अध्यात्म

यह सुभ संभु उमा संवादा… 34

सती का मोह, शिव ने किया परित्याग

हर व्यक्ति के सामने कभी-कभी
दुविधापूर्ण परिस्थितियां आती हैं। इसी प्रकार की परिस्थिति भगवान शंकर के सामने आ गयी जब वन में श्रीराम को विरही नरलीला करते देखा। वह प्रभु जो सुख-दुख, विरह मिलने से परे है, वही महाविरही की तरह लता-पुष्पों से सीता का पता पूछ रहा है। इस लीला को भगवान शंकर ही जानते थे, उनकी अद्र्धांगी सती भी नहीं जानती थीं। इसलिए शंकर भगवान यही सोच रहे थे कि क्या करूं?
जौं नहिं जाउं रहहि पछितावा, करत विचारु न बनत बनावा।
भगवान शंकर सोचने लगे कि यदि प्रभु श्रीराम के पास नहीं जाउंगा तो यह हमेशा के लिए प्रायश्चित रहेगा। इस प्रकार विचार मेें डूबे थे और कोई भी युक्ति काम नहीं आ रही थी।
एहि विधि भए सोच बस ईसा, तेही समय जाइ दससीसा।
लीन्ह नीच मारीचहिं संगा, भयउ तुरत सोइ कपट कुरंगा।
इस प्रकार प्रभु शिव चिंता के वश हो गये। उसी समय नीच रावण ने जाकर मारीच को साथ लिया और वह मारीच तुरंत कपट मृग बन गया।
करि छलु मूढ़ हरी बैदेही, प्रभु प्रभाउ तस बिदित न तेही।
मृग बधि बंधु सहित प्रभु आए, आश्रम देखि नयन जल छाए।
मूर्ख रावण ने छल करके सीता को हर लिया। उसे श्री रामचन्द्र जी के वास्तविक प्रभाव का कुछ भी पता नहीं था। गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरित मानस में आगे इसे बताया है कि किस तरह रावण प्रभु राम को पहचानने में धोखा खाता रहा। दण्डकबन मंे जब राम, लक्ष्मण और सीता निवास कर रहे थे तो रावण की बहन सूपनखा वहां आयी और सुन्दर वेश बनाकर राम से शादी का प्रस्ताव रखा। राम ने उसे लक्ष्मण से शादी करने को कहा तो लक्ष्मण ने उससे कहा कि मैं तो राम का सेवक हूं। शादी करके उनकी सेवा कैसे कर पाऊंगा, इसलिए आप श्री राम से ही विवाह करें। इस प्रकार सूपनखा ने समझ लिया कि ये दोनों राजकुमार उससे खेल रहे हैं। वह क्रोधित हुई और अपने वास्तविक रूप में आकर सीता की तरफ झपटी। तभी श्री राम ने इशारा किया और लक्ष्मण ने उसकी नाक और कान काट डाले। सूपनखा उसी क्षेत्र के सेनापति खर-दूषण के पास गयी। खर-दूषण अपनी विशाल सेना लेकर युद्ध करने आये भगवान राम ने अकेले ही खर-दूषण और उनकी सेना का विनाश कर दिया। इसके बाद सूपनखा रावण के पास गयी और सारा वृत्तांत बताया। रावण तब चिंता में पड़ गया और कहने लगा-
खर-दूषण मोहि सम बलवंता,
तिन्हई को मारइ बिनु भगवंता।
इस प्रकार रावण को एहसास तो हुआ लेकिन वह भगवान की परीक्षा लेने के लिए ही सीता का हरण करने गया था। उसने सोचा कि यदि सचमुच ये भगवान हैं तो कपट मृग के धोखे में नहीं आएंगे लेकिन भगवान श्रीराम नर लीला कर रहे थे इसलिए वे कपट मृग के पीछे चले गये। रावण भ्रम में ही रह गया और उसने छल करके सीता का अपहरण किया। उधर, श्रीराम कपट मृग का वध कर आश्रम में आए तो आश्रम में जानकी को न देखकर रोने लगे।
बिरह विकल नर इव रघुराई, खोजत विपिन फिरत दोउ भाई।
कबहूं जोग बियोग न जाके, देखा प्रगट बिरह दुखु ताकें।
श्री रधुनाथ जी मनुष्यों की भांति बिरह से व्याकुल हैं और दोनों भाई
वन में सीता को खोजते हुए फिर
रहे हैं। प्रभु की लीला देखिए कि जिसको कभी कोई संयोग-बियोग ही नहीं उसी में प्रत्यक्ष बिरह का दुख देखा गया।
अति बिचित्र रघुपति चरित जानहिं परम सुजान।
जे मतिमंद बिमोह बस हृदय धरहिं कछु आन।
श्री रघुनाथ जी का चरित्र बड़ा ही बिचित्र है, उसको परमज्ञानी ही जान सकते हैं, जो मंद बुद्धि हैं, वे तो बिशेष रूप से मोह के वश होकर हृदय में कुछ दूसरी ही बात समझ बैठते हैं, जैसा रावण ने समझा था।
संभु समय तेहि रामहिं देखा, उपजा हियं अति हरष विसेषा।
भरि लोचन छबि सिन्धु निहारी, कुसमय जानि न कीन्हि चिन्हारी।
जय सच्चिदानन्द जग पावन, अस कहि चलेउ मनोज नसावन।
चले जाते सिव सती समेता, पुनि पुनि पुलकत कृपा निकेता।
श्री शिवजी ने उस अवसर पर प्रभु राम को देखा और उनके मन में प्रभु की नर लीला देखकर बहुत आनंद उत्पन्न हुआ। उन शोभा के समुद्र श्री रामचन्द्र जी को शिवजी ने नेत्र भर कर देखा लेकिन अवसर ठीक न जानकर परिचय नहीं किया। भगवान शंकर ने उनको दूर से ही प्रणाम किया और कहा जगत को पवित्र करने वाले सच्चिदानंद की जय हो। इस प्रकार कहकर कामदेव का नाश करने वाले शिवजी चल पड़े। कृपा निधान शिवजी बार-बार आनंद से पुलकित होते हुए सती जी के साथ चले जा रहे थे।
सती सो दसा संभु कै देखी, उर उपजा संदेहु विसेषी।
संकरु जगत बंद्य जगदीसा, सुरनर मुनि सब नावत सीसा।
तिन्ह नृप सुतहि कीन्ह परनामा, कहि सच्चिदानंद
परधामा।
भए मगन छबि तासु बिलोकी, अजहुं प्रीति उर रहति न रोकी।
ब्रह्म जो व्यापक बिरज अज अकल अनीह अभेद।
सो कि देह धरि होइ नर जाहि न जानत बेद।
सती जी ने भगवान शंकर ही यह दशा देखी तो उनके मन में बड़ा संदेह पैदा हो गया। वे मन ही मन कहने लगीं कि शंकर जी की सारा जगत वंदना करता है, वे जगत के ईश्वर है। देवता, मनुष्य, मुनि सब उनको अपना सिर नवाते हैं अर्थात् प्रणाम करते हैं। उन्हींे भगवान शंकर ने एक राजपुत्र को सच्चिदानंद परमधाम कहकर प्रणाम किया और उसकी शोभा देखकर वह इतने प्रेम मग्न हो गये कि अब तक उनके हृदय में प्रीति रोकने से भी नहीं रुक रही है। सती सोचने लगीं कि जो ब्रह्म सर्वव्यापक माया रहित, अजन्मा, अगोचर, इच्छा रहित और भेद रहित है और जिसे वेद भी नहीं जानते क्या वह शरीर धारण करके मनुष्य हो सकता है।
विष्णु जो सुर हित नर तनु
धारी, सोउ सर्वग्य जथा त्रिपुरारी।
खोजइ सो कि अग्य इव नारी, ग्यान धाम श्रीपति असुरारी।
सती ने यह भी सोचा कि देवताओं के हित के लिए मनुष्य शरीर धारण करने वाले जो विष्णु भगवान हैं, वे भी शिवजी के समान ही सर्वज्ञ हैं। वे ज्ञान के भंडार लक्ष्मीपति और असुरों के शत्रु भगवान विष्णु क्या अज्ञानी की तरह स्त्री को खोजेंगे। इस प्रकार तरह-तरह की बातें सोचते हुए सती माता संदेह में पूरी तरह घिर गयीं। सती का यह संदेह कौन सी समस्या खड़ी करता है। इसे आगे के प्रसंग में बताया जाएगा। -क्रमशः (अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button