लेखक की कलम

राजस्थान में कमल पर हाथ भारी

राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज है, जहां कांग्रेस ने ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह बढ़त और जीत दर्ज की है, वहीं भाजपा के कई दिग्गज नेताओं के इलाकों में पार्टी को झटका लगा है।कांग्रेस ने जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में कई जिलों में जीत हासिल की है, जबकि आरएलपी, बीएपी (बाप) और निर्दलीयों ने भी कुछ सीटों पर जीत दर्ज की है। राहुल गांधी ने ग्रामीण मतदाताओं का आभार जताते हुए महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और पंचायतों के अधिकारों के मुद्दे उठाए हैं।
हर कोई यहीं कयास लगा रहा था कि इस बार राजस्थान पंचायत चुनाव में बीजेपी की डबल इंजन सरकार राज्य में कब्जा कर लेगी। हर तरफ बीजेपी का बोलबाला रहेगा लेकिन पंचायत चुनाव के जो नतीजे सामने आए हैं उसके बाद हर कोई अचरज में है कि आखिर राजस्थान की सत्ता में ऐसा उलटफेर कैसे और क्यों हुआ? चुनाव में कुल 29,177 उम्मीदवार मैदान में थे और 2 करोड़ 48 लाख 63 हजार 783 वोट डाले गए थे। जिला प्रमुख के चुनाव 25 नवंबर और उप जिला प्रमुख के 26 नवंबर को होंगे। प्रधान के चुनाव 27 नवंबर तथा उप प्रधान के 28 नवंबर को होंगे।
राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 के तहत 37 जिलों की 1,275 जिला परिषद सीटों और 419 पंचायत समितियों की 7,543 सीटों के नतीजे जब सामने आए तो जिला परिषदों की मतगणना के अंतिम परिणामों में कांग्रेस ने एकतरफा दबदबा कायम किया । कुल 37 जिला परिषदों में से 23 जिलों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला, जबकि सत्ताधारी दल भाजपा महज 5 जिलों में ही बहुमत हासिल कर पायी। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस की जोरदार जीत के बाद 20 नवम्बर को राज्य की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उसके जाने का समय आ चुका है। गहलोत ने कहा कि गांवों की समस्याओं को नजरअंदाज करना भाजपा को भारी पड़ा। कांग्रेस की जीत के पीछे कई वजहें हैं। कांग्रेस ने राजस्थान में अपनी बूथ मजबूती बढ़ाई है। चुनाव से ठीक पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का काम सही तरीके से किया गया। मंडल, ब्लॉक और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ी है। इतना ही नहीं, कांग्रेस की एकजुटता और मॉनिटरिंग में भी सुधार हुआ है। इस बार चुनाव के दौरान कांग्रेस के अंदर चल रहे राजनीतिक तनाव को दूर रखा गया। चुनाव में कांग्रेस नेताओं ने आपसी मतभेदों को किनारे रखकर एकजुटता दिखाई जिसका सीधा असर कांग्रेस की ब्रांडिंग पर हुआ है। इसके साथ ही इस बार कांग्रेस ने युवा चेहरों को मौका दिया। टिकट काटते वक्त युवाओं को प्राथमिकता दी गई और स्थानीय स्तर पर सहमति बनाकर प्रत्याशियों का चयन किया गया। जेनजी आंदोलन के बाद युवाओं को मौके देने से लोगों ने कांग्रेस पर सीधा भरोसा जताया है। ये भी कह सकते हैं कि युवाओं ने कांग्रेस का समर्थन किया है।
नागौर में हनुमान बेनीवाल की आरएलपी ने 1 जिला परिषद पर कब्जा जमाया है, वहीं 8 जिलों में किसी भी एक दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिल पाया है। 1275 जिला परिषद सीटों में कांग्रेस को 794, बीजेपी को 357, आरएलपी को 51, भारत आदिवासी पार्टी को 43 और निर्दलीयों को 13 सीटें मिली हैं।
नागौर जिला परिषद पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने कब्जा जमाया है। शेष 8 जिला परिषदों में किसी भी एक दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। इन 8 त्रिशंकु जिलों में निर्दलीय और क्षेत्रीय दल जिला प्रमुख तय करेंगे।
जयपुर जिला परिषद के चुनावी नतीजों में आरक्षित सीटों पर कांग्रेस ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए विरोधियों का सूपड़ा साफ कर दिया । पार्टी ने अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सभी 8 वार्डों पर अपना कब्जा जमाया है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के भी सभी 8 वार्ड कांग्रेस के खाते में गए हैं।चुनावी नतीजों में अनारक्षित (सामान्य) सीटों पर ओबीसी उम्मीदवारों का स्पष्ट वर्चस्व देखने को मिला है। कुल 13 अनारक्षित सीटों में से 9 सीटों पर ओबीसी प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। इसके साथ ही सामान्य महिला वर्ग की 14 सीटों में से 11 सीटों पर भी ओबीसी महिला उम्मीदवारों ने विजय हासिल की है। ईवीएम में तकनीकी खराबी से नतीजे प्रदर्शित न होने पर राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले के 5 मतदान केंद्रों पर पूर्व मतदान को शून्य घोषित कर 22 नवंबर को पुनर्मतदान के आदेश दिए । इस दिन सुबह 7 से शाम 6 बजे तक जिला परिषद क्षेत्र 13 (बूथ 60), क्षेत्र 52 (बूथ 81), पंचायत समिति दूदू क्षेत्र 6 (बूथ 62), शाहपुरा क्षेत्र 6 (बूथ 34) और चैमूं क्षेत्र 25 (बूथ 142) पर दोबारा वोट डाले गये।
जयपुर जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा से 7.97 फीसद अधिक वोट हासिल करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की है, जिसमें घोषित 55 में से 41 सीटों पर कांग्रेस, 12 पर भाजपा और 2 पर आरएलपी विजयी रही। इस चुनाव में भाजपा को सबसे बड़ा झटका निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चैपड़ा की वार्ड-18 से हार के रूप में लगा, जिन्हें कांग्रेस के सुनील कुमावत ने दोगुने वोटों से हराया।जयपुर जिला परिषद के इस चुनाव में जीत दर्ज करने वाली महिला उम्मीदवारों की संख्या पुरुष विजेताओं से अधिक रही है। महिलाओं के लिए कुल 27 सीटें आरक्षित थीं, लेकिन इसके अलावा अनारक्षित (सामान्य) सीटों पर भी महिला प्रत्याशियों ने दमदार चुनौती पेश की। इसी कड़ी में वार्ड नंबर 18 से रमा चैपड़ा और वार्ड नंबर 55 से मंजू सैनी मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में चुनावी मैदान में डटी रहीं।
जयपुर जिला परिषद के वार्ड नंबर 12 के कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी मोहनलाल दादरवाल ने कांग्रेस के मोहन डागर को महज 255 वोटों के मामूली अंतर से शिकस्त दी है। मतगणना में दादरवाल को कुल 11,220 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मोहन डागर 10,965 वोट हासिल कर बेहद करीब आकर चूक गए।भाजपा नेता पृथ्वी सिंह भियाड़ ने पंचायत चुनाव परिणाम पर बाड़मेर के बीजेपी जिला अध्यक्ष की धर्मपत्नी की पंचायत समिति में हार उन्हें अनोखे अंदाज में बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनका टिकट काटे जाने से ही पार्टी की हार हुई।
बालोतरा की सिवाना पंचायत समिति के वार्ड-9 से आरएलपी प्रत्याशी पोपटलाल को महज 35 वोटों के साथ लगातार 15वीं चुनावी हार मिली है। वे अब तक चार लोकसभा, चार विधानसभा, पांच सरपंच और एक जिला परिषद चुनाव हार चुके हैं। इस बार निर्दलीय उतरीं उनकी पत्नी गीता देवी को भी हार झेलनी पड़ी।सीकर जिला परिषद चुनाव के वार्ड नंबर 3 से आरएलपी प्रत्याशी बबिता झूरिया ने इंस्टाग्राम रील्स के जरिए खूब सुर्खियां बटोरीं, लेकिन चुनावी मैदान में हार गईं। यहां कांग्रेस रजनी 995 वोटों से जीती हैं। कांग्रेस की रजनी को 8112 वोट मिले हैं। रनरअप गणपति को 7112 वोट मिले हैं। बबीता को 5783 वोट मिले।
इस प्रकार राजस्थान के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों और जिला परिषदों के 20नवम्बर को घोषित चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की । राज्य की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी जयपुर में अपना किला बचाने में नाकाम रही।
(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button