फिल्मी

पल्लवी जोशी की ‘द बंगाल फाइल्स’ अब पश्चिम बंगाल में होगी रिलीज

विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ 5 सितंबर 2025 देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। हालांकि फिल्म की पश्चिम बंगाल में रिलीज को लेकर काफी बवाल हुआ था। पर अब राज्य में सरकार बदल रही है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार हुई है और भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने जा रही है। ऐसे में विवेक अग्निहोत्री अपनी फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ को कोलकाता में फिर से रिलीज कर रहे हैं। ‘द बंगाल फाइल्स‘ 8 मई से कोलकाता के सिनेमाघरों में लगने जा रही है। विवेक अग्निहोत्री ने सितंबर में आरोप लगाया था कि राज्य सरकार ने उनकी फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया। बंगाल में बीजेपी की जीत के फौरन बाद विवेक अग्निहोत्री ने एक्स पर एक पोस्ट किया था। इस पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए ममता बनर्जी ने ‘द बंगाल फाइल्स’ को बैन कर दिया था। उन्होंने कहा कि मेरी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च को भी रोका गया था। खबर के मुताबिक अरिजीत दत्ता की प्रिया सिनेमास फिल्म को 8 मई को कोलकाता में रिलीज करने वाली है। अरिजीत ने कहा, “सेंसर से पास एक फिल्म को बंगाल में एक पार्टी की वजह से रिलीज नहीं होने दिया गया। एक भी थिएटर में ये फिल्म नहीं लग पाई, जबकि बाकी भारत में इसे सबने देखा। इस फिल्म को लेकर काफी जिज्ञासा है। मुझे खुशी है कि बंगाल फाइनली इस फिल्म को देखेगा।” इसके साथ ही डिस्ट्रिब्यूटर सतदीप साहा ने बताया कि सिर्फ कोलकाता ही नहीं, हम बंगाल के थिएटर्स की भी एक लिस्ट बना रहे हैं। यानी सिर्फ कोलकाता ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य कई थिएटर्स में भी ‘द बंगाल फाइल्स’ को रिलीज करने की तैयारी की जा रही है। ‘द बंगाल फाइल्स’ का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया था। इसमें सिमृत कौर रंधावा, नमाशी चक्रवर्ती, मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, दर्शन कुमार और अनुपम खेर जैसे कलाकारों ने काम किया था। फिल्म का बजट 35-50 करोड़ रुपये के बीच बताया जाता है। हालांकि ये बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक बिजनेस नहीं कर पाई थी। फिल्म ने वल्र्डवाइड 23 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था औक फ्लॉप साबित हुई थी। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button