गलत काउंटिंग के लिए अमिताभ ने मांगी माफी

अमिताभ बच्चन 83 साल के हो चुके हैं और इस उम्र में भी उनकी फुर्ती का कोई जवाब नहीं है। बिग बी एक्टिंग के साथ-साथ रियेलिटी शो होस्ट करते हैं और फिर सोशल मीडिया पर भी अपडेट शेयर करते रहते हैं। इशारों-इशारों में अक्सर बिग बी वह बातें कह जाते हैं, जो वह सीधे तौर पर नहीं कहना चाहते, जिसके चलते उनके पोस्ट अक्सर चर्चा में आ जाते हैं। इन दिनों बिग बी अपनी अपनी अपकमिंग फिल्म कल्कि 2898 एडी के सीक्वल की शूटिंग में जुटे हैं और इस बीच एक बार फिर अपने पोस्ट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने नंबरिंग को लेकर हो रही गड़बड़ के बारे में बताया और अपने फैंस से खुलकर बात की। अमिताभ बच्चन ने हाल ही में फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने पोस्ट की नंबरिंग को लेकर हो रही गलती पर बात की और फैंस से इस गलती के लिए माफी भी मांगी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- पहले एक्स पर नंबरिंग गलत हो रही थी। और अब यहां भी वही हो रहा है। गलती के लिए माफी चाहता हूं। बिग बी का ये पोस्ट देखते ही सोशल मीडिया यूजर भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और उन्हें चिंता न करने को कहा। हालांकि, हमेशा की तरह कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने फिर उन्हें देश के मुद्दों पर चुप्पी साधे रखने को लेकर निशाने पर लेना शुरू कर दिया। अमिताभ बच्चन इन दिनों प्रभास स्टारर कल्कि 2898 एडी के सीक्वल की शूटिंग कर रहे हैं, जिसमें वह अश्वत्थामा की भूमिका में दिखाई देंगे। इसके अलावा वह रियेलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति का 18वां सीजन होस्ट कर रहे हैं। इस रियेलिटी शो के बारे में बिग बी ने बताया कि कैसे ये शो कुछ ही मिनटों में लोगों की जिंदगी बदल देता है। उन्होंने एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा- कंटेस्टेंट ही शो को बनाते हैं और सेट पर घंटों बैठे रहने वाले दर्शक वो लोग हैं, जिनकी काबिलियत कम साधनों के बावूजूद उन्हें अपने बड़े सपने पूरे करने की हिम्मत देते हैं। (हिफी)



