लीजा रे ने बतायी खुद की तलाश की कहानी

अभिनेत्री लीजा रे ने साल 1994 की हंसते खेलते से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा और अपनी हिट बॉलीवुड-हॉलीवुड की फिल्मों से दुनिया भर में पहचान बनाई। उनका नाम ऑस्कर के लिए भी नॉमिनेट किया गया, लेकिन बाद में ये हसीना अपना करियर पीक पर छोड़ अचानक गायब हो गईं और अब 25 साल बाद खुद एक्ट्रेस ने इसकी वजह भी बताई है।
लीजा रे ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया कि आखिर उन्होंने बॉलीवुड छोड़ने का फैसला क्यों लिया था। पोस्ट के कैप्शन में लिखा, मुझे सिर्फ सुंदर मॉडल के रूप में देखा जा रहा था। इसकी वजह से असली व्यक्तित्व खोने लगा था। हालांकि, इस दौरान मेरे पास कई फिल्मों के ऑफर आए थे, लेकिन मैंने फेमस होने के बजाय खुद को समझने के लिए ये रास्ता चुना। अपने ब्रेक के दौरान मैं लंदन चली गई और वहां एक कॉलेज में शेक्सपियर की कविता के बारे में पढ़ाई की। लीजा रे ने कहा, मैंने म्यूजियम और आर्ट के बीच बहुत अच्छा वक्त बिताया। इस दौरान, बौद्ध धर्म-योग के बारे में भी जाना… मैंने लोगों की बातों पर ध्यान देने के बजाय अपना जीवन जीने, आत्मा और जिज्ञासा पर बेस्ड बनाया। उस समय फिल्में आमतौर पर कम बजट में बनती थीं, लेकिन मेरे जीवन का मकसद मात्र पैसा कमाना नहीं था। मैं विश्वास और कई उम्मीद के साथ फिल्में बनाती थीं… यह मेरे लिए खुद को समझने का एक बहुत ही अच्छा मौका था। मेरी फिल्मों में हर तरह की चीजें शामिल थी, जो दर्शकों को देखना पसंद है। मुझे बहुत मजा आया, लेकिन खुद की तलाश में यह सब छोड़ना पड़ा।
पुरानी तस्वीरों और फिल्मों के बारे में बात करते हुए लीजा ने खुलासा किया, भले ही ये तस्वीरें और फिल्में मुझे अपनी पुरानी खूबसूरती की याद दिलाती हैं, लेकिन मेरा असली उद्देश्य कभी भी पॉपुलैरिटी या खूबसूरत दिखना नहीं था… मेरे लिए असली काम जीवन में गहराई लाने, सही अर्थ खोजने और लोगों की बाहरी उम्मीदों का बोझ हटाना था। (हिफी)



