अध्यात्म

सूर्य उपासना व लोक आस्था का महापर्व

सूर्य उपासना और लोक आस्था का अनुपम पर्व छठ महापर्व इस वर्ष 13 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धा के साथ मनाए जाने वाले इस पर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की जाती है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती कठोर नियमों का पालन करते हुए उपवास करते हैं तथा डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। छठ पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सूर्य, प्रकृति, जल और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की भारतीय परंपरा का भी प्रतीक है। पर्व के दौरान शुद्धता, सात्विकता, संयम और श्रद्धा का विशेष महत्व माना गया है।
छठ महापर्व का पहला दिन शुक्रवार, 13 नवंबर को नहाय-खाय के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन व्रती स्नान के बाद घर और रसोई की शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हैं। परंपरा के अनुसार सात्विक भोजन ग्रहण किया जाता है। कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल जैसे पारंपरिक भोजन का विशेष महत्व है। दूसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद संध्या में विधि-विधान से पूजा करते हैं और गुड़ की खीर, रोटी तथा फल का प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना के बाद लगभग 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत होती है।
छठ महापर्व का प्रमुख दिन रविवार, 15 नवंबर होगा। इस दिन व्रती परिवार के साथ छठ घाट, नदी, तालाब अथवा अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। बांस के सूप और टोकरी में ठेकुआ, फल, गन्ना, नारियल तथा अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाकर सूर्यदेव की पूजा की जाती है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 15 नवंबर को सूर्यास्त लगभग शाम 5.16 बजे रहेगा। हालांकि अघ्र्य का वास्तविक समय स्थानीय घाट और क्षितिज की स्थिति के अनुसार कुछ मिनट अलग हो सकता है। छठ का अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर को होगा। व्रती प्रातःकाल घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद छठी मैया और सूर्यदेव से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य तथा संतान
के कल्याण की प्रार्थना करके व्रत
का पारण किया जाएगा। लखनऊ में 16 नवंबर को सूर्योदय लगभग
सुबह 6.26 बजे रहेगा। उषा अघ्र्य
के बाद ही व्रत का समापन किया जाएगा।
छठ पर्व की सबसे विशिष्ट परंपराओं में से एक है- डूबते और उगते दोनों सूर्य को अघ्र्य देना। डूबते सूर्य को अर्घ्य देना जीवन में सूर्य के योगदान के प्रति कृतज्ञता का भाव माना जाता है, जबकि उगते सूर्य की उपासना नई ऊर्जा, प्रकाश और सकारात्मक शुरुआत का प्रतीक मानी जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार सूर्यदेव की उपासना से आरोग्य, ऊर्जा और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है तथा छठी मैया की पूजा परिवार और संतान के कल्याण से जुड़ी मानी जाती है। छठ का महापर्व हमें प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति सम्मान के साथ-साथ संयम, स्वच्छता, सेवा और श्रद्धा का महत्व भी समझाता है। यही कारण है कि यह पर्व आज बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की सीमाओं से आगे बढ़कर देश के अनेक राज्यों और विदेशों में भी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।
(ज्योतिषाचार्य पं. पुनीत दुबे-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button