फिल्मी

दिल दरिया है में पहली बार दिखी थीं अलका अमीन

प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज मिर्जापुर 3 ने कई कलाकारों को नई पहचान दी है। जहां एक तरफ सलोनी भाभी के रूप में नेहा सरगम की चर्चा है, वहीं उनकी सास गीता त्यागी का किरदार निभाने वाली अनुभवी अभिनेत्री अलका अमीन ने भी अपनी सशक्त एक्टिंग से सबका ध्यान खींचा है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पर्दे पर बेहद सख्त दिखने वाली यह त्यागी अम्मा कभी रोमांस के किंग शाहरुख खान की पहली ऑन-स्क्रीन हीरोइन रह चुकी हैं? हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक बहुत ही युवा अलका अमीन और शाहरुख खान साथ नजर आ रहे हैं। इस क्लिप को देख फैंस दंग रह गए कि मिर्जापुर की टफ त्यागी महिला कभी छोटे पर्दे पर किंग खान के साथ रोमांस कर चुकी हैं। यह किस्सा साल 1988 के टीवी सीरियल दिल दरिया का है, जिसे मशहूर निर्देशक लेख टंडन ने बनाया था। यह वही दौर था जब शाहरुख फौजी और दिल दरिया जैसे शोज से अपने करियर की शुरुआत कर रहे थे। लेख टंडन को ही शाहरुख खान को टेलीविजन के लिए खोजने का श्रेय दिया जाता है। इस शो में अलका अमीन ने शाहरुख के किरदार नंदू की पत्नी कांथा का रोल निभाया था। उस समय उन्हें अलका सक्सेना के नाम से जाना जाता था। एक दिलचस्प तथ्य यह भी है कि अलका असल जिंदगी में शाहरुख खान से चार साल बड़ी हैं। चूंकि दिल दरिया वह पहला शो था जिसे शाहरुख ने साइन किया था, इसलिए तकनीकी रूप से अलका अमीन को शाहरुख खान की पहली हीरोइन कहा जा सकता है।
दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाला यह सीरियल दो परिवारों के बीच के तनाव और आपसी रिश्तों के इर्द-गिर्द बुना गया था। शाहरुख खान इसमें एक कपड़े के दुकानदार के बेटे नंदकिशोर (नंदू) बने थे, जो अपनी बेहतरीन सेल्समैनशिप के लिए जाना जाता था। इस शो में दिव्या सेठ ने उनकी भाभी का किरदार निभाया था, जो उनके साथ बैरी जॉन के ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में थीं।
शाहरुख खान के साथ करियर की शुरुआत करने के बावजूद अलका अमीन को बड़े पर्दे पर दोबारा सक्रिय होने में लंबा वक्त लगा। दिल दरिया के बाद उन्होंने लगभग 15 साल का ब्रेक लिया और 2003 में फिल्म स्वराज से वापसी की। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button