अर्चना को फिल्म के लिए 10 साल करना पड़ा इंतजार

अर्चना पूरन सिंह टीवी और फिल्मों की दुनिया में पॉपुलर नाम हैं। अब उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें अच्छा काम नहीं मिल रहा है। द कपिल शर्मा शो से लगातार जुड़े रहने की वजह से अर्चना काफी समय तक तक फिल्मों और फिक्शन शोज से दूर रहीं। हालांकि, कपिल के इस कॉमेडी शो के बीच उन्होंने कुछ फिल्मों में काम तो किया, लेकिन अर्चना का मानना है कि वे किरदार उतने दमदार नहीं थे। टीवी के बिजी शेड्यूल के चलते उन्हें कई बेहतरीन रोल ठुकराने पड़े, लेकिन ज्यादातर समय उन्हें सिर्फ सही मौकों का इंतजार ही करना पड़ा। लोगों को लगता है कि विक्की विद्या का वो वाला वीडियो और टोस्टर जैसी फिल्मों के साथ-साथ व्लॉगिंग शुरू करने के बाद उनके दिन बदल गए होंगे, लेकिन अर्चना की कहानी कुछ और ही है। उन्होंने खुलासा किया, मुझे ब्रांड एंडोर्समेंट के ऑफर्स तो जरूर मिल रहे हैं, लेकिन एक्टिंग के रोल अभी भी मेरे पास नहीं आ रहे हैं। ऐसा बिल्कुल नहीं है कि टोस्टर के बाद मेरे पास फिल्मों की लाइन लग गई हो। अर्चना बताती हैं, कुछ ही दिनों पहले मैंने एक फिल्म रिजेक्ट की, पर सिर्फ इसलिए क्योंकि मुझे अपना किरदार पसंद नहीं आया। सच तो यह है कि अभी भी मेरे पास बहुत बेहतरीन रोल्स नहीं आ रहे हैं। मैं एक बार फिर सभी फिल्ममेकर्स से कहना चाहती हूं कि मैं काम करना चाहती हूं, लेकिन हमारी इंडस्ट्री का ढर्रा थोड़ा अलग है और ठीक है, शायद ऐसा ही होता है। रोहित शेट्टी की फिल्म बोल बच्चन बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट रही थी, लेकिन अर्चना के एक्टिंग करियर में मंदी की शुरुआत उसी के बाद से हो गई। उन्होंने कहा, बोल बच्चन की रिलीज के बाद मुझे ट्रेड एनालिस्ट्स के फोन आए थे। उन्होंने कहा कि अब तो तुम्हारे पास ऑफर्स की लाइन लग जाएगी। अर्चना ने बताया ? मैंने उनसे मजाक में कहा था कि जिस दिन पहला ऑफर आएगा, उसी दिन मैं तुम्हें कॉल करूंगी। उसके बाद 10 साल बीत गए, लेकिन मेरे पास उनको फोन करने की कोई वजह ही नहीं आई। उन 10 सालों में मुझे एक भी फिल्म का ऑफर नहीं मिला। हमारी इंडस्ट्री वाकई में अजीब है। आखिर काम न मिलने की वजह क्या रही? इस पर अर्चना कहती हैं, इसकी कई वजहें हो सकती हैं। बहुत से फिल्ममेकर्स को लगा कि मैं कॉमेडी शोज में बिजी हूं और उन्हें अपनी तारीखें नहीं दे पाऊंगी। जब मैं टीवी पर शो कर रही थी, तब मेरे हाथ से कुछ फिल्में इसलिए भी निकल गईं क्योंकि मैं उनके लिए समय नहीं निकाल सकती थी। (हिफी)



