अध्यात्म

यह सुभ संभु उमा संवादा… 21

निर्गुण व सगुण ब्रह्म के ही दो रूप

मछली पानी मंें रहती है। पानी ही उसका जीवन है। छोटे-छोटे बच्चे भी यह कविता सुनाते हैं- मछली जल की रानी है, जीवन उसका पानी है। हाथ लगाओगे तो डर जाएगी, बाहर निकालोगे तो मर जाएगी। गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि प्रभु श्री राम के नाम रूपी सरोवर (तालाब) में मन को मछली की तरह छोड़ दो। राम के नाम का यह अथाह सरोवर है जिसका पानी कभी खत्म नहीं होता और इस सरोवर में मन रूपी मछली निर्बाध विचरण करती रहेगी।
सकल कामना हीन जे राम भगति रस लीन।
नाम सुप्रेम पियूष हृद, तिन्हहुं किए मनमीन।
अर्थात् जो सभी प्रकार की भोग और मोक्ष की कामनाओं से रहित हैं। कामनाएं दो ही प्रकार की होती है। लोग ज्यादातर भोग की कामना करते हैं। वे चाहते हैं हमारे पास गाड़ी, बंगला और तरह-तरह की भोग सम्पदाएं आ जाएं। भौतिकता के युग में भोग विलास की कमी नहीं है। दूसरी कामना मोक्ष की होती है। सांसारिकता से विरक्ति होने लगती है तो लगता है कि ईश्वर जीवन-मरण से मुक्ति दे दे। यही मोक्ष है। चार पुरुषार्थों-धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष में भी अंतिम पुरुषार्थ मोक्ष ही है। गोस्वामी तुलसी दास जी कहते हैं कि भोग और मोक्ष की कामनाओं से रहित और श्री राम भक्ति के रस में लीन व्यक्ति भी भगवान राम के नाम रूपी सरोवर में अपने मन को मछली बनाकर रखते हैं। इससे वे राम नाम की सुधा (अमृत) का निरंतर रसपान किया करते हैं। क्षण भर भी उससे अलग नहीं होते।
अगुन सगुन दुइ ब्रह्म स्वरूपा, अकथ अगाध अनादि अनूपा।
मोरे मत बड़ नाम दुहू तें, किए जेहिं जुग निज बस निज बूतें।
गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि निर्गुण और सगुण ब्रह्म के दो स्वरूप माने जाते हैं। ये दोनों ही अकथनीय, अथाह, अनादि और अनुपम हैं। मेरी सम्मति में राम का नाम इन दोनों से बड़ा है जिसने अपने बल से दोनों को अपने वश में कर रखा है। अगुन से मतलब निराकार ईश्वर से है और सगुन से मतलब साकार ईश्वर से है। साकार उपासना में लोग भगवान को लौकिक व्यवहार करते हुए देखते हैं। इसलिए मंदिर एक निर्धारित समय पर
खुलते हैं। भगवान को स्नान कराकर भोग लगाया जाता है और उनकी
आरती होती है। रात में भगवान को शयन कराया जाता है। यद्यपि यह जानते हुए कि भगवान न सोते हैं, न खाते हैं। ईश्वर सर्व व्यापक है, सर्व ग्राह्य हैं-
बिनु पद चलहिं, सुनहिं बिनु काना।
इसके बाद भी एक स्वरूप तय कर लिया गया। भगवान विष्णु, भगवान शंकर, गणेश जी, हनुमान जी और मां दुर्गा सभी के अलग-अलग रूप हमारे मन में बस गये हैं। हम उनके इसी रूप की उपासना करते हैं जबकि निराकार भक्ति के उपासक भगवान को एक सर्वशक्तिमान, सर्वव्यापक मानकर
आराधना करते हैं। ईश्वर की इन दोनों उपासनाओं में नाम का महत्व है- चाहें ईश्वर कहंे, भगवान कहंे या देवी मां कहें लेकिन नाम तो लेते ही हैं।
प्रौढ़ि सुजन जनि जानहिं जनकी, कहहुं प्रतीति प्रीति रुचि मन की।
एकु दारुगत देखिअ एकू। पावक समजुग ब्रह्म विवेकू।।
उभय अगम जुग सुगम नाम तें। कहेंउ नामु बड़ ब्रह्म राम तें।।
ब्यापकु एकु ब्रह्म अबिनासी। सत चेतन घन आनंद रासी।।
गोस्वामी तुलसी दास जी कहते हैं कि सज्जन गण इस बात को मुझ दास की ढिठाई या केवल काव्योक्ति (कविता की कहावत) न समझें कि मैंने निर्गुण और सगुण उपासना में प्रभु श्री राम के नाम को बड़ा बता दिया है बल्कि मैं अपने मन के विश्वास, प्रेम और रुचि की बात कहता हूं। क्योंकि निर्गुण और सगुण दोनों प्रकार के ब्रह्म का ज्ञान अग्नि के समान है। निर्गुण उस अप्रकट अर्थात् दिखाई न पड़ने वाली आग के समान है जैसे लकड़ी के अंदर आग छिपी होती है। माचिस से जला दो तो जलने लगती है। सगुण उस अग्नि के समान है जो प्रत्यक्ष दिखाई पड़ती है। इस प्रकार तत्व के रूप में दोनों अग्नि हैं। सगुण और निर्गुण दोनों एक ही हैं लेकिन समझने में कठिन लगते हैं। प्रकट और अप्रकट रूप से भिन्न दिखाई पड़ते हैं। इन सगुण और निर्गुण को यदि नाम दे दिया जाए तो ब्रह्म को समझना आसान हो जाता है। गोस्वामी तुलसीदास कहते हैंे कि इसीलिए मैंने राम नाम को ब्रह्म से व्यापक-बड़ा कहा है। नाम को राम से भी बड़ा कहा है। यह सच है कि ब्रह्म व्यापक है, एक है, उसका कभी नाश नहीं होता है, ब्रह्म ही वास्तविक सत्ता है, चेतनता है और आनंद की धनराशि है।
अस प्रभु हृदयं अछत अविकारी, सकल जीव जगदीन दुखारी।
नाम निरुपन नाम जतन तें, सोउ प्रगटत जिमि मोल रतन तें।
ऐसे विकार रहित प्रभु के हृदय में रहते भी जगत के सब जीव दीन और दुखी हैं। नाम का निरुपण करके अर्थात् नाम के यथार्थ स्वरूप, उसकी महिमा, रहस्य और प्रभाव को जानकर, नाम का जतन करने अर्थात् श्रद्धा पूर्वक नाम जप रूपी साधना करने से वही ब्रह्म ऐसे प्रकट हो जाता है जैसे किसी रत्न को जानने से उसका मूल्य मालूम हो जाता है। मोती, मूंगा आदि अच्छी क्वालिटी न होने पर सस्ते भी मिल जाते है। इन रत्नों का कृत्रिम (आर्टिफिशियल) रूप भी बाजार में मिलता है लेकिन शुद्ध रत्न की कीमत कहीं ज्यादा होती है। इसलिए-निरगुन ते एहिं भांति बड़ नाम प्रभाउ अपार।
कहउं नामु बड़ राम तें निज विचार अनुसार।
निर्गुण से नाम का प्रभाव अत्यधिक बड़ा है। अब अपने विचार के अनुसार यह बताऊंगा कि राम नाम (सगुण) राम से भी कैसे बड़ा है-
राम भगत हित नर तनु धारी, सहि संकट किए साधु सुखारी।
नामु सप्रेम जपत अनयासा, भगत होहिं मुद मंगल बासा।
राम एक तापस तिय तारी, नाम कोटि खल कुमति सुधारीं।
रिषि हित राम सुकेतुसुता की, सहित सेनसुत कीन्ह बिबाकी।
सहित दोष दुख दास दुरासा, दलइ नामु जिमि रबि निसिनासा।
अर्थात् श्री राम ने भक्तों के हित में शरीर धारण कर स्वयं कष्ट सहकर साधुओं को सुखी किया लेकिन भक्तगण प्रेम समेत राम का नाम लेकर सहज ही आनंद और कल्याण को प्राप्त कर लेते हैं। इसी प्रकार रामचन्द्र जी ने एक तपस्वी की स्त्री (अहिल्या) का उद्धार किया, जबकि राम के नाम ने करोड़ों बिगड़ी हुई बुद्धि वालों को सुधार दिया। श्री राम ने विश्वामित्र मुनि की यज्ञ रक्षा के लिए (हित के लिए) सुकेतु यक्ष की एक कन्या ताड़का की सेना और पुत्र सुबाहु का ही संहार किया लेकिन राम का नाम अपने भक्तों को दोष, दुख और दुराशाओं का इस प्रकार नाश कर देता है जैसे सूर्य के आने से रात्रि चली जाती है।
भंजेउ राम आपु भव चापू, भव भय भंजन नाम प्रतापू।
दंडक बन प्रभु कीन्ह सुहावन, जन मन अमित राम किय पावन।
निसिचर निकर दले रघुनंदन, नामु सकल कलि कलुष निकंदन।
अर्थात् श्री राम ने तो स्वयं शिवजी के धनुष को तोड़ा लेकिन नाम का प्रताप संसार के सभी डरों (भय) का भंजन (तोड़ने वाला) है। प्रभु श्री राम ने भयानक दण्डक वन को ही सुहावना बनाया अर्थात् वहां वास किया लेकिन नाम ने असंख्य मनुष्यों के मनों को पवित्र कर दिया। श्री राम ने राक्षसों के समूह को मारा लेकिन राम का नाम तो कलियुग के सभी पापों की जड़ को उखाड़ने वाला है। इसलिए राम का नाम राम से बड़ा है। -क्रमशः
(अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button