आवारापन-2 फिल्म पर्दे पर, 19 साल बाद सीक्वेल

14 अगस्त को इमरान हाशमी की फिल्म आवारापन 2 रिलीज होने को तैयारी है। इस फिल्म को लेकर फैन्स में कुछ उम्मीदें हैं हालांकि इससे उलट जब साल 2007 में आवारापन आई थी तो शुरुआत में ये बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाई थी। बाद में इसे लोगों का बहुत प्यार मिला। अब करीब 19 साल बाद इसका सीक्वल सिनेमाघरों में आने वाला है। फिल्म की श्रिया ने फिल्म की शुरुआती बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस से निराश होने की बात याद की और बताया कि फिल्म को नॉमिनेशन मिलने के बावजूद उन्हें कुछ अवॉर्ड शो में इनवाइट तक नहीं किया गया था। श्रिया ने कहा, जब फिल्म रिलीज हुई, तो हम सभी को इससे बहुत उम्मीदें थीं लेकिन पता नहीं क्यों मुझे लगता है कि यह अपने समय से आगे की फिल्म थी। इसे कुछ अवॉर्ड शो में नॉमिनेट भी किया गया था और उन्होंने मुझे इनवाइट नहीं भेजा। ऐसा ही था और आवारापन एक ऐसी फिल्म थी जिसके बारे में मुझे लगा था कि इसे सराहा जाएगा। लोग इसे पसंद करेंगे। इसलिए जब ऐसा कुछ होता है तो आप काफी निराश महसूस करते हैं। आवारापन 2007 की हिंदी रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म है जिसे मोहित सूरी ने डायरेक्ट किया है और महेश भट्ट और मुकेश भट्ट ने प्रोड्यूस किया है। इमरान हाशमी, मृणालिनी शर्मा और श्रिया सरन स्टारर यह फिल्म शिवम पंडित नाम के एक परेशान गैंगस्टर की कहानी है, जिसकी जिंदगी तब बदलने लगती है जब उसे एक पाकिस्तानी महिला, आलिया पर नजर रखने के लिए कहा जाता है। लगभग दो दशक बाद, इस फिल्म का सीक्वल सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रहा है। नितिन कक्कड़ के डायरेक्शन में बनी आवारापन 2 में इमरान हाशमी, दिशा पाटनी और शबाना आजमी लीड रोल में हैं। यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और सनी देओल की बंटवारा 1947 के साथ इसका मुकाबला होगा। (हिफी)



