पूनम ढिल्लो ने परिवार से छिपकर फिल्मों में रखा कदम

ब्यूटी पेजेंट से करियर की शुरुआत करने वाली पूनम ढिल्लों का असल में फिल्म इंडस्ट्री से कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने इत्तेफाकन चकाचैंध भरी इस दुनिया का रुख किया था। पूनम ढिल्लों ने 1978 में फिल्म त्रिशूल से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। वो उन खुशकिस्मत अदाकाराओं में से एक थीं जिन्हें पहली ही फिल्म में यश चोपड़ा के साथ काम करने का मौका मिला था। यश चोपड़ा ने पूनम को ब्यूटी पेजेंट में स्पॉट किया और फिर फिल्मों में मौका दिया। आज 18 अप्रैल को पूनम ढिल्लों अपना जन्मदिन मना रही हैं। उनका जन्म चंढीगढ़ के आम परिवार में हुआ था। एक्ट्रेस के परिवार का ग्लैमर की दुनिया से कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने तो सपनों में भी नहीं सोचा था कि वो फिल्मी पर्दे पर नजर आएंगी। एक्ट्रेस ने दोस्तों के कहने पर मिस यंग इंडिया ब्यूटी कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया था। इस कॉन्टेस्ट का फॉर्म भरने से पहले वो अनजान थीं कि उनकी किस्मत हमेशा के लिए बदलने वाली थी। पूनम ढिल्लों ने अपनी खूबसूरती और अदाकारी से ब्यूटी पेजेंट में हर किसी को अपना दीवाना बना लिया था। उन्होंने ये खिताब अपने नाम कर लिया था, लेकिन वो अपने परिवार से डरी हुई थीं। दरअसल, पेजेंट जीतने के बाद अगले दिन उनकी अखबार में फोटो छपनी थी और उन्होंने अपने परिवार को इसके बार में कुछ नहीं बताया था। पेपर में खबर आने से पहले एक्ट्रेस ने डरते-डरते अपने परिवार के सामने अपनी बात रखी और बताया कि वो जीत चुकी हैं। हालांकि जीतने के बाद उन्हें कम डांट पड़ी थी। वो भले ही ब्यूटी क्वीन का खिताब जीत चुकी थीं, लेकिन वो इस बात से भली-भांति वाकिफ थीं कि उनका परिवार उन्हें कभी एक्ट्रेस नहीं बनने देगा। एक्ट्रेस परिवार के डर से खुद भी फिल्मों में काम करने के लिए तैयार नहीं थीं। उन्हें शशि कपूर ने अपनी फिल्म का ऑफर दिया था, लेकिन परिवार और समाज के डर से उन्होंने उस फिल्म को ठुकरा दिया था। पूनम ढिल्लों द्वारा रिजेक्ट किए जाने के बाद शशि कपूर की वो फिल्म कभी बनी ही नहीं। आखिरकार जब यश चोपड़ा ने एक्ट्रेस को ‘त्रिशूल’ ऑफर की तो वो ठुकरा नहीं पाईं। उन्होंने परिवार से छिपकर फिल्मों में कदम रखा और यही उनकी लाइफ के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इत्तेफाक ऐसा कि पूनम की पहली फिल्म शशि कपूर के साथ ही थी। इस फिल्म में उनका एक ऐसा सीन था जिसमें शशि कपूर को उन्हें थप्पड़ मारना था। फिल्म में वो सीन असली लगे इसलिए एक्टर ने सच में उन्हें चाटा जड़ दिया था। (हिफी)



