सुप्रसिद्ध समाज सुधारक स्वर्ण कुमारी देवी

स्वर्ण कुमारी देवी को स्वर्ण कुमारी घोषाल के नाम से भी जाना जाता है। वे भारतीय बंगाली लेखिका, सम्पादक, निबन्धकार, कवि, उपन्यासकार, नाटककार, संगीतकार और सामाजिक कार्यकर्ता थीं। स्वर्ण कुमारी देवी सुप्रसिद्ध कवि, लेखक रवीन्द्रनाथ टैगोर की बड़ी बहन थीं उनका जन्म 18 अगस्त 1855 को कोलकाता के जोहासाँको में टैगोर परिवार में हुआ था। इनके पिता का नाम देवेन्द्रनाथ टैगोर और माँ का नाम शारदा देवी था। वे बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि थे। यह वह समय था जब लड़कियों को ज्यादा बाहर निकलने की इजाज़त नहीं होती थी, अतः इस रोक की वजह से बहुत सी कुशाग्र लड़कियां घर में ही बगैर शिक्षा के कैद होकर रह जाती थीं। पढ़ाई के प्रति स्वर्ण कुमारी की रुचि देखकर उनके लिये घर में ही पढ़ाई करने की पूरी व्यवस्था की गई थी। पिता देवेन्द्र नाथ ने अलग-अलग विषयों के लिए अलग-अलग अध्यापकों की व्यवस्था घर में कर दी थी। उसके परिवार में शिक्षा का बहुत महत्व था। अतः देवी को पढ़ने के लिये एक स्वस्थ वातावरण मिला था। पिता देवेन्द्रनाथ उस समय समाज और धर्म में फैली कुरीतियों को दूर करने के लिये समाज से लड़ रहे थे जिसे स्वर्ण कुमारी देखा और महसूस किया था वे अपने पिता के इस समाज सुधारक व्यक्तित्व से अत्यन्त प्रभावित थीं। स्वर्ण कुमारी देवी का विवाह 1868 में नदिया जनपद के प्रमुख भद्र पुरुष समाज सुधारक नेता जानकीनाथ घोषाल से हुआ था। घोषाल साहब बहुत जीवट के अत्यन्त परिश्रमी इन्सान थे। उन्होंने अपने आप काम करके अलग से अपने लिये जमींदारी बनायी थी। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता रहे। उन्हें इस संगठन के आरम्भिक सदस्यों में माना जाता है। इतना ही नहीं उन्होंने भारतीय सिविल सेवा की परीक्षा पास करके अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट का पदभार भी संभाला था। ऐसे माहौल में आकर स्वर्ण कुमारी देवी को अपनी प्रतिभा उभारने का वैसा वातावरण आसानी से मिल गया था, जिसकी उन्हें अपेक्षा थी। सहयोगी पति के प्रभाव की वजह से ही 1889 में उन्होंने ‘‘भारती’’ के सम्पादन का कार्य अपने हाथ में ले लिया। इस तरह उन्होंने पहली महिला सम्पादिका व पत्रकार के रूप में अपना नाम इतिहास में दर्ज़ करा लिया।
बांगला और अंग्रेजी भाषा के साहित्य और वैज्ञानिक लेखन को समृद्ध करने वाली वह उस समय की पहली महिला थीं, जो औपनिवेशिक काल की चर्चित समाज सुधारक के रूप में जानी गईं।
स्वर्ण कुमारी देवी के सुखी वैवाहिक जीवन की झलक 1876 में प्रकाशित उनके पहले उपन्यास ‘दीप निर्बान’ में दिखाई दी। इसे बांग्ला भाषा का पहला उपन्यास कहा गया। उस समय ब्रिटिश हुकूमत ईस्ट इण्डिया कम्पनी से स्थानान्तरित होकर भारतीयों के जन-जीवन में सीधे दखल दे रही थीं। इस चुनौतीपूर्ण समय में स्वर्ण कुमारी के उपन्यास ने लोगों के मन में राष्ट्रीयता की भावना को जाग्रत करने का काम किया उनका प्रथम उपन्यास ‘अनाम’ रूप से प्रकाशित हुआ, तब उनकी उम्र लगभग बीस वर्ष की थी। उस उपन्यास की सब जगह चर्चा हुई। जब लोगों को पता चला कि उसे लिखने वाली महिला बीस वर्ष की भी नहीं है तो सभी हैरान रह गये। अपने प्रथम प्रयास की सफलता के बाद देवी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनके एक के बाद एक कई उपन्यास, नाटक और कविताओं का प्रकाशन हुआ। अपने अथक परिश्रम और निष्ठा के कारण जल्दी ही वे एक जाना-पहचाना नाम बन गईं। उनके लेखन में इतनी कम उम्र होने के बावजूद भी एक परिपक्वता झलकती थी। उन्हें पश्चिमी साहित्य और घटनाओं को जानने की भी ललक थी, इसीलिए उनका लेखन अपेक्षाकृत उच्च स्तर पर दिखता था।
स्वर्ण कुमारी देवी के अन्य दो उपन्यास ‘घातक माला’ और ‘अपूर्ण गीत’ भी बहुत चर्चा में आये। उनका अंग्रेजी भाषा में अनुवाद भी हुआ जो लेख में प्रकाशित हुआ। ‘अपूर्ण गीत’ के लिए सुप्रसिद्ध लेखन ई.एम. लेंग्क ने लिखा था। ‘‘स्वर्ण कुमारी देवी (श्रीमती घोषाल) भारत के भविष्य की संरचना करने वाली महिलाओं की पीढ़ी की अग्रज हैं।’’ उन्होंने अपने लिखे उपन्यासों का ही नाट्य रूपान्तरण भी किया। उनका ‘कल्याणी’ उपन्यास अंग्रेजी और जर्मनी भाषा में अनूदित है। उनकी रचनाओं में नारी को उसके प्रगतिशील रूप में पूर्णता और आदर्शवाद के साथ अभिव्यक्त किया गया है। ‘फुलेर माला’ नाम से प्रकाशित उनका बांग्ला अंग्रेजी अनुवाद ‘दे फेटल गारलैंड’ नाम से सन् 1910 में माॅर्डन रिव्यू में प्रकाशित हुआ था। उन्होंने अपनी 14 कहानियों का संग्रह अंग्रेजी में प्रकाशित कराया जबकि उनका एक नाटक रिव्यू में प्रकाशित हुआ था। उन्होंने अपनी 14 कहानियों का संग्रह अंग्रेजी में प्रकाशित कराया जबकि उनका एक नाटक ‘दिव्य कमल’ जर्मन भाषा में ‘प्रिंसेज कल्याणी’ के नाम से चर्चित हुआ। इनके अन्य उपन्यासों में ‘मिबार राज’ (1887)’ ‘चिन्नामुकुल’ (1979), ‘मलाली’ (1879), हगलीर इमाम बड़ी’ (1887), ‘विद्रोहा’ (1890), ‘विचित्रा’ (1920), ‘स्वप्नबानी’ (1921) और ‘मिलन रति’ (1925) शामिल हैं।
सन् 1930 में कलकत्ता विश्वविद्यालय द्वारा बंगाली साहित्य को दी गई इस साहित्य निधि के लिए ‘जंगत तारिणी’ उपाधि से विभूषित करते हुए विशिष्ट सम्मान दिया गया। उनसे प्रेरित होकर उनकी बेटी हिरण्यमयी ने बेलीगंज में ‘विधवा कार्यशाला’ नामक समिति बनायी। स्वर्ण कुमारी देवी ने अपनी पुस्तकों से प्राप्त राॅयल्टी की राशि भी दान कर दी थी। इसके अतिरिक्त उन्हें वैज्ञानिक विषयों में भी बहुत रुचि थी। आगे चलकर उन्होंने शोधपूर्ण निबन्ध भी लिखे। उन्होंने बच्चों के लिए उच्चकोटि के साहित्य की रचना की। सन् 1882 में थियोसोफिकल सोसायटी का महिला संगठन तैयार हुआ। स्वर्ण कुमारी देवी इस संस्था से जुड़ी रहीं। उनकी ‘म्यूटिनी’ एक छोटी कहानी है जो एक ऐसी सती स्त्री की कहानी है जिसने ब्रिटिश साम्राज्यवाद और हिन्दू धर्म के ठेकेदारों को चुनौती दी थी जो उसे चिता में जलाना चाहते थे। उन्होंने अपनी कहानियों में विधवाओं की समस्याओं का हल पुनर्विवाह नहीं बल्कि उनकी बेहतर शिक्षा और आर्थिक सबलता को था। स्वर्ण कुमारी देवी का दूसरा जुनून समाज सेवा था। जो उन्होंने जीवन पर्यन्त किया। 1896 में उन्होंने ‘सखी समिति’ का गठन किया। 3 जुलाई 1932 को कलकत्ता में उन्होंने अन्तिम सांस ली।
(कुमकुम शर्मा-हिफी फीचर)



