फिल्मी

स्कैम-2010 में दिखेगी सुब्रत राय सहारा की झलक

सुब्रत रॉय की दुनिया की एक झलक दिखाती स्कैम 2010 जनवरी 2027 में स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी। ये सीरीज विशेष रूप से ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर रिलीज होगी। वहीं इस सीरीज के लीड एक्टर सिद्धार्थ बोडके की बात करें तो वह मराठी मनोरंजन जगत का जाना-माना नाम हैं। उन्होंने मराठी टीवी शो तू अशी जवली रहा से सुर्खियां बटोरी थीं। इसके अलावा वह गुम है किसी के प्यार में में भी नजर आ चुके हैं। सिद्धार्थ दृश्यम 2, देवा में भी नजर आ चुके हैं। इसके अलावा पुन्हा शिवाजीराजे भोसले और श्रीदेवी प्रसन्ना का भी हिस्सा रह चुके हैं।
ओटीटी पर एक और नए स्कैम की कहानी दस्तक देने वाली है। सहारा ग्रुप के संस्थापक सुब्रत रॉय के जीवन पर आधारित स्कैम 2010 अब ओटीटी पर रिलीज होने के लिए तैयार है। स्कैम 2010 के मेकर्स ने स्कैम फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त का पहला टीजर जारी कर दिया है। ये फर्स्ट लुक टीजर सहारा ग्रुप के संस्थापक सुब्रत रॉय की जिंदगी और दुनिया की झलक दिखाता है। इस सीरीज में सिद्धार्थ बोडके लीड रोल में नजर आने वाले हैं। सीरीज में वह सहारा ग्रुप के संस्थापक सुब्रत रॉय की भूमिका में दिखाई देंगे। स्कैम 2010 में सुब्रत रॉय से जुड़े विवाद देखने को मिलेंगे और इसी के साथ हंसल मेहता एक बार फिर वित्तीय घोटाले की कहानी दिखाने वाले हैं।
स्कैम 2010 के टीजर की शुरुआत स्कैम फ्रेंचाइजी के पहले सीजन से होती है, जिसमें प्रतीक गांधी नजर आते हैं। इसके बाद दूसरे सीजन की झलक देखने को मिलती है और फिर सुब्रत रॉय के लुक में सिद्धार्थ बोडके नजर आते हैं। कैमरा सिद्धार्थ पर फोकस होता है, जो सूट-बूट पहने एक होटल लॉबी में नजर आते हैं और कहते हैं- लोगों का हम पर भरोसा और यकीन है। और फिर इसके बाद वह होटल के गलियारे से गुजरते हुए एक और डायलॉग मारते हैं। वह कहते हैं- हम लोगों के लिए एक सहारा हैं, और ये सहारा अभी तक हारा नहीं है। टीजर जारी होते ही दर्शकों ने अब इस पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया है और इसे लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं। स्कैम फ्रेंचाइजी अपने कलाकारों के जबरदस्त अभिनय के साथ-साथ अपने वन लाइनर्स के लिए भी मशहूर है। हर्षद मेहता पर बनी स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी में रिस्क है तो इश्क है! डायलॉग काफी चर्चा में रहा था और फिर इसके बाद आई स्कैम 2003 के डायलॉग डेयरिंग तो करना पडे़गा ना डार्लिंग ने भी काफी सुर्खियां बटोरीं। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button