फिल्मी

प्रियंका चोपड़ा ने बतायी अंगरक्षक रखने की वजह

प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपनी फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर काफी चर्चा में हैं, जिससे वह लंबे समय बाद भारतीय सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं। इसी बीच प्रियंका ने अपनी सुरक्षा और अंगरक्षक को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें किसी से कोई खतरा नहीं है, बल्कि सिक्योरिटी रखने की असली वजह कुछ और ही है। प्रियंका ने बताया कि उन्हें इस बात से सख्त ऐतराज है कि कोई उनकी मर्जी के बिना उनका वीडियो रिकॉर्ड करे। प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि उन्हें फैंस के पास आने या मिलने से कोई परेशानी नहीं है, बस उन्हें बिना पूछे रिकॉर्ड किया जाना पसंद नहीं है। उन्होंने बताया कि अगर कोई मेरे पास आता है या फोटो खिंचवाना चाहता है, तो मुझे इसमें कोई दिक्कत नहीं है। मेरे गार्ड्स भी यह बात जानते हैं कि मुझे लोगों से बात करना अच्छा लगता है। वे वहां सिर्फ इसलिए होते हैं ताकि यह सुनिश्चित कर सकें कि कोई भी मेरी इजाजत के बिना मेरा वीडियो न बनाए। प्रियंका ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘आजकल हर किसी के पास सेलफोन है और यही मेरी सबसे बड़ी चिंता है। अक्सर ऐसा होता है, खासकर मेरी बेटी के साथ। मान लीजिए हम किसी पार्क में हैं या आइसक्रीम खा रहे हैं और अचानक मैं देखती हूं कि हमारी वो प्राइवेट तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं। मेरी सिक्योरिटी बस इसी वजह से है, वरना मुझे इसकी कोई जरूरत नहीं। मुझे कोई मार नहीं डालेगा।’
प्रियंका चोपड़ा इन दिनों फिल्म वाराणसी की शूटिंग में बिजी हैं। एसएस राजामौली की यह फिल्म भारतीय सिनेमा के सबसे भव्य और बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक मानी जा रही है। हालांकि, फिल्म की रिलीज में अभी साल भर से ज्यादा का वक्त है, लेकिन दुनियाभर के सिने प्रेमियों के बीच इसे लेकर अभी से जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button