दीपिका पादुकोण-रणवीर सिंह के फैन लव को लेकर उठे सवाल

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के बांद्रा स्थित घर का एक वीडियो और कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। दूर से जूम करके रिकॉर्ड किए गए इस फुटेज में दोनों अपने घर की बालकनी में साथ समय बिताते हुए दिखाई दे रहे हैं। कई लोगों ने इसे उनकी निजी जिंदगी की एक दुर्लभ झलक मानकर देखा, लेकिन सच्चाई इससे कहीं ज्यादा गंभीर है। दीपिका की प्रेग्नेंसी पहले से ही सार्वजनिक जानकारी है। लेकिन इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं कि उनकी प्रेग्नेंसी का हर पल सार्वजनिक उपभोग का विषय बन जाए। किसी सेलिब्रिटी का अपनी इच्छा से कोई अपडेट साझा करना और किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उनकी निजी जिंदगी के पलों को रिकॉर्ड कर उन्हें इंटरनेट पर फैलाना इन दोनों बातों में बहुत बड़ा अंतर है।
लोग जो देख रहे हैं, वह कोई सार्वजनिक कार्यक्रम, फिल्म प्रमोशन या रेड कार्पेट इवेंट नहीं है। यह एक पति-पत्नी का अपने घर में बिताया गया निजी समय है। एक ऐसी जगह, जहां उन्हें इस चिंता के बिना रहने का अधिकार होना चाहिए कि कोई उन पर कैमरा ताने बैठा है।कहीं न कहीं समाज इस सोच का आदी हो गया है कि सेलिब्रिटीज हर समय लोगों की निगरानी के लिए उपलब्ध हैं। मानो प्रसिद्धि हासिल करने के बाद किसी व्यक्ति की निजी जिंदगी पर उसका अधिकार समाप्त हो जाता है। लेकिन ऐसा नहीं है। और यह पहली बार भी नहीं है जब ऐसी सीमाएं लांघी गई हों। कई बार कलाकारों की पारिवारिक मुलाकातें, छुट्टियां, घर और जीवन के बेहद निजी पल उनकी अनुमति के बिना कैमरे में कैद किए गए हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि अब सोशल मीडिया के दौर में ऐसा कंटेंट कुछ ही मिनटों में लाखों लोगों तक पहुंच जाता है।अगर कोई व्यक्ति अपने ही घर की बालकनी में खड़ा होकर भी इस डर से मुक्त नहीं हो सकता कि कोई दूर से उसका वीडियो बना रहा है, तो इसका मतलब है कि निजता जैसी चीज लगभग खत्म हो चुकी है। सेलिब्रिटी संस्कृति लोगों में जिज्ञासा जरूर पैदा कर सकती है, लेकिन जिज्ञासा कभी भी किसी की निजी सीमाओं का उल्लंघन करने का अधिकार नहीं देती। किसी की जिंदगी में रुचि होना और उस पर अधिकार समझ लेना दोनों अलग बातें हैं। दीपिका और रणवीर का यह वायरल वीडियो उनकी निजी जिंदगी की कोई “एक्सक्लूसिव झलक” नहीं है। इसे उसी रूप में देखा जाना चाहिए जो यह वास्तव में है एक याद दिलाने वाला उदाहरण कि दुनिया के सबसे मशहूर लोगों को भी बुनियादी निजता और व्यक्तिगत सीमाओं का अधिकार है। (हिफी)



