करिश्मा के साथ सैफ के डांस पर करीना ने लिया मजा

बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान इन दिनों फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या की अपकमिंग फिल्म ये प्रेम मोल लिया को लेकर काफी उत्साहित हैं। सूरज बड़जात्या अपनी पारिवारिक फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी नई फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसी बीच करीना कपूर को सुबह-सुबह अपनी बहन करिश्मा कपूर और पति सैफ अली खान का एक पुराना वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो साल 1999 में आई फिल्म हम साथ-साथ हैं का है, जिसमें सैफ और करिश्मा एक साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए करीना ने मजेदार अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी है। करीना कपूर ने बुधवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर हम साथ-साथ हैं का एक सीन शेयर किया। इस वीडियो में सैफ अली खान और करिश्मा कपूर साथ डांस करते दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में सैफ ने विनोद और करिश्मा ने सपना का किरदार निभाया था। इस सीन में दोनों परिवार के सदस्यों की नकल करते हुए नई दुल्हन साधना यानी तब्बू को अपने परिवार से मिलवाते हैं। साधना की शादी फिल्म में सैफ के ऑनस्क्रीन भाई विवेक यानी मोहनिश बहल से होती है। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में करिश्मा और सैफ एक-दूसरे के प्रेमी बने थे। इस वीडियो को शेयर करते हुए करीना ने लिखा, श्आज सुबह उठते ही यह देखा। किसे पता था कि सैफू अपनी होने वाली साली के साथ डांस कर रहे होंगे। मुझे यह बहुत पसंद आया। (हिफी)



