फिल्मी

अभिषेक-ऐश्वर्या ने न्यूयार्क में मनाया नये साल का जश्न

ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन को लंबे समय से बॉलीवुड के सबसे सम्मानित और पसंदीदा कपल्स में गिना जाता है। दोनों न सिर्फ अपनी स्टार पावर के लिए जाने जाते हैं, बल्कि उस सादगी और गरिमा के लिए भी सराहे जाते हैं, जिसके साथ वे अपनी निजी जिंदगी को लोगों की नजरों से दूर रखते हैं। भले ही ऐश्वर्या और अभिषेक सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय नहीं रहते हों, लेकिन उनके चाहने वाले हर छोटे-बड़े पल को खास बना देते हैं। नए साल के मौके पर बच्चन परिवार ने इस बार मुंबई की चकाचैंध से दूर न्यूयॉर्क शहर में 2026 का स्वागत किया। परिवार के साथ बिताए गए इस खास वेकेशन की कुछ झलकियां पहले भी सामने आई थीं, लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आई नई और अनदेखी तस्वीरों ने फैंस को खासा खुश कर दिया है। ऐश्वर्या राय बच्चन के कई इंस्टाग्राम फैन पेजेस पर शेयर की गई इन तस्वीरों में ऐश्वर्या और अभिषेक मैनहट्टन की सड़कों पर नए साल का जश्न मनाते हुए अपने फैंस के साथ खुशी-खुशी पोज देते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों में ऐश्वर्या राय बच्चन बेहद एलिगेंट अंदाज में दिखाई दे रही हैं। उन्होंने ब्लैक सेक्विन टॉप के साथ मैचिंग ब्लैक ट्राउजर पहना हुआ है। अपने लुक को उन्होंने एक स्टाइलिश ब्लैक स्लिंग बैग से पूरा किया, बाल खुले रखे और क्लासिक मेकअप किया, जिसमें उनकी सिग्नेचर रेड लिपस्टिक खास तौर पर नजर आई। उनका यह लुक सिंपल होने के साथ-साथ ग्लैमरस भी लग रहा था।
वहीं अभिषेक बच्चन ने अपने रिलैक्स्ड लेकिन ट्रेंडी आउटफिट से ऐश्वर्या के स्टाइल को खूबसूरती से कॉम्प्लिमेंट किया। उन्होंने ऑफ-व्हाइट स्वेटर के साथ बैगी डेनिम जींस पहनी थी। फैंस के साथ तस्वीरें खिंचवाते वक्त वह काफी सहज, खुश और सुकून में नजर आए, जिससे साफ झलक रहा था कि यह ट्रिप उनके लिए कितनी खास है। इस न्यूयॉर्क ट्रिप से जुड़े कुछ पुराने विजुअल्स भी सोशल मीडिया पर काफी पसंद किए गए थे। एक वीडियो में ऐश्वर्या और अभिषेक शहर में लगे एक खूबसूरती से सजे क्रिसमस ट्री के सामने एक फैन के साथ पोज देते दिखे थे। वहीं एक अन्य क्लिप में ऐश्वर्या ने सीधे अपने फैंस को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए एक भावुक संदेश भी साझा किया था। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button