
प्रभु श्री राम के नाम की महिमा और राम का स्वामित्व बताने के बाद गोस्वामी तुलसीदास ने रामकथा की महिमा बताते हुए कहा है कि इस अलौकिक कथा को सुनकर कोई आश्चर्य न करे क्योंकि जिस तरह भगवान अनंत हैं, उसी तरह उनकी कथाएं भी अनंत हैं।
बुध विश्राम सकल जनरंजनि, रामकथा कलि कलुष विभंजनि।
राम कथा कलि पंनग भरनी, पुनि विवेक पावक कहंु अरनी।
राम कथा कलि कामद गाई, सुजन संजीवनि भूरि सुहाई।
सोइ बसुधा तल सुधा तरंगिनि, भय भंजनि भ्रम भेक भुअंग्निि।
अर्थात् राम की यह कथा पंडितों को विश्राम देने वाली (उनकी जिज्ञासा को शांत करने वाली), सब मनुष्यों को प्रसन्न करने वाली और कलियुग के पापों का नाश करने वाली है। रामकथा कलियुग रूपी सांप के लिए मोरनी है और विवेक रूपी अग्नि हो प्रकट करने के लिए अरणि (जिसके मंथन से आग पैदा की जाती है)। सारांश यह कि राम की कथा से ज्ञान प्राप्त किया जा सकता है। रामकथा कलियुग में सभी मनोरथों को पूर्ण करने वाली कामधेनु गौ है और सज्जनों के लिए सुन्दर संजीवनी जड़ी (बूटी) है। पृथ्वी पर यही अमृत की नदी है और जन्म-मरण रूपी भय का नाश करने वाली और भ्रम रूपी मेढकों को खाने के लिए सर्पिणी है।
असुर सेन सम नरक निकंदिनि, साधु बिवुध कुल हित गिरि नंदिनि।
संत समाज पयोधि रमासी, विस्व भार भर अचल छमा सी।
जमगन मुहं मसि जग जमुनासी, जीवन मुकुति हेतु जनुकासी।
रामहि प्रिय पावनि तुलसी सी, तुलसिदास हित हियं हुलसी सी।
सिवप्रिय मेकल सैलसुता सी, सकल सिद्धि सुख संपति रासी।
सदगुन सुरगन अंब अदिति सी, रघुबर भगति प्रेम परमितिसी।
यह राम कथा असुरों की सेना के समान नरकों का नाश करने वाली और साधु रूप देवताओं के कुल का हित करने वाली पार्वती (दुर्गा) है। यह संत समाज रूपी क्षीर सागर के लिए लक्ष्मी जी के समान है और सम्पूर्ण विश्व का भार उठाने में अचल पृथ्वी के समान है। यमदूतों के मुख पर कालिख लगाने के लिए यह जगत में यमुना के समान है। यमुना जी का एक नाम यमी भी है और वे यम (मृत्यु के देवता) की बहन बतायी जाती हैं। यमी ने अपने भाई यम से यह वरदान लिया था कि जो मुझ में स्नान करके भाई को रक्षासूत्र बांध देंगी, उनके पास समय से पूर्व यमदूत नहीं पहुंचेंगे, इस कथा के आधार पर ही गोस्वामी तुलसीदास ने कहा कि रामकथा यमदूतों के मुख पर कालिख लगाने वाली यमुना जी के समान है। इसी प्रकार स्वामी तुलसीदास ने तीन लोक से न्यारी काशी (वाराणसी) के बारे में कहा कि रामकथा जीवों को मुक्ति देने के लिए काशी के समान है। काशी में भगवान विश्वनाथ का ज्योतिर्लिंग स्थापित है और ऐसी मान्यता है कि यह नगर भगवान शिव के त्रिशूल पर बसा है, इसलिए तीनों लोकों से अलग है। एक कथा है। राजा हरिश्चन्द्र ने विश्वामित्र जी को स्वप्न में ही अपना राज-पाट दान कर दिया और जब विश्वामित्र ने कहा कि दान के बाद यदि दक्षिणा न दी जाए तो दान पूर्ण नहीं होता है। दक्षिणा देने के लिए जब राजा हरिश्चन्द्र अपने खजाने से मुद्राएं देने लगे तो विश्वामित्र ने कहा कि अब यह खजाना आपका कहां रह गया बल्कि आप जिस पृथ्वी लोक के राजा थे, वह पूरी पृथ्वी ही हमारी हो गयी। इस पर राजा हरिश्चन्द्र ने अपनी पत्नी, पुत्र और स्वयं को काशी में बेचकर विश्वामित्र को दक्षिणा दी थी। काशी इसीलिए मोक्ष की नगरी मानी जाती है और कई लोग वृद्धावस्था में यहां निवास कर अंतिम सांस लेते हैं। गोस्वामी तुलसीदास जी इसीलिए कहते हैं कि राम की कथा जीवन मुक्ति के लिए काशी के समान है। यह कथा श्रीराम को उसी तरह प्रिय है जैसे तुलसी का दल। पूजन कार्यक्रम में भगवान का चरणामृत बनाया जाता है और उसमें जब तक तुलसी की पत्ती नहीं पड़ती तब तक वह अपूर्ण रहता है। यह राम की कथा श्रीराम को तुलसीदास की तरह ही प्रिय है और गोस्वामी तुलसीदास को उनकी माता हुलसी के समान हृदय से हित करने वाली है। यह रामकथा शिव जी को नर्मदा के समान प्यारी है। भगवान शिव का निवास कैलाश पर्वत (उत्तर) की तरफ है, इसीलिए नर्मदा नदी भी दक्षिण से उत्तर की दिशा में प्रवाहित होती है। आमतौर पर नदियां उत्तर से दक्षिण और पूर्व की दिशा में ही बहती हैं। रामकथा सब सिद्धियों और सुख-सम्पत्ति की राशि है। सद्गुण रूपी देवताओं के उत्पन्न और पालन-पोषण करने के लिए माता अदिति के समान है। यह कथा श्री रघुनाथ की भक्ति और प्रेम की परम सीमा सी है।
गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि राम की कथा का ऐसा महात्म्य समझकर रामकथा का श्रवण करना चाहिए।
रामकथा मंदाकिनी चित्रकूट चित चारू।
तुलसी सुभग सनेह बन, सिय रघुवीर बिहारू।
रामकथा मंदाकिनी नदी है। सुन्दर निर्मल चित्त चित्रकूट है और सुन्दर स्नेह ही वन है जिसमें श्री सीता राम जी बिहार करते हैं।
रामचरित चिंतामनि चारू, संत सुमति तिय सुभग सिंगारू।
जन मंगल गुन ग्राम राम के, दानि मुकुति धन धरम धाम के।
सदगुर ग्यान विराग जोग के, विबुध बैद भव भीम रोग के।
जननि जनक सिय राम प्रेम के, बीज सकल व्रत धरम धाम के।
अर्थात् श्री राम जी का चरित्र सुन्दर चिंता मणि है और संतों की सुबुद्धि रूपी स्त्री का सुन्दर श्रृंगार है। श्री रामचन्द्र जी के गुण समूह जगत का कल्याण करने वाले और मुक्ति, धन, धर्म और परमधाम (स्वर्ग) को देने वाले हैं ज्ञान, वैराग्य और योग के लिए अच्छे गुरू हैं और संसार रूपी भयंकर रोग का नाश करने के लिए देवताओं के वैद्य (हकीम) अश्विनी कुमार के समान है। ये श्री सीता रामजी के प्रेम को उत्पन्न करने के लिए माता-पिता हैं और सम्पूर्ण व्रत, धर्म और नियमों के बीज है।
समन पाप संताप सोक के, प्रिय पालक पर लोक लोक के।
सचिव सुभट भूपति विचार के, कुंभज लोभ उदधि अपार के।
काम कोह कलिमल करिगन के, केहरि सावक जनमन बनके।
अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के, कामद धन दारिद दवारि के।
अर्थात् पाप, संताप और शोक का नाश करने वाले तथा इस लोक और परलोक के प्रिय पालन करने वाले हैं। विचार (ज्ञान) रूपी राजा के शूरवीर मंत्री और लोभ रूपी अपार समुद्र को सोखने के लिए अगस्त्य मुनि के समान हैं। भक्तों के मन रूपी वन में बसने वाले काम, क्रोध और कलियुग के पाप रूपी हाथियों को मारने के लिए शेर के बच्चे (शावक) हैं। शिवजी के पूज्य और प्रियतम अतिथि हैं और दरिद्रता रूपी दावानल (वन में लगने वाली आग) को बुझाने के लिए कामना पूर्ण करने वाले मेघ (बादल) के समान हैं।
मंत्र महामनि विषय ब्याल के, मेटत कठिन कुअंक भाल के।
हरन मोह तम दिनकर कर से, सेवक सालि पाल जलधर से।
अर्थात् विषय रूपी सांप का जहर उतारने के लिए मंत्र और महामणि हैं। ये ललाट (मस्तक) पर लिखे हुए बुरे लेखों (मंद प्रारब्ध) को मिटा देने
वाले हैं। अज्ञान रूपी अंधकार का हरण करने के लिए सूर्य की किरणों के समान हैं और सेवक रूपी धान के पालन करने में मेघ (बारिश) के
समान हैं। -क्रमशः
(अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)



