फिल्म बेताब से अमृता सिंह ने किया था डेब्यू

आज के दौर की मशहूर एक्ट्रेस सारा अली खान की मां और गुजरे दौर की जानी-मानी अदाकारा अमृता सिंह आज 68 साल की हो चुकी हैं। मुस्लिम मां रुखसाना सुल्ताना और सिख पिता शविंदर सिंह के घर उनका जन्म 9 फरवरी 1958 को नई दिल्ली में हुआ था। उन्होंने 80 और 90 के दशक में बॉलीवुड में उन्होंने बतौर लीड एक्ट्रेस कई फिल्मों से फैंस का दिल जीता था। अमृता की पहली फिल्म ही बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी हिट साबित हुई थी। अमृता सिंह ने अपने करियर में कई शानदार फिल्में दी हैं।
80 और 90 के दशक में अमृता कई बड़े स्टार्स की हीरोइन बनी थीं। अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, अनिल कपूर, विनोद खन्ना, जितेंद्र, ऋषि कपूर, सलमान खान सहित कई दिग्गजों के साथ मिलकर उन्होंने बड़े पर्दे पर धमाल मचाया था लेकिन, सबसे पहले जिस एक्टर के साथ उन्होंने फिल्म की थी वो हैं सनी देओल। दोनों के ही एक्टिंग करियर का आगाज एक ही फिल्म के जरिए हुआ था। अमृता सिंह ने हिंदी सिनेमा में बतौर लीड एक्ट्रेस अपना आगाज 25 साल की उम्र में किया था। उनकी पहली फिल्म थी ‘बेताब’। ये पिक्चर साल 1983 में रिलीज हुई थी। इसमें उनके साथ लीड रोल में सनी देओल नजर आए थे। इसके जरिए सनी का भी फिल्मी दुनिया में डेब्यू हुआ था। ये एक रोमांटिक फिल्म थी, जिसे दर्शकों ने काफी प्यार
दिया था।
5 अगस्त 1983 को रिलीज हुई बेताब का डायरेक्शन राहुल रवैल ने किया था। 42 साल पुरानी इस फिल्म को तीन करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था। इसकी कमाई बजट से चार गुना ज्यादा हुई थी। बेताब ने कुल 13.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। डेब्यू फिल्म के सेट पर ही अमृता का नाम सनी देओल से जुड़ा था। फिर उनका अफेयर विनोद खन्ना संग भी रहा जबकि पूर्व क्रिकेटर रवि शास्त्री संग उनकी सगाई हो गई थी लेकिन, रिश्ता आगे नहीं बढ़ सका। एक्ट्रेस ने 1991 में सैफ अली खान से शादी की थी। हालांकि 2004 में दोनों तलाक लेकर अलग हो गए थे। अमृता अब अपने बच्चों सारा अली खान और इब्राहिम अली खान के साथ रहती हैं। (हिफी)



