अध्यात्म

यह सुभ संभु उमा संवादा… 32

महर्षि याज्ञवल्क्य व भरद्वाज का मिलन

कहते हैं व्यक्ति जीवन भर सीखता रहता है। इसका यह तात्पर्य नहीं सभी मूर्ख होते हैं जिनको सीखने की जरूरत पडती है बल्कि ज्ञान की कोई सीमा नहीं है, इसीलिए निरंतर सीखने की कला को ही विज्ञान कहा गया है। विज्ञान में कितनी ही खोजें हो चुकी हैं और निरंतर हो रही हैं। हमारी यह सृष्टि अभी कितने ही रहस्य छिपाये हुए है, इसलिए सदैव ज्ञान लेने का प्रयास करना चाहिए। गोस्वामी तुलसीदास ने महर्षि भरद्वाज और महर्षि याज्ञवल्क्य के मिलन और संवाद के प्रसंग में यही बात समझाई।
भरद्वाज मुनि बसहिं प्रयागा, तिन्हहिं रामपद अति अनुरागा।
तापस सम दम दया निधाना, परमारथ पथ परम सुजाना।
माघ मकरगति जब रबि होई, तीरथ पतिहिं आव सब कोई।
देव दनुज किन्नर नर श्रेनीं, सादर मज्जहिं सकल त्रिबेनी।
गोस्वामी तुलसीदास जी उस प्रसंग का वर्णन करते हुए कहते हैं कि ऋषि भरद्वाज प्रयाग (इलाहाबाद) में बसते हैं। उनका श्रीरामचन्द्र के चरणों में अत्यन्त प्रेम है। वे तपस्वी, निग्रहित चित्त, जितेन्द्रिय, दया के निधान और परमार्थ के मार्ग में बड़े ही चतुर हैं। माघ महीने में जब सूर्य भगवान मकर राशि पर आते हैं, जिसे मकर संक्रांति कहते हैं और देश में यह पर्व विभिन्न नामों से मनाया जाता है, तब सभी लोग तीर्थराज प्रयाग के तट पर आते हैं। देवता, दैत्य, किन्नर, मनुष्यों के समूह सब आदर पूर्वक त्रिवेणी में स्नान करते हैं।
पूजहिं माधव पद जलजाता, परसि अखयबटु हरषहिं गाता।
भरद्वाज आश्रम अति पावन, परम रम्य मुनिबर मन भावन।
तीर्थराज प्रयाग में स्नान कर श्री वेणी माधव जी के चरण कमलों की पूजा करते हैं और वहां मौजूद अक्षयवट का स्पर्श कर उनके शरीर पुलकित होते हैं। यहीं पर भरद्वाज जी का आश्रम बहुत ही पवित्र, रमणीय और श्रेष्ठ मुनियों के मन को भाने वाला अर्थात् बहुत अच्छा लगने वाला है।
तहां होइ मुनि रिषय समाजा, जाहिं जे मज्जन तीरथराजा।
मज्जहिं प्रात समेत उछाहा, कहहिं परसपर हरि गुन गाहा।
ब्रह्म निरुपन धरम विधि बरनहिं तत्व विभाग।
कहहिं भगति भगवंत कै संजुत ग्यान बिराग।
तीर्थराज प्रयाग में जो स्नान करने जाते हैं, उन ऋषि-मुनियों का समाज महामुनि भरद्वाज के आश्रम में जुटता है। प्रातःकाल सब लोग पवित्र संगम में स्नान करते हैं और फिर परस्पर भगवान के गुणों की कथाएं कहते हैं। इन कथाओ में ब्रह्म (ईश्वर) का निरुपण, धर्म का विधान और धर्म के तत्वों के विभाग का वर्णन करते हैं तथा ज्ञान वैराग्य से युक्त भगवान की भक्ति का कथन करते हैं
एहि प्रकार भरि माघ नहाहीं, पुनि सब निज निज आश्रम जाहीं।
प्रति संबत अति होई अनंदा, मकर मज्जि गवनहिं मुनि वंृदा।
एक बार भरि मकर नहाए, सब मुनीस आश्रमन्ह सिधाए।
जाग बलिक मुनि परम बिबेकी, भरद्वाज राखे पद टेकी।
इसी प्रकार माघ के महीने पर मुनि-श्रद्धालु स्नान करते हैं और फिर सभी अपने-अपने आश्रमों को चले जाते हैं। हर साल वहां इसी प्रकार का आनंद होता है। मकर संक्रांति को विशेष स्नान कर मुनिगण चले जाते हैं। एक बार पूरे मकर भर (माघ महीने भर) स्नान कर सब मुनीश्वर अपने-अपने आश्रमों को लौट गये तब परमज्ञानी याज्ञवल्क्य मुनि को महर्षि भरद्वाज के चरण पकड़ कर रोक लिया।
सादर चरन सरोज पखारे, अति पुनीत आसन बैठारे।
करि पूजा मुनि सुजसु बखानी, बोले अति पुनीत मृदुबानी।
नाथ एक संसउ बड़ मोरे, कर गत वेद तत्व सबु तोरे।
कहत सो महि लागत भय लाजा, जौं न कहउं बड़ होइ अकाजा।
ऋ़षि भरद्वाज ने आदरपूर्वक ऋषि याज्ञवल्क्य के चरण धोये और बड़े ही पवित्र आसन पर उन्हें बैठाया। पूजा करके ऋषि याज्ञवल्क्य के सुयश का वर्णन किया। इसके बाद अत्यन्त पवित्र और कोमल वाणी से बोले- ‘हे नाथ! मेरे मन में एक बड़ा संदेह है, वेदों का सब तत्व आपकी मुट्ठी में है अर्थात आप ही वेदों का तत्व जानने वाले होने के कारण मेरे संदेह का निवारण कर सकते हैं। भरद्वाज ऋषि ने कहा लेकिन उस संदेह को कहते मुझे भय और लाज आती है। भय इसलिए कि कहीं आप यह न समझें कि भरद्वाज परीक्षा ले रहे हैं और लाज इसलिए कि आप समझेंगे इतनी आयु बीत गयी, अब तक इस व्यक्ति को ज्ञान ही नहीं हुआ। इस असमंजस के बाद भी यदि नहीं कहता हूं तो बड़ी हानि होगी अर्थात् मेरा संदेह बना रहेगा और मैं अज्ञानी ही बना रहूंगा।
संत कहहिं असि नीति प्रभु श्रुति पुरान मुनि गाव।
होइ न बिमल विवेक उर गुर सन किएं दुराव।
हे प्रभो संत लोग ऐसी नीति कहते हैं वेद और पुराण तथा मुनिजन भी यही बतलाते हैं कि गुरु के साथ छिपाव करने अर्थात् अपने मन की बात न बताने से हृदय में निर्मल ज्ञान नहीं होता है।
अस विचारि प्रगटउं निज मोहू, हरहुनाथ करि जन पर छोहू।
राम नाम कर अमित प्रभावा, संत पुरान उपनिषद गावा।
संतत जपत संभु अबिनासी, सिव भगवान ग्यान गुन रासी।
आकर चारि जीव जग अहहीं, कासीं मरत परम पद लहहीं।
यही सोच कर मैं अपना अज्ञान प्रकट करता हूं। हे नाथ! सेवक पर कृपा करके इस अज्ञान का नाश कीजिए। संतों, पुराणों और उपनिषदों में राम नाम के असीम प्रभाव का गान किया गया है। कल्याण स्वरूप ज्ञान और गुणों की राशि अविनाशी भगवान शंकर भी निरंतर राम नाम का जप करते रहते हैं। संसार में चार जाति (प्रकार) के जीव हैं। काशी जो भगवान शिव की नगरी है, उसमें मृत्यु होने से सभी परम पद को प्राप्त करते हैं।
सोपि राम महिमा मुनिराया, सिव उपदेसु करत करिदाया।
हे मुनिराज! वह भी राम की ही महिमा है क्योंकि शिव जी महाराज दया करके रामनाम का ही उपदेश करते हैं। इसी से काशी में मरने वालों को परम पद मिलता है। इस प्रकार ज्ञान लेने के लिए श्री भरद्वाज ने मुनि याज्ञवल्क्य की प्रशंसा करके तब अपना संदेह जताया। गुरू से ज्ञान प्राप्त करने का यही उत्तम तरीका है।-क्रमशः (अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button