फिल्मी

उपासना बनी टीवी कलाकार संघ की अध्यक्ष (हिफी डेस्क-हिफी फीचर)

फिल्म और टीवी कलाकारों की संस्था सिन्टा में कई महीनों से विवाद चल रहा है। अब इस मामले में नया मोड़ आया है। ‘कपिल शर्मा शो’ की ‘बुआ’ उपासना सिंह ने कहा है कि उनकी कमेटी ने 27 अक्टूबर को पूजा-हवन के साथ नई कार्यकारिणी कमेटी का गठन कर आधिकारिक तौर पर अध्यक्ष (प्रेसिडेंट) का पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने संस्था के 73 लाख रुपये को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उपासना का आरोप है कि संस्था की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) तोड़कर पैसे दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। उनका कहना है कि यह पैसा कलाकारों का है। इसका इस्तेमाल उनकी मदद के लिए होना चाहिए था।
सिन्टा में विवाद अगस्त में शुरू हुआ था। उस समय संस्था के कामकाज को लेकर मतभेद सामने आए। इसके बाद 11 सदस्यों ने कार्यकारी समिति से इस्तीफा दे दिया। उस समय पूनम ढिल्लों संस्था की अध्यक्ष थीं। पद्मिनी कोल्हापुरी वरिष्ठ उपाध्यक्ष थीं। उपासना सिंह, उस समय जनरल सेक्रेटरी थीं। 7 अगस्त को 50 प्रतिशत से ज्यादा सदस्यों के इस्तीफे के बाद पुरानी कमेटी कानूनन भंग हो गई थी।
इसके बाद 12 सितंबर को नए चुनाव हुए। ये चुनाव फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज की निगरानी में कराए गए। उपासना के मुताबिक, इन चुनावों में उन्हें सबसे ज्यादा वोट मिले। हालांकि, पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरी के गुट ने चुनाव पर सवाल उठाए। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। मामला कोर्ट तक पहुंच गया। विवाद के बीच 20 अक्टूबर को दूसरे गुट ने अलग चुनाव करा दिए। उपासना सिंह ने इसका विरोध किया। इसके बाद बॉम्बे हाई कोर्ट में अवमानना याचिका दायर की गई। 22 अक्टूबर को कोर्ट ने दूसरे गुट को कारण बताओ नोटिस जारी किया। कोर्ट ने यह भी कहा कि 20 अक्टूबर को हुए चुनाव के नतीजों पर अमल नहीं किया जाए। उपासना के मुताबिक, पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरी को 18 नवंबर को कोर्ट में अपना पक्ष रखना है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से उनका न्याय व्यवस्था पर भरोसा बढ़ा है। उपासना सिंह ने संस्था के पैसों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि संस्था के खातों का काम देखने वाले व्यक्ति ने उन्हें बताया कि 73 लाख रुपये की एफडी तोड़ी गई है। उपासना के मुताबिक, चार बैंकों ने संस्था के खातों को सामान्य तरीके से चलाने की इजाजत नहीं दी। इसके बाद पंजाब नेशनल बैंक में एक खाता खोला गया। उनका आरोप है कि एफडी से निकाली गई रकम इस खाते में ट्रांसफर की गई। उपासना ने कहा कि वह इस पैसे का हिसाब लेंगी। उनकी कमेटी रकम वापस लाने की कोशिश भी करेगी। उन्होंने कहा कि यह पैसा कलाकारों की मदद के लिए जमा किया गया था। उपासना सिंह ने कहा कि इस रकम से जरूरतमंद कलाकारों का इलाज कराया जा सकता था। आर्थिक परेशानी में फंसे सदस्यों की भी मदद हो सकती थी। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button