
प्रेम और स्नेह से दुश्मन को भी दोस्त बनाया जा सकता है। स्वामी और सेवक के बीच भी प्रेम और स्नेह का बंधन महत्वपूर्ण होता है। सेवक के प्रेम से ही स्वामी उस पर स्नेह करता है। सेवक प्रेम नहीं करेगा तो स्वामी उस पर स्नेह कैसे कर सकता है। गोस्वामी तुलसीदास कहते हैं कि प्रभु राम तो विशुद्ध प्रेम से ही रीझते हैं।
लोकहुं बेद सुसाहिब रीती, विनय सुनत पहिचानत प्रीती।
गनी गरीब ग्राम नर नागर, पंडित मूढ़ मलीन उजागर।
अर्थात् लोक और वेद में भी अच्छे स्वामी की यही रीति प्रसिद्ध है कि वह विनय सुनते ही प्रेम को पहचान लेता है। अमीर-गरीब, ग्रामीण (गंवार), नगरवासी, पंडित, मूर्ख (मूढ़), बदनाम और यशस्वी और सुकवि-कुकवि सभी नर नारी अपनी मति के अनुसार राजा की सराहना करते हैं और साधु, बुद्धिमान, सुशील ईश्वर के अंश से उत्पन्न कृपालु राजा सभी की सुनकर और उनकी वाणी, भक्ति, विनय और चाल को पहचान कर सुन्दर अर्थात् मीठी वाणी से सबका यथायोग्य सम्मान करते हैं।
सुकवि कुकवि निज मति अनुहारी, नृपहिं सराहत सब नर नारी।
साधु सुजान सुसील नृपाला, ईस अंस भव परम कृपाला।
सुनि सन मानहिं सबहिं सुबानी, भनिति भगति नति गति पहिचानी।
यह प्राकृत महिपाल सुभाऊ, जान सिरोमनि कोसलराऊ।
रीझत राम सनेह निसोतें, को जग मंद मलिन मति मोतें।
लेकिन श्री रामचन्द्र जी तो चतुर शिरोमणि हैं, वह विशुद्ध प्रेम से ही प्रसन्न होते (रीझते) हैं। गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि मुझसे बढ़कर मूर्ख और कौन होगा। फिर भी
सठ सेवक की प्रीति रुचि रखिहहिं राम कृपालु।
उपल किये जलजात जेहिं सचिव सुमति कपि भालु।
कृपालु श्री रामचन्द्र जी मुझ दुष्ट सेवक की प्रीति और रुचि को अवश्य रखेंगे क्योंकि प्रभु राम ने पत्थरों को जहाज और बंदर-भालुओं को बुद्धिमान मंत्री बना लिया तो मेरे जैसे दुष्ट सेवक को भी अपना लेंगे।
हौंहु कहावत सब कहत राम सहत उपहास।
साहिब सीतानाथ सो सेवक तुलसीदास।
गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि सब लोग मुझे श्री रामजी का सेवक कहते हैं और मैं भी बिना लज्जा और संकोच के यही कहता फिरता हूं, कहने वालों का विरोध नहीं करता। श्री रामचन्द्र जी इस निंदा को सहन कर लेते हैं कि श्री सीतानाथ जी जैसे स्वामी का सेवक तुलसीदास जैसा दुष्ट है।
अति बड़ि मोरि ढिठाई खोरी, सुनि अध नरकहुं नाक सकोरी,
समुझि सहम मोहि अपडर अपनें, सो सुधि राम कीन्ह नहिं सपने।
यह मेरी बहुत बड़ी ढिठाई (उद्दंडता) और दोष (कमी) है। मेरे पाप को सुनकर नरक ने भी नाक सिकोड़ ली अर्थात् नर्क में भी मेरे लिए जगह नहीं है। यह समझकर मुझे अपने ही बनाये गये (कल्पित) डर से भय उत्पन्न हो रहा है लेकिन भगवान श्री रामचंद्र जी तो स्वप्न में भी मेरी ढिठाई और दोष पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
सुनि अवलोकि सुचित चख चाही, भगति मोरि मति स्वामि सराही।
कहत नसाइ होइ हिंय नीकी, रीझत राम जानि जन जी की।
इतना ही नहीं मेरे प्रभु श्री रामचन्द्र जी ने तो इस बात को (मेरी शठता व दुष्टता को) सुनकर, देखकर और अपनी सुचिन्तरूपी आंखों (चक्षु) से निरीक्षण कर मेरी भक्ति और बुद्धि की सराहना की है। यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि कहने में चाहे नसाय अर्थात् बिगड़ जाए पर मैं भगवान का सेवक कहता और कहलाता हूं जबकि प्रभु श्रीराम जैसे स्वामी का सेवक बनने की क्षमता और योग्यता मुझमें नहीं है। इसके बाद भी हृदय में अच्छापन होना चाहिए। गोस्वामी तुलसीदास कहते हैं कि हृदय में अपने को प्रभु राम का सेवक बनने योग्य नहीं मानता हूं और स्वयं को पापी व दीन मानता हूं, यही मेरा अच्छापन है कि अपनी कमी को स्वीकार करता हूं। श्री राम भी अपने सेवक (दास) के हृदय की इच्छा और हृदय की अच्छी बात जानकर प्रसन्न हो जाते हैं।
रहति न प्रभु चित चूक किए की करत सुरति सयबार हिए की।
जेहिं अघ बधेउ ब्याध जिमि बाली, फिरि सुकंठ सोइ कीन्ह कुचाली।
सोइ करतूति विभीषन केरी सपनेहुं सो न राम हिंय हेरी।
ते भरतहिं भेंटत सन माने राजसभा रघुबीर बखाने।
प्रभु श्रीराम के प्रसन्न होने का कारण गोस्वामी तुलसीदास यह बताते हैं कि प्रभु के हृदय में (चित्त में) भक्तों की भूल-चूक याद नहंी रहती है और भक्तों के हृदय की सच्चाई को सौ-सौ बार याद करते हैं। मालिक और नौकर के संबंधों में यह बात बड़े काम की है। मालिक यदि नौकर की छोटी-छोटी गलतियों पर टोकता रहे और उसकी तारीफ कभी न करे तो उस नौकर की स्वामि भक्ति खत्म हो जाती है, वह अपने को सिर्फ पैसे के लिए एक कर्मचारी समझता है लेकिन यदि नौकर की भूल-चूक पर मालिक ध्यान न दे और उसके अच्छे कार्यों की तारीफ करे तो वह नौकर दोगुने उत्साह से काम करता है। गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि प्रभु श्री राम इसी प्रकार के स्वामी हैं। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिस पाप के चलते प्रभु श्रीराम ने वानरराज बालि को बहेलिये की तरह छिपकर मारा, वही कुचाल अर्थात् पाप सुग्रीव ने भी किया और वही करतूत (कार्य) विभीषण ने भी की लेकिन भगवान राम ने उस पर स्वप्न मंे भी ध्यान नहीं दिया। यहां उन प्रसंगों का जिक्र करना जरूरी है जो रामचरित मानस में आगे आयेंगे। वानरराज बालि अपने भाई सुग्रीव के साथ पम्पापुरी में राज करते थे। बालि को वरदान था कि उसको सामने युद्ध में कोई पराजित नहीं कर सकता। रावण को भी बालि ने पराजित कर दिया था। उसी बालि को युद्ध के लिए एक राक्षस ने ललकारा तो बालि नगर से बाहर निकलकर उससे युद्ध करने आया। साथ में सुग्रीव भी था। राक्षस एक गुफा में घुस गया तो बालि भी गदा लेकर उसके पीछे उस गुफा में प्रवेश कर गया। सुग्रीव से कहा कि 15 दिन मेरा इंतजार करना। सुग्रीव ने एक महीने इंतजार किया। इसी बीच गुफा से खून की धारा बहती निकली सुग्रीव ने समझा कि राक्षस ने बालि को मार डाला है और गुफा से बाहर आकर मेरी भी हत्या कर देगा। इसलिए सैनिकों के साथ सुग्रीव ने गुफा के मुंह पर बड़ा सा पत्थर रखकर गुफा का द्वार बंद कर दिया। पंपापुरी में सुग्रीव को राजा बना दिया गया। बालि उस राक्षस को मार कर गुफा के किनारे पहुंचा तो गुफा के मुख पर पत्थर देख क्रोधित हुआ। बालि बलशाली था, इसलिए पत्थर को अपनी गदा से तोड़कर बाहर आया। पंपापुरी नगर में सुग्रीव को राज सिंहासन पर बैठा देख उसका क्रोध और अधिक बढ़ गया। उसने सोचा कि सुग्रीव ने खुद को राजा बनाने के लिए गुफा के मुख पर पत्थर रखा था। इसके बाद बालि ने सुग्रीव को मार पीट कर नगर से भगा दिया और उसकी संपत्ति के साथ उसकी पत्नी को भी अपनी रानी बना लिया।
वनवास के समय राम की सुग्रीव से मित्रता हुई तो राम ने बालि का छिपकर वध किया और कहा-
अनुज वधू भगिनी, सुत नारी, सुनु सठ कन्या सम ये चारी।
इन्हहिं कुदृष्टि बिलोकइ जोई, ताहि बधें कछु पाप न होई।
बाद में सुग्रीव ने भी बालि का
वध होने पर बालि की पत्नी तारा को अपनी रानी बनाया और विभीषण ने रावण का वध होने पर रावण की
पत्नी मंदोदरी को अपने रनिवास
में शामिल किया। श्रीराम ने बालि
का तो वध किया लेकिन सुग्रीव
और विभीषण के पाप पर बिल्कुल
ध्यान नहीं दिया। राजसभा में भरत से गले मिलकर इन लोगों ने सम्मान पाया। -क्रमशः
(अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)



