लेखक की कलम

खून के रिश्तों में खूंरेजी

हाल ही में हरियाणा के पंचकूला में पंजाब के पूर्व डीजीपी मुस्तफा के बेटे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी लेकिन अब मामले में बड़ा खुलासा हुआ है और मनसा देवी कॉपलेक्स थाने में अकील अख्तर की हत्या का मामला दर्ज हुआ है। इस हत्याकांड में पिता मोहम्मद मुस्तफा, मां रजिया सुल्ताना, पत्नी, बहू और बेटी को आरोपी बनाया गया है। अहम बात है कि इस मामले में पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा और उनकी बहू के अवैध संबंधों का दावा किया गया है। खुद अकील अख्तर ने अपने पिता और पत्नी के अवैध संबंधों का जिक्र एक वीडियो में किया था।
क्या इंसानी रिश्ते अब बेहद स्वार्थ भरे, लालच, योन लोलुपता, सेक्स और संपत्ति के आकर्षण में अंधे दौर से गुजर रहे हैं। इनमें पिता पुत्र की हत्या कर रहा है विवाहिता अवैध संबंधों के चलते कोख से पैदा बच्चे-पति तक के खून से हाथ रंग रहीं हैं। यह कैसा दौर है जिसमें इंसानियत के नाते-रिश्ते खत्म हो कर बर्बरता और खूंरेजी की ओर बढ़ रहे हैं।
आपको कुछ वारदातों के जरिए माहौल से वाकिफ कराने की कोशिश करते हैं। गत 20 अक्टूबर को तेलंगाना के मंचेरियल जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पति ने अपनी पत्नी को पुल से नीचे धक्का देकर उसकी हत्या कर दी उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। दो दिन पहले ही हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक नाबालिग बेटे ने अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना लाडवा थाना क्षेत्र के किरमच गांव की है। मृतक महिला की पहचान 45 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है, जो तलाकशुदा थी और अपने घर में अकेली रह रही थी। बेटे को मां का चाल-चलन पसंद नहीं था। पड़ोसी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। हाल ही में महाराष्ट्र के पालघर जिले से भी एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक मां को अपने ही सात वर्षीय बेटे की हत्या और दस वर्षीय बेटी पर जानलेवा हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की पहचान पल्लवी धुमडे (40) के रूप में हुई है। जिला पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि मृतक बच्चे का नाम चिन्मय धुमडे है। घटना के समय उसने अपनी मां से खाने में चिकन की मांग की थी। इसी बात पर गुस्से में आकर पल्लवी ने रोटी बनाने वाले बेलन से बेटे की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यही नहीं, उसने अपनी दस वर्षीय बेटी पर भी बेलन से हमला किया जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई है और फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
बीते दिनों राजस्थान के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में भी एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां एक युवक ने पत्नी से प्रेम संबंधों के शक में अपने ही रिश्तेदार युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। वहीं 16 सितंबर राजस्थान के चूरू जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक देवर ने अपनी भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी देवर हितेश पारीक अपनी भाभी पूनम पारीक पर गलत नजर रखता था और उनके विरोध करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। मई माह में आरोप है कि सोनम रघुवंशी ने शादी के 13 दिन बाद ही अपने पति की हत्या करवा दी और 28 दिन बाद उसकी गिरफ्तारी हुई। इनकी शादी 11 मई को हुई थी और 8 दिन बाद 20 मई को हनीमून मनाने मेघालय के शिलांग गए थे। इसके बाद सोनम और राजा के गायब होने की खबर आई थी।
31 अगस्त को दिल्ली के रोहिणी में एक शख्स को अपनी पत्नी और सास की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि बेटे के जन्मदिन के दौरान परिवार के दो पक्षों के बीच गिफ्ट एक्सचेंज को लेकर हुए विवाद के बाद शख्स ने अपनी पत्नी और सास की हत्या कर दी। बीती 12 अगस्त हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में धर्मशाला से सटे सुधेड़ में नाबालिग बेटे ने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्याकांड में मृतक के नाबालिग बेटे को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया।
13 अगस्त को उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर 10 वर्षीय बेटे की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में महिला, उसके प्रेमी फैजान और उसके साथी राशिद को गिरफ्तार कर लिया। इसी 30 जुलाई को दिल्ली के नरेला इलाके में एक 10 वर्षीय लड़के की उसके पिता ने हत्या कर दी। इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी को दी। अधिकारी ने बताया कि दिन में पहले नरेला पुलिस स्टेशन में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके गले पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। ओडिशा के बलांगीर जिले में 29 जून को 12 साल के लापता बच्चे के रहस्य को पुलिस ने सुलझा लिया। बच्चे की हत्या उसके 17 साल के बड़े भाई ने ही की थी। आरोपी लड़के ने अपने छोटे भाई का शव घर के पास ही दफन कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी अपने छोटे भाई का यौन उत्पीड़न करता था। आरोपी पोर्न देखने का आदी है। पुलिस ने बताया कि माता-पिता को बड़े बेटे की करतूत के बारे में पता था और उन्होंने उसे छोटे बेटे से दूर रखने की कोशिश भी की थी। बलांगीर के एसपी अबिलाश जी ने बताया कि आरोपी ने कबूल किया है कि वह अपने छोटे भाई का शारीरिक उत्पीड़न करता था।
31 मार्च को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक पति ने बीमार बेटे के लिए दवा लाने की बात पर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
12 मई को असम के गुवाहाटी में बसिस्ता पुलिस ने एक महिला और उसके प्रेमी को अपने बेटे की जघन्य हत्या मामले में गिरफ्तार किया है। उसका क्षत-विक्षत शव गुवाहाटी में वन विभाग कार्यालय के पास एक सूटकेस में भरा हुआ मिला। मृतक की पहचान मृण्मय बर्मन (10) के रूप में हुई है, जो नवोदय जातीय विद्यालय का 5वीं कक्षा का छात्र था।
ये वारदातें तो सिर्फ बानगी है। अब सैक्स संबंधों, संपत्ति, लिव रिलेशन को लेकर आए दिन हत्या और खूंरेजी की जा रही है मानवता करुणा परोपकार दया धर्म क्षमा के मानवीय गुणों के स्थान पर दरिंदगी वर्जित यौन संबंध स्वछंदता नशाखोरी लिव रिलेशन और बिना मेहनत संपत्ति हासिल करने की जुगुप्सा पनप रही है। इस सबमें इंसानियत और रिश्ते रोजाना शर्मसार हो रहे हैं। धर्मगुरु भी लोगों को मीठे मीठे प्रवचन देकर आश्रमों गौशाला इबादत गाहों के नाम पर संपत्ति बटोरने में लगे हैं। जरूरत है कि शैक्षिक पाठ्यक्रम और धर्म गुरुओं के जरिए नैतिकता सत्य ईमानदारी के मूलभूत सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार किया
जाए। (मनोज कुमार अग्रवाल-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button