जितेन्द्र-श्रीदेवी पर फिल्माया गाना हुआ रिक्रिएट

यूं तो किशोर कुमार ने अपने करियर में एक से एक ब्लॉकबस्टर गाने दिए। मगर एक गाना ऐसा था, जो शरारत से भरा, रोमांस से भरा और जबरदस्त कोरियोग्राफी के लिए जाना गया। इस गाने में जब श्रीदेवी और जितेंद्र की जोड़ी नजर आई तो ये गाना सुपर से भी ऊपर बन गया। दरअसल हम बात कर रहे हैं ‘नैनों में सपना’ की। पुराने गानों की बात ही कुछ और होती है। आज भी इन गानों की चमक जस की तस बनी हुई है। ‘नैनों में सपना’ भी एवरग्रीन गाना है जिसे लोगों ने तब भी खूब पसंद किया था और आज भी लोग इसे सुनना पसंद करते हैं। श्रीदेवी और जितेंद्र की जोड़ी भी लोगों को खूब पसंद आई थी।
साल 1983 में आई हिम्मतवाला फिल्म में ‘नैनों में सपना’ गाना सुनाई दिया था, जिसे किशोर कुमार और लता मंगेशकर की जुगलबंदी में रिकॉर्ड किया गया था। गाने के लिरिक्स श्यामलाल बाबू राय उर्फ इंदीवर ने लिखे थे। संगीत बप्पी लहिरी का था। अजय देवगन ने हिम्मतवाला नाम से फिल्म की थी। इसी फिल्म में उन्होंने जितेंद्र और श्रीदेवी के गाने को रीक्रिएट किया था। अजय देगवन और तमन्ना भाटिया पर ‘नैनों में सपना’ फिल्माया गया था। इस बार किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार और श्रेया घोषाल ने आवाज दी थी तो म्यूजिक डायरेक्टर साजिद वाजिद रहे। साल 2013 में आई हिम्मतवाला एक रीमेक फिल्म थी, जोकि फ्लॉप साबित हुई जिसके गानों के साथ साथ कोरियोग्राफी भी और सेट भी कॉपी थे। हालांकि लोगों को न तो अजय देवगन की फिल्म पसंद आई थी न ही गानों को उस कद्र प्यार मिला था जैसे जितेंद्र की फिल्म को मिला था। जितेंद्र और श्रीदेवी की फिल्म हिम्मतवाला को लोगों ने खूब प्यार दिया था। इसने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कलेक्शन किया और इसे ब्लॉकबस्टर का तमगा मिला।



