मेरा याद बजरंगी मंे रविकिशन का नया रूप

अभिनेता-राजनेता रवि किशन अपनी आने वाली फिल्म मेरा यार बजरंगी- दोस्ती हो तो ऐसी के जरिए अपने अभिनय करियर का एक नया पहलू दिखाने जा रहे हैं। यह एक भक्तिपूर्ण ड्रामा फिल्म है, जो अगले साल दिवाली पर रिलीज होगी। यह फिल्म एक आम आदमी और भगवान के बीच की दोस्ती की कहानी है, जिसमें भक्त और बजरंग बली के रिश्ते को मुख्य रूप से दिखाया गया है। महावीर जैन फिल्म्स ने फिल्म के टाइटल और रिलीज की तारीख की घोषणा कर दी है। फिल्म का पहला लुक सामने आया है, जो दोस्ती के जरिए आस्था को एक नए नजरिए से पेश करता है।
फिल्म के पहले पोस्टर में एक फिस्ट बंप के जरिए इस अनोखे रिश्ते की झलक दिखाई गई है। एक हाथ एक आम आदमी का है, जिसने रुद्राक्ष और रक्षा सूत्र पहन रखा है, जबकि दूसरा हाथ बजरंग बली का है, जिन्होंने श्री राम नाम का पटका और रुद्राक्ष की माला पहनी हुई है। इन दोनों के बीच एक खास जुड़ाव नजर आता है, जो फिल्म की टैगलाइन दोस्ती हो तो ऐसी को सही साबित करता है। रवि किशन, जो अब तक 200 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्होंने मुख्य रूप से भोजपुरी और हिंदी सिनेमा के साथ ही कुछ तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग का दमखम दिखाया है। इस फिल्म में एक ऐसे आम आदमी के रूप में नजर आएंगे, जो भगवान का परम भक्त है। उनका यह अवतार दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा होगा। मिर्जापुर: द फिल्म में नजर आने के बाद यह रवि किशन के करियर की एक और महत्वपूर्ण फिल्म है। हनुमान अंश जैसी फिल्मों की सफलता के बाद मेरा यार बजरंगी के मेकर्स भी इसी तरह की कहानी के जरिए दर्शकों तक पहुंचना चाहते हैं। (हिफी)



