तमन्ना भाटिया को लेकर गांगुली ने दी सफाई

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ लगातार चर्चाओं में बनी हुई है। फिल्म की कहानी से लेकर अभिनय और गानों तक की काफी चर्चा हो रही है। पिछले कुछ दिनों से फिल्म के गीत ‘शरारत’ को लेकर भी कई खबरें चल रही हैं। कई चर्चाओं में ये भी कहा जा रहा है कि इस गाने के लिए निर्देशक आदित्य धर ने अभिनेत्री तमन्ना भाटिया को रिजेक्ट कर दिया था। इसके बाद क्रिस्टल डिसूजा और आयशा खान को इस गाने में लिया गया। अब गाने के कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने इन चर्चाओं पर सफाई दी है। मामले की पूरी सच्चाई बताई है।
तमाम चर्चाओं के बाद अब खुद कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने अपने इंस्टाग्राम पर दो स्टोरी साझा की हैं। इन स्टोरीज में विजय ने ‘शरारत’ गाने में तमन्ना को रिजेक्ट किए जाने को लेकर सफाई दी है और सच्चाई बताई है। विजय गांगुली ने अपनी एक स्टोरी में लिखा, ‘मुझे सिनेमा और फिल्म निर्माण की विभिन्न बारीकियों पर होने वाली बातचीत में सचमुच मजा आता है। हालांकि, मैंने अक्सर खुद को इस तरह की बातों में शामिल होने से रोका है। क्योंकि कई बार शब्दों को चुन-चुनकर इस्तेमाल किया जाता है और गलत तरीके से पेश किया जाता है या सनसनीखेज बनाकर सुर्खियां बटोरी जाती हैं। लेकिन क्राफ्ट के बारे में बात नहीं की जाती। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बातचीत गाने और शरारत के पीछे की क्रिएटिव मंशा पर रहने के बजाय, दो बेहतरीन कलाकारों की तुलना पर केंद्रित हो गई। फिर रिजेक्शन जैसे कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया जाने लगा। जबकि असली बातों का उद्देश्य और मूल भाव कुछ और ही था।’ (हिफी)



