायों से बात कर रहे हैं। शाह ने कहा- तीसरे कार्यकाल के 100 दिन में मोदी सरकार ने 15 लाख करोड़ की योजनाएं शुरू कीं, टैक्स राहत दी और किसानों के खाते में 3 लाख करोड़ रुपए पहुंचाए। आज देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा मजबूत है। इकोनॉमी सभी 14 पैमानों पर खरी उतरी है। आज इकोनॉमी में रीढ़ दिखाई देती है। उन्होंने कहा-पीएम मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर यानी 15 दिन तक देश भर के सभी जरूरतमंदों की सेवा में हमारे जैसे लाखों कार्यकर्ता लगेंगे। अमित शाह ने कहा नरेंद्र मोदी जी ने छोटे से गांव में जन्म लेकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री बने। बीते 10 साल में दुनिया भर से अलग-अलग राष्ट्रों ने अपने देश का सर्वोच्च सम्मान दिया। लगातार भारत के विकास, सुरक्षा और गरीबों को समर्पित सरकार चलाने के बाद तीसरी बार भाजपा को सरकार बनाने का जनादेश मिला। शाह ने कहा 60 साल बाद देश में राजनीतिक स्थिरता का माहौल आया है। पीएम मोदी शिक्षा में पुरातन प्रणाली को समाहित कर नई शिक्षा नीति लाए हैं। मेक इन इंडिया आज पूरी दुनिया में उत्पादन का सबसे चहेता केंद्र है। डिजिटल इंडिया को दुनिया के कई देश समझना चाहते हैं और अपनाना चाहते हैं। बैंकिंग के 13 पैरामीटर्स में हम आगे हैं। अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत का भविष्य उज्ज्वल है। विदेश नीति में रीढ की हड्डी दिखाई देती है।
अमित शाह ने कहा मणिपुर में शांति के लिए हम मैतेई और कुकी दोनों समुदायों से बात कर रहे हैं। हमने समस्या की जड़, भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का काम शुरू कर दिया है। बाड़ का 30 किलोमीटर तक काम पूरा हो चुका है। सरकार ने पूरी 1500 किलोमीटर बॉर्डर पर बाड़ लगाने का बजट मंजूर किया है। घुसपैठ रोकने के लिए भारत-म्यांमार के बीच हुए समझौते को रद्द कर दिया गया है। अब
केवल वीजा के जरिए ही एंट्री हो सकती है। शाह ने कहा मोदी सरकार ने देश के
गरीबों-महिलाओं के लिए योजनाओं पर काम किया है। बीते 10 साल में गरीबों को घर, शौचालय, गैस, पानी, बिजली, 5 किलो अनाज और 5 लाख तक की स्वास्थ्य सुविधाएं देने का काम किया गया है। अगली बार जब चुनाव में जाएंगे तो
कोई व्यक्ति बिना घर का नहीं होगा। मोदी सरकार के 100 दिन की उपलब्धियों पर एक बुकलेट भी लॉन्च की गई है।
मोदी की तीसरी सरकार के 100 दिन में 15 लाख करोड़ रुपए की योजनाएं शुरू की गयी हैं। इन योजनाओं को 14 स्तंभों में बांटा गया है। इन्फ्रास्ट्रर्क्चर में 3 लाख करोड़ की परियोजनाएं शुरू की गयी हैं । बधावन में मेगा पोर्ट बनेगा। वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट, पश्चिम बंगाल में बागडोगरा, बिहार में बिहटा एयरपोर्ट, अगत्ती मिनिकॉय में नई एयर स्ट्रिप बनाकर पर्यटन को बढ़ावा दिया गया है। बेंगलुरु मेट्रो, पुणे मेट्रो, ठाणे इंटीग्रेटेड रिंग मेट्रो और कई मेट्रो प्रोजेक्ट भी लॉन्च किए गए हैं।
किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 70वीं किश्त जारी की गयी। यह सम्मान निधि 9.5 करोड़ किसानों को दी गई। खरीफ फसलों की एमएसपी बढ़ाई गई है। एमएसपी में यूपीए और कांग्रेस सरकारों से कई गुना वृद्धि मोदी सरकार ने की है। हमने बासमती चावल से एमएसपी को हटा दिया है। प्याज पर एक्सपोर्ट ड्यूटी 40 फीसद से 20 फीसद की है। साथ ही एग्री श्योर नाम का एक नया फंड भी लॉन्च किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडिल क्लास को भी 100 दिनों में कई राहतें दी हैं। अब 7 लाख रुपए तक की आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। वन रैंक वन पेंशन का तीसरा वर्जन लागू कर दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 करोड़ घर बनाए जाने हैं जिनमें 1 करोड़ घर शहरी इलाकों में और 2 करोड़ घर ग्रामीण इलाकों में बनेंगे।
मोदी सरकार के 100 दिनों को लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया कहते हैं, किसी भी सरकार के 100 दिन काफी अहमियत रखते हैं। शुरुआत में मंत्रालय, मंत्रियों को सिस्टम के साथ तालमेल बिठाने में थोड़ा समय लगता है लेकिन 100 दिन के काम का हिसाब खुद पीएम मोदी ने लिया है। उन्होंने 10-10 दिन का अकाउंट चेक किया है। इन 100 दिनों में मोदी सरकार 3.0 ने आर्थिक, सामाजिक, औद्योगिक क्षेत्र में विकास के कई काम किए हैं। कई ऐतिहासिक फैसलें लिये हैं, जिनका सीधे तौर पर 140 करोड़ जनता से सरोकार है। मोदी सरकार 3.0 के 100 दिन पूरे होने पर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कहते हैं कि तीसरे कार्यकाल में मोदी सरकार की ताकत 3 गुना ज्यादा बढ़ गई है। इसलिए हमें जनता को 3 गुना ज्यादा रिजल्ट भी देना होगा। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, तीसरी बार सरकार बनने के बाद पीएम मोदी ने तीन नए सख्त नियम रेखांकित किए। पहला- ऊंचे लक्ष्य। दूसरा-उम्दा प्रदर्शन और तीसरा-अच्छा प्रभाव। इसी के तहत हमारी सरकार तीन संकल्पों को पूरा करने में जुटी है। ये तीन संकल्प हैं- भारत को आत्मनिर्भर बनाना। भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाना। भारत को विश्वगुरु के रूप में स्थापित करना। सिंधिया कहते हैं, इस संकल्प और इस संघर्ष में सरकार के साथ-साथ 140 करोड़ देश की जनता भी अपना योगदान दे, ताकि इन संकल्पों को हम वास्तविकता में बदल सके। (हिफी)