मुफलिसी में रश्मि देसाई को कार में सोना पड़ा

छोटे पर्दे की बड़ी अदाकारा रश्मि देसाई ने टीवी सीरियल से लेकर रियलिटी शो तक में काम किया है और दर्शकों के बीच बड़ी पहचान बनाई। उनका प्रोफेशनल करियर काफी सफल रहा है, लेकिन वहीं दूसरी ओर उन्हें अपनी पर्सनल लाइफ में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा है। आज वो काफी मशहूर और दौलतमंद हैं, जबकि कभी एक्ट्रेस दिवालिया हो गई थीं। रश्मि का जन्म 13 फरवरी 1986 को असम के नगांव में पिता अजय देसाई और मां रसिला देसाई के घर हुआ था। रश्मि ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब वो बड़ी हो रही थीं उस वक्त उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। उन्होंने सिर्फ 17 साल की उम्र में असमी फिल्म कन्यादान से एक्टिंग डेब्यू किया था। आगे जाकर रश्मि ने भोजपुरी सिनेमा में भी काम किया। 2005 में आई उनकी भोजपुरी फिल्म कब होई गवना हमार को बेस्ट भोजपुरी फीचर फिल्म के नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। रश्मि को खास और बड़ी पहचान कलर्स टीवी पर आने वाले शो उतरन से मिली थी। इसने उन्हें टीवी की बड़ी एक्ट्रेस बना दिया था। हालांकि वो इसके बाद सिर्फ छोटे पर्दे तक ही सीमित रह गईं। काफी नाम कमाने के बाद साल 2017 में एक वक्त ऐसा आया जब एक्ट्रेस दिवालिया हो गई थीं। उन पर करोड़ों का कर्ज था और रहने के लिए घर भी नहीं था। रश्मि ने एक इंटरव्यू में कहा था, मुझे चार दिन कार में सोना पड़ा था। फिर रश्मि देसाई चर्चित और विवादित रियलिटी शो बिग बॉस का हिस्सा बनीं और उनकी लाइफ वापस ट्रैक पर आई। यहां मिले पैसों से उन्होंने अपने लिए एक घर खरीद लिया था। साल 2011 में रश्मि ने अपने शो उतरन के को-एक्टर नंदीश संधू से शादी रचाई थी। हालांकि 5 साल के बाद साल 2016 में ही दोनों का तलाक हो गया था। (हिफी)



