क्राइम पेट्रोल से जुड़ेंगे अजय देवगन

सुपरस्टार अजय देवगन अब टीवी के चर्चित क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ से जुड़ने जा रहे हैं, जहां वह असल जिंदगी के अपराधों से जुड़ी कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाएंगे। वह ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन ‘क्राइम पेट्रोल-क्राइम का करंट सीजन’ को होस्ट करते दिखेंगे।
शो से जुड़ने को लेकर अजय का कहना है कि उन्हें इसकी कहानियों में सबसे ज्यादा यही बात दिलचस्प लगती है कि ये वास्तविक अपराध मामलों से प्रेरित होती हैं। ऐसी कहानियां मनोरंजन के साथ-साथ लोगों को अपने आसपास की दुनिया को समझने और सावधान रहने का मौका भी देती हैं। अजय देवगन का शो क्राइम पेट्रोल इस बार बेहद खास होने वाला है जिसे दर्शक 31 अगस्त से टीवी और ओटीटी पर देख सकेंगे। क्राइम पेट्रोल रात 10.30 बजे से सोनी टीवी पर आएगा। इसके अलावा क्राइम पेट्रोल की ओटीटी स्ट्रीमिंग सोनी लिव पर इसी टाइम पर की जाएगी। मतलब ये कि टीवी के साथ साथ ओटीटी पर भी दर्शक इसे देख पाएंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने शो के लिए 15 एपिसोड की शूटिंग पहले ही पूरी कर ली है। हालांकि, अजय देवगन आगे भी शो को होस्ट करते रहेंगे या नहीं, यह दर्शकों की प्रतिक्रिया और शो की टीआरपी पर निर्भर करेगा। शो से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया था कि अजय के आगे के एपिसोड में बने रहने का फैसला दर्शकों की प्रतिक्रिया देखने के बाद किया जाएगा। अगर उनकी होस्टिंग को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है और शो की टीआरपी बढ़ती है, तो उनकी मौजूदगी आगे भी जारी रहेगी।
अजय देवगन ने शो के साथ अपने जुड़ाव पर बात करते हुए कहा, ”मुझे सबसे ज्यादा इसकी वास्तविक कहानियां आकर्षित करती हैं। शो में दिखाई जाने वाली घटनाएं अपराध के मामलों से प्रेरित होती हैं और इनमें से कुछ मामले बेहद चैंकाने वाले होते हैं। कई बार ऐसी घटनाओं में ऐसे लोग शामिल होते हैं, जिनके बारे में आम इंसान कभी सोच भी नहीं सकता। यही चीज मुझे इस शो को लेकर सबसे ज्यादा एक्साइटेड करती है।”
उन्होंने कहा, “शो सिर्फ अपराध की कहानी दिखाने तक सीमित नहीं है। इसमें यह भी बताया जाता है कि किसी मामले को सुलझाने के लिए पुलिस और जांच से जुड़े अधिकारियों को कितनी मेहनत करनी पड़ती है। (हिफी)



