रीवा अरोड़ा से डिलीवरी एजेंट की बदसलूकी

रीवा अरोड़ा इन दिनों एक घटना को लेकर चर्चा में हैं। फिल्मों और सोशल मीडिया पर पहचान बनाने वाली रीवा ने हाल ही में बताया कि उनके घर पर एक डिलीवरी एजेंट ने उनके परिवार के साथ गलत व्यवहार किया। यहां तक कि मामला इतना बढ़ गया कि परिवार को तुरंत मुंबई पुलिस को बुलाना पड़ा। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों के बीच बहस शुरू हो गई है। बातचीत में रीवा अरोड़ा ने बताया, ये घटना गत दिनों हुई। एक डिलीवरी एजेंट ऑर्डर लेकर उनके घर पहुंचा था, लेकिन शुरुआत से ही उसका रवैया ठीक नहीं था। जब मैंने जवाब दिया, तब भी स्थिति नहीं सुधरी। मेरी मां निशा अरोड़ा ने शांति से बात संभालने की कोशिश की, लेकिन डिलीवरी एजेंट लगातार बदतमीजी करता रहा। मामला तब और बढ़ गया जब उनकी बहन मुस्कान अरोड़ा की उस व्यक्ति से लिफ्ट में मुलाकात हुई।
उन्होंने आगे बताया, ये सब हमारे घर के दरवाजे से शुरू हुआ और उसके जाने तक चलता रहा। जब वो वहां से निकलने लगा, तब हम उसके पीछे नीचे तक गए और उसे वहां से जाने से रोक लिया। इसके बाद परिवार ने तुरंत मुंबई पुलिस को फोन किया। पुलिस ने बहुत जल्दी जवाब दिया और तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। परिवार ने शिकायत दर्ज करवाई है और अब कंपनी की तरफ से जवाब का इंतजार कर रहे हैं। रिवा का कहना है कि कंपनियों को अपने डिलीवरी एजेंट्स को सिर्फ काम ही नहीं, बल्कि लोगों से सही तरीके से बात करने की ट्रेनिंग भी देनी चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने बताया, इस पूरे मामले में उनके बिल्डिंग के सिक्योरिटी स्टाफ ने परिवार का पूरा साथ दिया। ये सिर्फ जिम्मेदारी और सम्मान की बात है। गलत व्यवहार को छोटा समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आवाज उठाना जरूरी है, ताकि आगे किसी और के साथ ऐसा न हो। (हिफी)



