भंसाली की फिल्म शूटिंग में टेक्निशियन की मौत

संजय लीला भंसाली इन दिनों लगातार अपनी अपकमिंग फिल्म लव एंड वॉरश् को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल लीड रोल में नजर आएंगे। ये फिल्म इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है, दर्शकों के बीच इसका बेसब्री से इंतजार है। इस पीरियड ड्रामा की कई झलक भी सामने आ चुकी हैं। इस बीच ये फिल्म एक अलग ही वजह से चर्चा में आ गई है। बताया जा रहा है कि फिल्म के सेट पर एक हादसा हो गया, जिसमें एक टेक्नीशियन की जान चली गई है। टेक्नीशियन का नाम चंद्रधारी यादव था, जिसकी करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई।फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने इंडिया टुडे के साथ बातचीत में इस हादसे की पुष्टि की है। फिल्म स्टूडियो सेटिंग एंड एलाइड मजदूर यूनियन के अनुसार, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल स्टारर लव एंड वॉर की गोरेगांव ईस्ट के रॉयल पंप स्टूडियो में शूटिंग चल रही थी। इसी फिल्म के सेट पर हुए एक हादसे में 42 साल के कारपेंटर चंद्रधारी यादव की मौत हो गई। घटना 17 जून को सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हो सकता है। दिवंगत चंद्रधारी के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। चंद्रधारी यादव की मौत के बाद वर्कर यूनियन उनके परिवार की मदद के लिए आगे आए हैं। खबर है कि भंसाली प्रोडक्शंस ने यादव के परिवार को मुआवजे के तौर पर 40 लाख देने की पेशकश की है। हालांकि, अब तक संजय लीला भंसाली या उनके प्रोडक्शन हाउस की ओर से इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। (हिफी)



