हास्टल से स्पा सेंटरों तक देह व्यापार!

एक ओर महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे और मिशन शक्ति अभियान है। दूसरी ओर देश के अलग-अलग शहरों में स्पा सेंटर की आड़ में देह के कारोबार की खबरें काफी चिंता जनक है। हाल के दिनों में अप्रैल में ही उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही अवैध गतिविधियों (देह व्यापार) के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। हालिया छापों में देवरिया, यूपी में अप्रैल 2026 के दूसरे सप्ताह में पुलिस ने कई स्पा सेंटरों पर छापेमारी की, जिसमें देह व्यापार के आरोप में कई युवक और युवतियों को हिरासत में लिया गया। रामपुर, यूपी जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस की संयुक्त टीम ने नियमों का पालन न करने और अवैध गतिविधियों के शक में 6 से अधिक स्पा सेंटरों को सील किया।
नोएडा, यूपी: फरवरी 2026 में, मिशन मुक्ति फाउंडेशन की शिकायत पर, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने छापेमारी कर तीन स्पा सेंटरों से 24 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोप था कि यहाँ व्हाट्सएप के जरिए अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं। इसी प्रकार मेरठ में जनवरी 2026 में चार स्पा सेंटरों में छापेमारी की गई, जहाँ से 20 युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया गया। इनके पास से आपत्तिजनक सामग्री भी मिली। इसके साथ ही बिलासपुर (छत्तीसगढ़), झालावाड़ (राजस्थान), और सीधी (मध्य प्रदेश) में भी पुलिस ने स्पा सेंटरों पर छापा मारकर अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया और संदिग्ध लोगों को पकड़ा।
सवाल है कि ओयो और स्पा सेंटर क्या अनैतिक धंधों के सबसे बड़े केंद्र बन गए हैं? हाल ही में यूपी के मेरठ शहर में तो हद हो गई, साइन बोर्ड लगा था- कंप्यूटर चलाना सीखें, जॉब वर्क पाएं। बाहर से देखने पर यह जगह एक सामान्य कंप्यूटर सेंटर लगती थी लेकिन जब पुलिस अंदर पहुंची, तो कहानी पूरी तरह अलग निकली। जिस जगह पर कंप्यूटर और लैपटॉप की क्लास चलने की उम्मीद थी, वहां दरअसल एक स्पा सेंटर चल रहा था। आरोप है कि यहां जिस्मफरोशी का धंधा किया जा रहा था। पुलिस को अंदर 9 लड़कियां मिलीं, इनमें एक रिसेप्शनिस्ट भी शामिल है। इसके अलावा वहां मौजूद तीन कस्टमर और स्पा संचालक को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने स्पा सेंटर को सील कर दिया है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। क्या मेरठ और आसपास के इलाकों में ऐसे और भी सेंटर चल रहे हैं। यह सिर्फ एक शहर में एक सामान्य मामला नहीं है। ऐसा बहुत से शहरों में बहुत से सीक्रेट स्थानों पर चल रहा है।
बीते दिनों रांची से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया था। वहां एक गर्ल्स हॉस्टल में सेक्स रैकेट चल रहा था। ये मामला शहर के लालपुर स्थित ओम गर्ल्स हॉस्टल का है। पुलिस ने इस मामले में 10 युवतियों सहित 11 को हिरासत में लिया। पुलिस को जानकारी मिली थी कि हॉस्टल परिसर से संगठित तरीके से देह व्यापार चलाया जा रहा है। जानकारी के बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आई और जांच में लग गई। पुलिस को पता चला कि यहां से युवतियों को अलग-अलग स्थानों पर भेजा जाता था। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि लंबे समय से हॉस्टल का इस्तेमाल सेक्स रैकेट के ठिकाने के रूप में हो रहा था। गिरोह लड़कियों को यहां रखकर बाहर भेजता था और इसके बदले मोटी रकम वसूली जाती थी। अधिकारियों ने बताया कि यह मामला गंभीर है और इसमें हॉस्टल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने संदेह जताया कि इस रैकेट से कई बाहरी लोग भी जुड़े हो सकते हैं। जांच का दायरा बढ़ाते हुए संभावित सरगनाओं और सहयोगियों को चिह्नित किया जा रहा है।
इसके पहले 19 अगस्त 2025 को झारखंड के हजारीबाग में पुलिस ने बड़ा सेक्स रैकेट पकड़ा था। यहां हाईवे के किनारे छह होटलों पर छापेमारी कर 26 युवक-युवतियों को संदिग्ध स्थिति में हिरासत में लिया गया था। बाद में इनमें से 17 लोगों को जेल भेजा गया था। इनमें होटलों के संचालक और मैनेजर भी शामिल थे।
धार्मिक नगरी मथुरा शहर के कृष्णा नगर इलाके में पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धधो पर बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने सूचना के आधार पर अलग-अलग दो स्थानों पर छापा मारा। पहली छापेमारी बैंक कॉलोनी, लिंक रोड स्थित हेवन स्पा सेंटर पर और दूसरी कार्रवाई कृष्णा नगर चैराहा के पास स्थित ब्लॉसम थाई स्पा एंड सैलून पर हुई। पुलिस ने दोनों जगहों से पंद्रह लड़कियां और चार लड़कों को पकड़ा।
पुलिस अधिकारियों का कहना था कि इन दोनों जगहों पर धंधा संगठित तरीके से लंबे समय से चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, देह व्यापार करने वालीं युवतियां चेन्नई, दिल्ली और आगरा की बताई गयी थीं। इसमें ज्यादातर आगरा की रहने वालीं थीं। कुछ महिलाएं भी शामिल हैं।
कैथल हरियाणा में अनैतिक कार्य की शिकायत पर पुलिस ने अंबाला रोड स्थित गोल्डन थाई स्पा सेंटर में छापा मारकर दो महिलाओं और स्पा सेंटर चलाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया था। महिलाओं ने बताया कि स्पा मालिक कमीशन देकर गलत काम करवाते हैं। यूपी के हाथरस में एक ओयो होटल में 8 युवतियां पहुंचीं। सभी को आजू-बाजू कमरा मिल गया। अंदर 12 युवक बेसब्री से उनका इंतजार कर रहे थे। कुछ देर बाद पीछे-पीछे पुलिस पहुंच गई, जब पुलिस अफसर ने कमरों का दरवाजा खोला, तो होटल में भागमभाग मच गई। जिसके बाद पुलिस ने 8 लड़कियों को और 12 लड़कों को पकड़ लिया। दरअसल, हाथरस शहर में संचालित हो रहे होटलों पर निगरानी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के दयानंतपुर स्थित ओयो पैराडाइज होटल पर सीओ सिटी के नेतृत्व में छापेमारी की गई। स्थानीय लोगों ने भी होटल के अंदर आने-जाने वालों की गतिविधियों पर सवाल उठाए थे।
इसी तरह यूपी के सहारनपुर में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर बने एक होटल पर अचानक प्रशासन और पुलिस की टीम ने छापा मारा। होटल के कमरों से 20 से अधिक युवक-युवतियां पकड़े गए। इनमें से एक लड़की स्कूल ड्रेस में मिली, जबकि दूसरी कॉलेज ड्रेस में थीं। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से होटल में संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं।
पिछले दिनों कन्नौज में देह व्यापार के धंधे का एक बड़ा राज फाश हुआ था। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के सौरिख रोड पर स्थित काकरी तालाब के पास ओयो के बोर्ड तले चल रहे एक होटल पर पुलिस ने छापा मारा, जहां से 8 युवक और 7 युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया। होटल को ओयो की फ्रेंचाइजी बताकर चलाया जा रहा था, लेकिन हकीकत कुछ और ही थी। जांच में खुलासा हुआ है कि होटल में लंबे वक्त से देह व्यापार का गोरखधंधा चल रहा था। चैंकाने वाली बात यह है कि इन होटल्स में स्कूली छात्राओं को झांसे में लेकर लाया जाता था। उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर महीनों तक ब्लैकमेल किया जाता और जबरन दूसरे युवकों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया जाता था। इससे कई बच्चियों का भविष्य बर्बाद हो चुका है।
यह तो सिर्फ नमूना भर मामले हैं अब तो जिले और बड़े शहरों के साथ छोटे कस्बों में भी स्पा सेंटर और ब्यूटी
पार्लर और दूसरी आड़ में इस तरह
के अवैध धंधों का संचालन किया जा
रहा है।
(मनोज कुमार अग्रवाल-हिफी फीचर)


