अयोध्या को खेल की भी सौगात

योगी आदित्यनाथ ने 2017 में उत्तर प्रदेश की कमान संभाली थी। उसी समय से अयोध्या को उसका प्राचीन गौरव लौटाने का प्रयास प्रारंभ कर दिया था। अयोध्या में भव्य रूप से दीपावली मनाने की एक नयी परम्परा उसी समय से शुरू हुई जो हर साल एक रिकार्ड बना रही है। अयोध्या की दीपावली गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज हो गयी है। कहते हैं नीयत अच्छी हो तो भगवान भी मदद करते हैं । योगी सरकार ने अयोध्या में भगवान राम का गौरव पुनर्स्थापित करने का सच्चे मन से प्रयास किया तो सुप्रीम कोर्ट से बिराजमान रामलला के पक्ष में फैसला आ गया। आज अयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर बन गया है। रामलला की प्रतिमा और राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा भी हो चुकी है। आगामी 25 नवम्बर को मंदिर पर विशाल ध्वज भी लग जाएगा। इस बीच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेलवे स्टेशन भी बन गया। सड़क और चैराहे चैडे़ हो गये हैं। योगी सरकार ने अयोध्या को खेल की भी बड़ी सौगात दी है। अयोध्या में डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है। इसी नौ नवंबर से 26 नवंबर तक अयोध्या प्रीमियर लीग का आयोजन किया जाएगा। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या धाम में पहली बार उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की देखरेख में जिला क्रिकेट संघ की ओर से नौ नवंबर से टी 20 की तर्ज पर अयोध्या प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है। सभी टीमों का चयन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अनुभवी चयनकर्ताओं की ओर से ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। एक टीम में 16 सदस्य का चयन होगा जिसमें 11 खिलाड़ी अयोध्या मंडल के और पांच खिलाड़ी अतिथि प्लेयर होंगे जो कि उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले के हो सकते हैं। इस प्रतियोगिता में आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी। सभी टीमों का नाम उत्तर प्रदेश की आठ नदियों सरयू, गंगा, जमुना, बेतवा, हिंडन, चंबल, गोमती व मनोरमा के नाम से होगा, जो हमारी संस्कृति और प्राकृतिक विरासत को दर्शाता है। यह जानकारी जिला क्रिकेट संघ के सचिव मोहम्मद उमेर अहमद ने दी थी।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाली सभी टीमों का चयन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अनुभवी चयनकर्ताओं की ओर से ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। एक टीम में 16 सदस्य का चयन होगा जिसमें 11 खिलाड़ी अयोध्या मंडल के और पांच खिलाड़ी अतिथि प्लेयर होंगे जो कि उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले के हो सकते हैं। इस आयोजन से अयोध्या मंडल में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
प्रतियोगिता में कुल 29 मैच खेले जाएंगे, जो कलर ड्रेस और सफेद बॉल से खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में सभी ऑफिशियल उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे। इस प्रतियोगिता का संचालन जय सियाराम ग्रुप आफ कंपनीज और वेलफेयर सोसाइटी की ओर से किया जाएगा। अयोध्या प्रीमियर लीग के ब्रांड एंबेसडर पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ज्ञानेंद्र पांडेय होंगे। जीतने वाली टीम को 11 लाख रुपये और रनर को 5.50 लाख रुपये पुरस्कार दिया जाएगा।
इसी प्रकार अयोध्या में 25 नवंबर को होने वाले ध्वजारोहण समारोह के लिए संतों को आमंत्रित करने के लिए निमंत्रण पत्र भेजा जाने लगा है। इस पर संतों ने कहा कि ये हमारे जीवन का बेहद सौभाग्यशाली क्षण है। प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया है और 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर निर्माण पूरा होने का संदेश पूरे विश्व को देंगे। ऐसे में
अयोध्या के लिए 25 नवंबर का दिन इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। इस दिन विवाह पंचमी के साथ हनुमान जी का दिन मंगलवार भी है। ऐसे शुभ योग में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में धर्म ध्वज की स्थापना होने जा रही है, जिसका निमंत्रण पत्र भी अब अयोध्या के संत महंतों को दिया जा रहा है। निमंत्रण पत्र में कुछ नियम भी बताए गए हैं। एक गुप्त कोड भी अंकित किया गया है। परमहंस आचार्य ने बताया कि यह अवसर केवल धार्मिक नहीं बल्कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक होगा। उन्होंने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से उन्हें
ध्वजारोहण कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र डाक के माध्यम से प्राप्त हुआ है। उन्होंने इसे अपने जीवन का अत्यंत सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युग पुरुष हैं, जिन्होंने सनातन संस्कृति का गौरव विश्वभर में स्थापित किया है। आज पूरी दुनिया यह मान रही है कि शांति का मार्ग केवल सनातन धर्म से ही संभव है। पीएम मोदी ने राम मंदिर का भूमि पूजन किया, प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई और अब उनके ही हाथों धर्म
ध्वज की स्थापना होगी।परमहंस आचार्य ने इसे 500 वर्षों के लंबे संघर्ष की पूर्णता का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में यह आयोजन न केवल श्रद्धा का प्रतीक होगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा भी बनेगा। आगामी 25 नवंबर को आयोजित होने वाले इस पवित्र समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उपस्थित रहेंगी। अयोध्या इस दिन एक बार फिर आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति के उल्लास में सराबोर होगी।
सीएम योगी प्रदेश में खेलों को भरपूर प्रोत्साहन दे रहे हैं। खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए योगी सरकार ने अब तक 500 खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी दी है। अब खेल को समय और धन का अपव्यय नहीं समझा जाना चाहिए। आज खेल आत्मनिर्भरता और प्रेरणा का माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी चाहे पदक जीते या न जीते, उसका जज्बा ही उसे आगे सफलता की ओर ले जाता है। मुख्यमंत्री योगी ने झांसी की ऐतिहासिक धरती से प्रदेश के खिलाड़ियों को आत्मनिर्भरता और सफलता का मंत्र दिया था। विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित 36वें क्षेत्रीय खेलकूद समारोह में पहुंचे सीएम योगी ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा था कि स्वस्थ शरीर ही धर्म और राष्ट्र निर्माण का आधार है। इस दौरान, उन्होंने भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की और कहा कि खेल अब केवल शौक नहीं, बल्कि जीवन को संवारने का सशक्त माध्यम बन चुका है। समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और पराक्रम की धरती पर विद्या भारती के 36वें क्षेत्रीय खेलकूद समारोह में शामिल होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। विद्या भारती देश में भारतीय परंपरा, संस्कृति और राष्ट्रीयता के प्रति श्रद्धा जगाने वाली अग्रणी संस्था है। ध्यान रहे कि 1952 में गोरखपुर में नानाजी देशमुख द्वारा स्थापित इस संस्था ने आज देशभर में 25,000 से अधिक शिक्षण-प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से भारतीय मूल्यों को बढ़ावा दिया है।
(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)



