लेखक की कलम

ऊदा देवी: अंग्रेजों से लोहा लेने वाली दलित महिला सैनिक

ऊदा देवी समाज के हाशिए पर खड़ी एक ऐसी स्त्री का नाम है, जिसके शौर्य, साहस और शहादत पर भारतीय इतिहासकारों ने कम लिखा है। ऊदा देवी के बलिदान को अंग्रेज अधिकारियों और पत्रकारों ने अपने संस्मरणों और रिपोर्ट में अपेक्षाकृत अधिक लिखा है। ब्रिटिश सार्जेण्ट फाॅब्र्स मिशेल ने अपने एक संस्मरण में बिना नाम लिए सिकन्दर बाग में पीपल के एक बड़े पेड़ के ऊपर बैठी एक ऐसी स्त्री का उल्लेख किया है जो अंग्रेजी सेना के बत्तीस से ज्यादा सिपाहियों और अफसरों को मार गिराने के बाद शहीद हुई थीं ‘लन्दन टाइम्स’ का तत्कालीन युवा संवाददाता विलियम हावर्ड रसेल जो उन दिनों लखनऊ में ही था, ने लड़ाई का जो डिस्पैच लन्दन भेजा, उसमें उसने पुरुष वेष में
एक स्त्री के पीपल के पेड़ से फायरिंग करके ब्रिटिश सेना को भारी नुकसान पहुंचाने का प्रमुखता से उल्लेख किया गया था। लंदन के कई दूसरे अखबारों ने भी ऊदा देवी की वीरता पर लेख प्रकाशित किये थे। सम्भवतः ‘लंदन टाइम्स’ में प्रकाशित खबरों के आधार पर कार्ल माक्र्स ने भी अपनी टिप्पणी में इस घटना को समुचित स्थान दिया था।
ऊदा देवी के जन्म की ठीक-ठीक तारीख तो कहीं दर्ज़ नहीं है फिर भी अधिकांश स्रोतों के अनुसार उनका जन्म 30 जून 1830 को लखनऊ के पास उजरियाँव गांव में एक पासी परिवार में हुआ था। (कुछ विवरणों में उनके जन्म की तारीख 14 अप्रैल 1829 भी मिलती है)
धीरे-धीरे समय आगे बढ़ा और वे बड़ी हुई और उस समय की परम्परा के अनुसार बहुत कम उम्र में ही उनका विवाह मक्का पासी नामक युवक के साथ हो गया। वे ससुराल पहुंच गईं जहां उन्हें परम्परा के अनुसार नया नाम जगरानी दिया गया।
सन् 1847 में उत्तरी भारत में अवध के बादशाह अमजद अली शाह के पुत्र वाजिद अली शाह ने छठवें बादशाह के रूप में अवध की गद्दी संभाली थी। सत्ता संभालते ही उन्होंने अंग्रेजों से लोहा लेने के लिए रंगरूटों की भर्ती करनी शुरू कर दी। उसी समय ऊदा देवी के पति मक्का पासी भी वाजिद अली शाह के सैन्य दस्ते में शामिल हो गए।
इतिहास में दर्ज़ है कि अवध के बादशाह वाजिद अली शाह ने अपनी कुछ बेगमों को भी सैनिक योग्यता दिलाई थी। उन्होंने अपने जनानखाने की रक्षा के उद्देश्य से तीस फुर्तीली स्त्रियों का एक सुरक्षा दस्ता भी बनाया था जिसे अपेक्षानुरूप सैनिक प्रशिक्षण भी दिया गया। ऊदा देवी सम्भवतः पहले इसी दस्ते की सदस्य रही हांेगी क्योंकि बादशाह बनने के बाद उन्होंने इस दस्ते को भंग करके बाकायदा एक स्त्री पलटन खड़ी की थी जिसकी वर्दी काली रखी गई थी। कुछ इतिहासकार ये भी कहते हैं कि अपने पति मक्का पासी को देश की आजादी के लिए शाह के दस्ते में शामिल होता देख ऊदा देवी को भी प्रेरणा मिली और वह वाजिद अली शाह के महिला दस्ते में भर्ती हो गई होंगी।
सन् 1857 की क्रांति का देश मैं जिन जगहों पर अधिक असर पड़ा उनमें लखनऊ प्रमुख था। लखनऊ का रेजीडेन्सी और सिकन्दरबाग का इलाका इन घटनाओं का गवाह बना। चिनहट के पास इस्माइल गंज में हेनरी लाॅरेंस के नेतृत्व में ईस्ट इण्डिया कम्पनी की फौज की मौलवी अहमद उल्लाह शाह की अगुवाई में संगठित विद्रोही सेना से ऐतिहासिक लड़ाई हुई थी। चिनहट की इस लड़ाई में भारतीय सेना को विजय प्राप्त हुई थी। हेनरी लाॅरेंस के नेतृत्व वाली फिरंगी फौज युद्ध का मैदान छोड़कर भाग खड़ी हुई। यह घटना प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। देश को गौरवान्वित करने वाली और स्वाधीनता सेनानियों का मनोबल बढ़ाने वाली इस लड़ाई में अनेक दूसरे भारतीय सैनिकों के साथ ऊदा देवी के पति मक्का की भी शहादत हुई थी। पति के शव को देखकर ऊदा देवी ने उनकी श्हादत का बदला लेने की शपथ ली थी। अपनी इस प्रतिज्ञा को पूरा करने का अवसर ऊदा देवी को चिनहट के महा संग्राम की अगली कड़ी यानी लखनऊ के सिकन्दरबाग लड़ाई में मिला। अंग्रेजों की सेना चिनहट की पराजय का बदला लेने और रेजीडेेंसी को बागियों के कब्जे से मुक्त करने की तैयारी कर रही थीं। उन्हें पता चला कि लगभग दो हजार विद्रोही सेनिकों ने लखनऊ के सिकन्दरबाग में शरण ले रखी है। 16 नवम्बर 1857 को हाइलैण्ड रेजिमेण्ट के अधिकारी काल्विन कैम्पवेल के नेतृत्व में अंग्रेज सैन्य अफसरों ने एक सोची समझी रणनीति के तहत सिकन्दरबाग की उस समय घेराबन्दी की गई तब विद्रोही सैनिक या तो सो रहे थे या बिल्कुल असावधान थे। ऊदा देवी के नेतृत्व वाली बेगम हजरत महल की स्त्री सेना की टुकड़ी भी हमले के वक्त इसी बाग में थी। चैथी पंजा इंफैण्ट्री और 93-हाइलैण्ड बटालियन की अचानक हुई घेराबंदी और इसके लिए तत्कालीन रूप से असावधान सैनिकों का बेरहमी से संहार करते हुए ब्रिटिश सेना आगे बढ़ रही थी। तमाम विद्रोही सैनिक मारे जा चुके थे। ब्रिटिश रणनीति और स्थानीय सैनिकों की असावधानी से विद्रोह के मतवालों को पराजय साफ दिखाई दे रही थी।
ऐसी स्थिति में ऊदा देवी अवसर पाकर हाथों में बंदूक और कंधों पर भरपूर गोला बारूद लेकर पास के पीपल के एक ऊँचे बड़े पेड़ पर चढ़ गईं। जब ब्रिटिश अधिकारी और सैनिक मैदान के उस हिस्से में आए तो ऊदा देवी ने एक-एक करके उनको निशाने पर लेना शुरू कर दिया। विशाल पेड़ की डालियों और पत्तों के पीछे छिपकर उन्होंने हमलावर ब्रिटिश सैनिकों को सिकन्दर बाग के उस हिस्से में तब तक निशाने पर रखा जब तक उसे देख नहीं लिया गया। अपने तीस से ज्यादा सैनिकों के मारे जाने से अंग्रेज अफसर खौफज़दा थे। उन्हें समझ में नहीं आ रहा था कि आखिरकार गोलियाँ कहाँ से चल रही हैं। ऊदा देवी ने अकेले ब्रिटिश सेना के दो बड़े अफसरों कूपर और लैम्सडन सहित 32 अंग्रेज सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया था। जब उन्होंने आसपास देखने और पता लगाने की कोशिश की तब पता चला कि कोई पीपल के पेड़ के झुरमुट से छिपकर गोलियाँ चला रहा है। पता लगते ही अंग्रेजों ने पेड़ पर निशाना साधते हुये अंधाधुंध फायरिंग की। गोलियाँ लगते ही ऊदा देवी नीचे गिर पड़ीं। ऊदा देवी वीर गति को प्राप्त हो गईं थीं। अंग्रेज सेना के अधिकारी जब पास पहुंचे तब उन्होंने देखा कि जिसे वे पुरुष समझ रहे थे वह तो एक स्त्री थी। कैम्पवेल भी सैनिक के रूप में इस बहादुर महिला को देखकर हैरान रह गया था। ब्रिटिश सैनिक उनके इस अदम्य साहस से अचम्भित थे। उन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस जंग के लगभग एक साल बाद इस युद्ध की दर्दनाक तस्वीरें खींचने के लिये मशहूर इतालवी फोटो ग्राफर फेलिस बीटो ने सिकन्दरबाग की एक तस्वीर ली थी। सफेद स्याह इस तस्वीर में इधर-उधर बिखरे पड़े नरकंकाल चीख-चीखकर युद्ध की भयावहता की कहानी बता रहे थे। ऊदा की वीरता पर उस समय अनेक लोकगीत लिखे गये। ऊदा देवी की शहादत को भारतीय इतिहास ने उचित सम्मान नहीं दिया था क्योंकि इसका कारण उनका नाॅन डोमिनेंट कास्ट यानी अप्रभुत्व वाली पासी जाति से होना था।
16 नवम्बर 1857 को लखनऊ में उन्हें वीरगति प्राप्त हुई। सिकन्दर बाग चैराहे पर लखनऊ में आज भी उनके नाम पर एक पार्क है जिसमें उनकी मूर्ति लगी हुई है, जो उनके इस अतुलनीय बलिदान की याद दिलाती रहती है।

(कुमकुम शर्मा-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button