ऐश्वर्या में है गायन की भी प्रतिभा

बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन अक्सर सुर्खियों में बनी रहती हैं। ऐश्वर्या इन दिनों फिल्मों में कम एक्टिव हैं, लेकिन किसी न किसी वजह से सुर्खियों का हिस्सा बनी रहती हैं। ये तो सभी जानते हैं कि विश्व सुंदरी एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं, लेकिन एक चैट शो के दौरान अपनी एक छुपी हुई प्रतिभा से भी पर्दा उठाया था और उनकी इस प्रतिभा ने हर किसी का दिल जीत लिया था। सोशल मीडिया पर ऐश्वर्या राय का एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ऐश्वर्या चैट शो जीना इसी का नाम है के एक एपिसोड में नजर आ रही हैं। उनके साथ अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह भी हैं और इस दौरान उन्हें फारूक शेख के साथ हल्की-फुल्की मस्ती करते देखा जा सकता है। इसी एपिसोड के दौरान ऐश्वर्या ने अपनी सिंगिंग स्किल भी फ्लॉन्ट की थी।एपिसोड के दौरान जब होस्ट ने चंद्रचूड़ सिंह से कहा कि क्या वह जोश की शूटिंग के दौरान का कोई मजेदार या खास किस्सा साझा कर सकते हैं, तो उन्होंने बताया कि ऐश्वर्या एक अच्छी अभिनेत्री होने के साथ-साथ बेहतरीन सिंगर भी हैं और ये बात कम लोगों को पता है। चंद्रचूड़ सिंह ने ऐश्वर्या की सिंगिंग स्किल के बारे में बताते हुए कहा- ऐश्वर्या जितनी खूबसूरत दिखती हैं, उतना ही सुंदर गाती भी हैं। उनकी आवाज बहुत ही मधुर है। चंद्रचूड़ के इस खुलासे के साथ ही लोगों की उत्सुकता भी बढ़ गई और लोग ऐश्वर्या से गाने की सिफारिश करने लगे।
चंद्रचूड़ सिंह की बात सुनकर पहले तो ऐश्वर्या हंस पड़ीं और कहा कि असल में गाना तो चंद्रचूड़ ही अच्छा गाते हैं। लेकिन, फिर हो्सट ने उनसे और चंद्रचूड़ से गाने का आग्रह किया और कहा कि वह लोगों की डिमांड पर कुछ गाकर सुनाएं। इस पर ऐश्वर्या ने शरमाते हुए अपनी बॉलीवुड डेब्यू फिल्म और प्यार हो गया का गाना मेरी सासों में बसा है तेरा ही एक नाम गाना शुरू किया। बीच में ऐश्वर्या हंस पड़ीं और फिर उन्होंने गाना आगे जारी रखा। इसके आगे चंद्रचूड़ सिंह भी उनका साथ देते दिखे। उनका ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे फैंस से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। शो के दौरान ही होस्ट फारूक शेख ने चंद्रचूड़ सिंह से ऐश्वर्या के साथ काम करने का अपना एक्सपीरिंस साझा करने को भी कहा, जिस पर अभिनेता कहते हैं- ऐश्वर्या बहुत ही सपोर्टिव और दयालु हैं। (हिफी)



