अखंडा-2 फिल्म 12 दिसम्बर को होगी रिलीज

तेलुगु सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘अखंडा 2’ के पोस्टपोन होने से दुखी है? तो ये खबर पक्का आपके चेहरे पर मुस्कान ला सकती है। ये मूवी 5 दिसंबर यानी शुक्रवार को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी। लेकिन अखंडा 2 की रिलीज कुछ ऐसे कारणों से रोकी गई है, जिन्हें टालना संभव नहीं था। इसके बाद ‘अखंडा 2’ की रिलीज को लेकर विवाद छिड़ गया, जो फिल्म के मेकर्स और एक नामी प्रोडक्शन हाउस कंपनी के बीच रहा। अब खबर आ रही है कि नंदमुरी बालाकृष्ण की अखंडा 2 को नई रिलीज डेट मिल गई है।
आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक नया पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, ‘बॉक्स ऑफिस पर डिवाइन डिस्ट्रक्शन के लिए पूरी तरह तैयार! अखंडा 2 की मासिव पावर को थिएटर्स में 12 दिसंबर से महसूस करें, ग्रैंड प्रीमियर 11 दिसंबर को। बुकिंग्स जल्द शुरू!’ सिनेमा एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की रिलीज पोस्टपोन करने का फैसला मद्रास हाई कोर्ट के आदेश के बाद लिया गया, जिसने ईरोस इंटरनेशनल मीडिया लिमिटेड द्वारा दायर अपील के बाद इसके प्रीमियर पर रोक लगा दी। यह मामला एक लंबे समय से चल रहे कानूनी विवाद से जुड़ा है, जो पहले के एक मध्यस्थता निर्णय से संबंधित है। यह फैसला ईरोस के पक्ष में गया था और कंपनी को लगभग 28 करोड़ के साथ 14 प्रतिशत ब्याज का अधिकार मिलना था। कोर्ट ने निर्देश दिया कि जब तक बकाया राशि का निपटारा नहीं हो जाता, तब तक अखंडा-2 को सिनेमाघरों में, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर या सैटेलाइट प्रसारण के माध्यम से रिलीज नहीं किया जा सकता। ईरोस ने यह भी दावा किया कि 14 रील्स प्लस एलएलपी मूलतः 14 रील्स एंटरटेनमेंट का ही निरंतर रूप है और बकाया राशि का निपटारा किए बिना रिलीज की अनुमति देने से प्रमोटर्स को अपने वित्तीय दायित्वों से बचते हुए लाभ कमाने का अवसर मिल जाएगा। अखंडा 2’ 2021 की ब्लॉकबस्टर ‘अखंडा’ का सीक्वल है, जिसे बॉयापति श्रीनू ने डायरेक्ट किया है। बालकृष्णा के अलावा फिल्म में सम्युक्ता, आदि पिनिशेट्टी और हर्षाली मल्होत्रा मुख्य भूमिकाओं में हैं। थमन एस के संगीत से सजा साउंडट्रैक फैंस को खूब पसंद आया है। अखंडा-2 फिल्म 12 दिसम्बर को होगी रिलीज



