अध्यात्म

यह सुभ संभु उमा संवादा… 25

बहुत गंभीर है राम की यह कथा

कथाएं कई प्रकार की होती हैं। साहित्य की दृष्टि से इनकी व्याख्या की जाए तो पूरी पुस्तक बन जाएगी लेकिन इन कथाओं को मोटे रूप में दो भागों में बांटा जा सकता है। पहली वे कथाएं जो सरल शब्दों में सीधे-सादे अर्थाें की होती हैं। बच्चे भी उनको पढ़कर समझ जाते हैं लेकिन कुछ कथाएं बहुत गंभीर
होती हैं जिनके शाब्दिक अर्थ तो सामान्य होते हैं लेकिन उन्हीं शब्दों की गंभीरता को समझने में बुद्धि और विवेक पर जोर देना पड़ता है। भगवान राम की कथा भी ऐसी ही गूढ कथा है जिसके शब्दों में बड़े-बड़े विद्वान उलझ जाते हैं। गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि यह प्रभु श्रीराम की कथा है जो
प्रभु तरूतर कपि डार पर ते किए आपु समान
तुलसी कहूं न राम से साहिब सील निधान।
प्रभु वृक्ष के नीचे और उनके सहायक बंदर पेड़ की डाली पर अर्थात कहां मर्यादा पुरुषोत्तम सच्चिदानंदधन परमात्मा श्रीराम और कहां पेड़ों की शाखाओं पर कूदने वाले बंदर लेकिन ऐसे बंदरों को भी उन्होंने अपने समान बना लिया। उदाहरण के लिए हनुमान जी जिनको ईश्वर मानकर ही लोग पूजा करते हैं। इसलिए रामचन्द्र जी सरीखे शील निधान स्वामी कहीं भी नहीं हैं। इसलिए
राम निकाईं रावरी है सबही को नीक।
जौं यह सांची है सदा तौ नीको तुलसीक।
हे राम जी आपकी निकाई (अच्छाई) से सभी का भला हैं सभी के लिए वह नीक (अच्छी) लगती है। आपका कल्याण मय स्वभाव ही सभी का कल्याण करने वाला है। यदि यह बात सच है तो तुलसीदास के लिए भी सदा कल्याणकारी ही होगा।
यहि विधि निज गुनदोष कहि सबहिं बहुरि सिरूनाइ।
बरनउं रघुवर बिसद जसु सुनि कलि कलुष नसाइ।
इस प्रकार अपने गुण-दोषों को कहकर और सभी को पुनः सिर नवाकर मैं श्री रघुनाथ जी के निर्मल यश का वर्णन करता हूं जिसके सुनने से कलियुग के पाप नष्ट हो जाते हैं।
जागबलिक जो कथा सुहाई, भरद्वाज मुनि बरहि सुनाई।
कहिहउँ सोइ संवाद बखानी, सुनहु सकल सज्जन सुखुमानी।
संभु कीन्ह यह चरित सुहावा, बहुरि कृपा करि उमहिं सुनावा।
सोइ सिव काग भुसुंडिहि दीन्हा, रामभगत अधिकारी चीन्हा।
तेहि सन जागबलिक पुनि पावा, तिन्ह पुनि भरद्वाज प्रति गावा।
ते श्रोता बकता समसीला, सवंदरसी जानहिं हरि लीला।
गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि मुनि याज्ञ वल्क्य जी ने जो सुहावनी कथा मुनि श्रेष्ठ भारद्वाज जी को सुनाई थी, उसी संवाद को मैं बखान कर (अपने अनुसार व्याख्या कर) कहूंगा। सभी सज्जन सुख का अनुभव करते हुए उसे सुनें। भगवान शिव ने सबसे पहले इस सुहावने चरित्र को रचा (तैयार किया) फिर कृपा करके पार्वती को सुनाया। वही चरित्र काग भुशुण्डि जी को राम का भक्त और उनकी भक्ति का अधिकारी पहचान कर दिया। उन काग भुशुण्डि जी से फिर महाऋषि याज्ञ वतक्य ने पाया (अर्थात् उसी कथा को दुबारा सुना तब पूरी तरह समझ में यह कथा आयी) याज्ञ बल्क्य जी ने फिर उसे भारद्वाज जी को गायन कर सुनाया। वे दोनों श्रोता और वक्ता याज्ञ वल्क्य और भारद्वाज समान शील वाले और समदर्शी हैं। ये दोनों भगवान राम (हरि) की लीला को जानते हैं।
जानहिं तीनिकाल निज ग्याना, करतल गत आमलक समाना।
औरउ जे हरिभगत सुजाना, कहहिं सुनहिं समुझहिं विधि नाना।
ये दोनों ऋषि अपने ज्ञान से तीनों कालों (भूत, भविष्य और वर्तमान) की बातों को हथेली पर रखे आंवले के समान जानते हैं और भी जो सुजान अर्थात भगवान की लीलाओं का रहस्य जानते हैं, हरिभक्त हैं वे भी इस चरित्र को नाना प्रकार से कहते, सुनते और समझते हैं।
मैं पुनि निजगुर सन सुनी कथा सो सूकर खेत।
समुझी नहिं तसि बालपन तब अति रहेउं अचेत।
श्रोता वक्ता ग्यान निधि कथा राम कै गू़ढ़
किमि समझौं मैं जीव जड़ कलिमल ग्रसित विमूढ़।
गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि मैंने भी बाराह (सूकर खेत) क्षेत्र में अपने गुरू स्वामी नर हर्याचार्य से यह कथा सुनी थी लेकिन उस समय मैं लड़कपन के कारण बहुत नासमझ था इससे उसको अच्छी तरह से समझा नहीं क्योंकि श्रीराम जी की गूढ़ कथा के वक्ता (कहने वाले) और श्रोता (सुनने वाले) दोनों ज्ञान के खजाने अर्थात महाज्ञानी होते हैं और मैं कलियुग के पापों से ग्रसा हुआ, महामूर्ख (मूढ़) जड़ जीव के समान भला उसको कैसे समझ सकता।
तदपि कही गुर बारहि बारा, समुझि परी कछु मति अनुसारा।
भाषाबद्ध करबि मैं सोई, मोरे मन प्रबोध जेहिं होई।
जस कुछ बुधि विवेक बल मेरे, तस कहिहउं हियं हरि के प्रेरे।
निज संदेह मोह भ्रम हरनी, करउं कथा भव सरिता तरनी।
इसीलिए मेरे गुरू जी ने उसी कथा को बार-बार सुनाया, तब बुद्धि के अनुसार कुछ समझ में आयी।
वही कथा अब मेरे द्वारा भाषा (सरल हिन्दी) मंे रची जाएगी, जिससे मेरे मन को संतोष हो। गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि जैसा कुछ मुझमें बुद्धि और विवेक का बल है, मैं हृदय में हरि की प्रेरणा से उसी के अनुसार कहूूंगा। मैं अपने संदेह, अज्ञान और भ्रम को हरने वाली कथा रचता (लिखता) हूं जो संसार रूपी नदी के पार जाने के लिए नाव के समान है।
इस प्रकार गोस्वामी तुलसीदास ने स्पष्ट रूप से कह दिया कि सुनी हुई कथा को मैं अपने बुद्धि और विवेक के अनुसार लिख रहा हूं जिससे मेरे मन को संतोष मिलेगा। इसके बाद भी विद्वान इसका व्यापक अर्थ निकालता है अथवा किसी दूसरी कथा से मिलान करता है तो यह उसका विशेषाधिकार है और इसके लिए वह पूरी तरह से स्वतंत्र है क्योंकि राम की कथा बहुत ही गंभीर अर्थों वाली गूढ़ है। मैं जैसा समझा, वैसा ही लिखा है। -क्रमशः
(अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button