मोदी ने बालेन का किया स्वागत कहा नेपाल के बिना हमारे राम जी अधूरे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत के अयोध्या से नेपाल के जनकपुरी तक चलने वाली सरयू कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। दोनों नेताओं के बीच जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई है जिसमें पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल की साझा सभ्यता है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का भारत में स्वागत है। उन्होंने कहा कि नेपाल के बिना हमारे रामजी अधूरे हैं। इससे पहले सुबह राष्ट्रपति भवन में बालेन शाह का स्वागत किया गया था, जहां रेड कार्पेट बिछाया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया था। पीएम मोदी ने गले लगाकर उनका स्वागत किया था। पीएम मोदी ने कहा नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने जब विश्व के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में यूएन में संबोधित किया था, तब हमें उनकी दूरदर्शिता की स्पष्ट झलक दिखाई दी थी। नेपाल और भारत के बीच रेल और सीमा का संपर्क बढ़ाया जा रहा है। दोनों प्रधानमंत्रियों ने इस दौरान महाकाली नदी पर मोटर पुल की आधारशिला रखी, इसके अलावा भी भारत और नेपाल के बीच शुरू होने वाले कई प्रोजेक्टों की आधारशिला रखी गई है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत नेपाल को कांडला और पारादीप के बंदरगाहों तक पहुंच देगा, जिससे व्यापार और लोगों की आवाजाही आसान होगी।
भारत और नेपाल के बीच सरयू कमला एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत हो गयी है। पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह ने नई दिल्ली से दोपहर में वर्चुअल इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। साप्ताहिक चलने वाली इस ट्रेन में यात्रियों को कई सुविधाएं भी मिलेगी, अब भक्तों को भगवान राम की नगरी अयोध्या से सीधे माता सीता की नगरी जनकपुरी तक जाने के लिए सीधी ट्रेन मिल जाएगी। हफ्ते में दो दिन यह ट्रेन चलेगी, जिससे यात्रियों को अब भारत से नेपाल के बीच यात्रा करने में आसानी होगी, सबसे ज्यादा फायदा धार्मिक यात्रा पर जाने वाले लोगों को मिलेगा। यह यूपी के पूर्वांचल की बिहार और नेपाल तक कनेक्टिविटी बढ़ाने वाली है। 23 नवंबर से सरयू कमला एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत की गयी, हालांकि उस दिन इसका उद्घाटन हुआ, लेकिन आम लोगों के लिए यह ट्रेन 28 नवंबर 2026 से शुरू होगी। उद्घाटन वाली ट्रेन जिसकी गाड़ी संख्या 04295 आज दोपहर 12 बजकर 30 मिनट से अयोध्या से रवाना हुई, जो मंगलवार सुबह 10 बजे नेपाल के जनकपुर धाम पहुंच जाएगी। वापसी में यह ट्रेन 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे जनकपुर से चलकर 25 नवंबर सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या पहुंचेगी। इस ट्रेन की सेवा साप्ताहिक होगी



