
भरद्वाज मुनि ने याज्ञवल्क्य से जिस संदेह का निवारण करने के लिए विनती की थी, वही सवाल कई लोगों के सामने था और आज भी है। भरद्वाज ने याज्ञवल्क्य से पूछा था राम कौन हैं?
रामु कवन प्रभु पूछउं तोही, कहिअ बुझाइ कृपानिधि मोही।
एक राम अवधेश कुमारा, तिन्ह कर चरित बिदित संसारा।
नारि बिरहँ दुखु लहेउ अपारा, भयउ रोषु रन रावनु मारा।
प्रभु सोइ राम कि अपर कोउ, जाहि जपत त्रिपुरारि।
सत्यधाम सर्बग्य तुम्ह, कहहु विवेकु विचारि।
मुनि भरद्वाज ने कहा कि हे कृपा निधान याज्ञवल्क्य जी, मुझे समझाकर कहिए कि राम कौन हैं? यही मेरा संदेह है। भरद्वाज जी ने कहा कि एक राम तो अवध नरेश दशरथ जी के कुमार (पुत्र) हैं। उनका चरित्र सारा संसार जानता है। उन्होंने स्त्री की विरह में अपार दुख उठाया और
क्रोध आने पर युद्ध में रावण को मारा। भरद्वाज जी ने कहा कि हे मुनि श्रेष्ठ याज्ञवल्क्य जी! वहीं राम हैं अथवा और कोई दूसरे हें जिनको शिवजी जपते हैं। आप (याज्ञवल्क्य जी) सत्य के धाम हैं, सब कुछ जानते हैं, इसलिए मेरे प्रश्न का समाधान ज्ञान और विचार कर कहिए।
जैसे मिटै मोर भ्रम भारी, कहहु सो कथा नाथ बिस्तारी।
जाग बलिक बोले मुसुकाई, तुम्हहि बिदित रघुपति प्रभुताई।
राम भगत तुम मनक्रम बानी, चतुराई तुम्हारि मैं जानी।
चाहहु सुनै रामगुन गूढ़ा, कीन्हिहु प्रस्न मनहंु अति मूढ़ा।
भरद्वाज जी ने कहा कि जिस तरह से मेरा यह भारी भ्रम मिट जाए, आप वही कथा विस्तार पूर्वक कहिए। इस प्रकार मुनि भरद्वाज की विनय और राम कथा को सुनने की प्रबल इच्छा को देखते हुए महर्षि याज्ञवल्क्य ने मुस्कराकर कहा कि श्रेष्ठ ऋषि भरद्वाज। आप मन, वचन और कार्म से राम के भक्त हैं, तुम्हारी चतुराई को मैं जान गया हूं। तुम श्री राम के रहस्य मय गुणों को सुनना चाहते हो, इसी से तुमने ऐसा प्रश्न किया है मानो बड़े ही मूढ़ (मूर्ख) हो। याज्ञवल्क्य जी ने कहा कि हे तात्! तुम आदर पूर्वक मन लगाकर सुनो, मैं श्री रामचन्द्र जी की सुन्दर कथा कहता हूं। याज्ञवल्क्य जी ने कहा कि बड़ा भारी अज्ञान विशाल महिषासुर के समान होता है और श्री रामजी कथा उस महिषासुर रूपी अज्ञान को नष्ट कर देने वाली बालिका अर्थात् महाकाली दुर्गा है।
रामकथा ससि किरन समाना, संत चकोर करहिं जेहि पाना।
ऐसेइ संसय कीन्ह भवानीं, महादेव तब कहा बखानी।
कहउं सो मति अनुहरि अब उमा संभु संवाद।
भयउ समय जेहि हेतु जेहि सुनु मुनि मिटिहि विषाद।
याज्ञवल्क्य जी ने कहा कि श्रीराम की कथा चन्द्रमा की किरणों के समान है, जिसे संत रूपी चकोर सदा पान करते हैं। ऐसा ही संदेह माता पार्वती ने किया था, तब महादेव जी ने विस्तार से उसका उत्तर दिया था। अब मैं अपनी बुद्धि के अनुसार वही उमा (पार्वती) और शिवजी का संवाद कहता हूं, वह जिस समय और जिस हेतु से हुआ, उसे हे मुनि! तुम सुनो, तुम्हारा विषद मिट जाएगा। इस प्रकार याज्ञवल्क्य जी ने उस संवाद को सुनाया।
एक बार त्रेता जुग माहीं, संभु गए कुंभज रिषि पाहीं।
संग सती जगजननि भवानी, पूजे रिषि अखिलेस्वर जानी।
राम कथा मुनि बर्ज बखानी, सुनी महेस परम सुखु मानी।
रिषि पूछी हरि भगति सुहाई, कहीं संभु अधिकारी पाई।
कहत-सुनत रघुपति गुन गाथा, कछु दिन तहां रहे गिरिनाथा।
मुनि सन बिदा मांगी त्रिपुरारी, चले भवन सँग दच्छ कुमारी।
महामुनि याज्ञवल्क्य ने कहा ‘एक बार त्रेतायुग में भगवान शंकर अगस्त्य ऋषि के पास गये। उनके साथ जगत् जननी भवानी सती जी भी थीं। ऋषि अगस्त ने शिवजी को सम्पूर्ण जगत का स्वामी (ईश्वर) जानकर उनका पूजन किया। मुनिवर अगस्त्य जी ने रामकथा विस्तार से कहीं जिसको शिवजी ने बड़े प्यार से सुना। फिर ऋषि अगस्त ने शंकर जी से हरि (विष्णु) की भक्ति के बारे में पूछा। शिवजी ने महर्षि अगस्त को हरि भक्ति का पूर्ण अधिकारी मानकर रहस्य सहित भक्ति का निरूपण किया। इस प्रकार श्री रघुनाथ जी के गुणों की कथाएं कहते-सुनते कुछदिनों तक शिवजी वहां निवास करते रहे और फिर मुनि से विदा मांग कर दक्ष कुमारी सती के साथ अपने घर कैलाश पर्वत की तरफ को चल दिये।
तेहि अवसर भंजन महि भारा, हरि रघुबंस लीन्ह अवतारा।
पिता बचन तजि राज उदासी, दंडक बन विचरत अबिनासी।
हृदय बिचारत जात हर केहि बिधि दरसनु होइ।
गुप्त रूप अवतरेउ प्रभु, गएं जान सबु कोइ।
संकर उर अति छोभु, सती न जानहिं मरमु सोइ।
तुलसी दरसन लोभु, मन डरु लोचन लालची।
भगवान शिव जगत जननी सती के साथ जा रहे थे। यह वह समय था जब पृथ्वी का भार उतारने के लिए (रावण के अत्याचार को नष्ट करने) श्री हरि ने राजा दशरथ के पुत्र के रूप में अवतार लिया था। वे अबिनाशी भगवान उस समय पिता के वचन से राज्य का त्याग करके तपस्वी या
साधु के वेश में दण्डक वन में विचर रहे थे। शिव जी हृदय में विचारते जा रहे थे कि भगवान के दर्शन मुझे किस प्रकार हो। प्रभु ने गुप्त रूप से अवतार लिया है, मेरे जाने से और उनसे मुलाकात करने से सभी लोग जान जायेंगे। श्री शंकर जी के हृदय में इस बात को लेकर बड़ी खलबली
उत्पन्न हुई लेकिन सती जी इस रहस्य को नहीं जानती थीं। गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि शिवजी के मन में भेद खुलने का डर था लेकिन दर्शन के लोभ से उनके नेत्र ललचा रहे थे।
रावन मरन मनुज कर जाचा, प्रभु विधि बचनु कीन्ह चह साचा।
भगवान शंकर समझते थे कि रावण ने ब्रह्मा जी से मनुष्य के हाथ से
वध मांगा है और भगवान ब्रह्मा जी के बचन को सत्य करने के लिए ही मनुष्य रूप में अवतरित हुए हैं। इसलिए राम कौन हैं, यह बात सती को भी नहीं बता सके। -क्रमशः
(अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)



