डकैत एक प्रेम कथा में प्रतिभा दिखाएंगी मृणाल ठाकुर

मृणाल ठाकुर हिंदी फिल्मों में अपनी धाक जमाने के बाद साउथ सिनेमा में भी नाम कमा चुकी हैं। मृणाल अब तक साउथ सिनेमा की कई बेहतरीन कहानियों का हिस्सा रही हैं। अब जल्द ही मृणाल डकैत एक प्रेम कथा में हीरोइन के तौर पर नजर आने वाली हैं। मेकर्स ने इसका टीजर रिलीज कर दिया है। टीजर में मृणाल के साथ आदिवी शेष बतौर हीरो नजर आ रहे हैं। फिल्म में जोरदार एक्शन और रोमांस देखने को मिलने वाला है। फिल्म का निर्देशन शेनिल देव ने किया है। मुख्य जोड़ी के अलावा, फिल्म में निर्देशक अनुराग कश्यप भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। टीजर की शुरुआत आदिवी शेष से होती है, जो जाहिर तौर पर मृणाल ठाकुर के साथ मिलकर उन लोगों को सबक सिखाने की योजना बना रहे हैं जिन्होंने उनके साथ गलत किया था। वीडियो में, मृणाल ठाकुर को तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए देखा जा सकता है, जबकि आदिवी शेष फिल्म में दमदार एक्शन करते नजर आ रहे हैं। आदिवी शेष ने वीडियो को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा किया। हिंदी और तेलुगु में एक साथ फिल्माई गई इस फिल्म की कहानी और पटकथा आदिवी शेष और शेनिल देव ने संयुक्त रूप से तैयार की है। फिल्म का हिस्सा बनने पर अनुराग ने कहा कि यह भूमिका उनके लिए मजेदार और चुनौतीपूर्ण दोनों है, और दोनों भाषाओं में समान प्रभाव पैदा करना एक ऐसी चुनौती है जिसका वे भरपूर आनंद ले रहे हैं। उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाना जो अय्यप्पा भक्त है, मजेदार और चुनौतीपूर्ण दोनों है। कर्तव्य बनाम धर्म की दुविधा और अपने काम को हास्य के साथ अंजाम देना शानदार है। (हिफी)



