हेमा की बहन मधु के साथ अजय देवगन की आई थी पहली फिल्म

सन् 1991 में आई एक फिल्म ने बॉलीवुड को ऐसा सितारा दिया, जिसने आगे चलकर एक्शन से लेकर कॉमेडी और गंभीर किरदारों तक अपनी अलग पहचान बनाई। फिल्म थी ‘फूल और कांटे’, जिससे अजय देवगन ने बतौर अभिनेता हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। उस वक्त अजय की उम्र महज 22 साल थी। फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री मधु नजर आई थीं, जिन्हें हेमा मालिनी की कजिन के रूप में भी जाना जाता है। कहानी, एक्शन और संगीत के मेल ने इस फिल्म को उस दौर की यादगार फिल्मों में शामिल कर दिया।
कुकू कोहली के निर्देशन में बनी ‘फूल और कांटे’ 22 नवंबर 1991 को रिलीज हुई थी। फिल्म में अजय देवगन और मधु के अलावा अमरीश पुरी, अरुणा ईरानी, जगदीप, रजा मुराद और गोगा कपूर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में थे। अजय की एंट्री का अंदाज आज भी दर्शकों को याद है। दो चलती मोटरसाइकिलों पर पैर रखकर उनका स्टंट उस समय खूब चर्चा में रहा था। यह सिर्फ एक फिल्मी सीन नहीं था, बल्कि अजय की एक्शन हीरो वाली छवि की शुरुआत भी थी। फिल्म की कहानी प्यार और परिवार के बीच फंसे एक नौजवान की है। अजय का किरदार एक ऐसे परिवार से आता है, जिसका जुड़ाव अपराध की दुनिया से है। वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहता है और प्यार के रास्ते पर आगे बढ़ता है लेकिन परिवार की पुरानी दुश्मनी और अपराध की दुनिया उसके रिश्ते और सपनों के सामने मुश्किलें खड़ी कर देती हैं। फिल्म में रोमांस के साथ एक्शन और भावनात्मक टकराव भी देखने को मिलता है।
‘फूल और कांटे’ की लोकप्रियता में इसके गानों का बड़ा योगदान था। फिल्म का संगीत नदीम-श्रवण ने तैयार किया था और गीत समीर ने लिखे थे। साउंडट्रैक में कुमार सानू, अलका याज्ञनिक और उदित नारायण जैसे लोकप्रिय गायकों की आवाजें सुनाई दीं। ‘धीरे धीरे प्यार को बढ़ाना है’, ‘तुमसे मिलने को दिल करता है’, ‘प्रेमी आशिक आवाराश् और ‘मैंने प्यार तुम्हीं से किया है’ जैसे गाने खूब पसंद किए गए। रोमांटिक धुनों और याद रह जाने वाले बोलों ने इस एल्बम को उस दौर के चर्चित फिल्मी संगीत में जगह दिलाई। (हिफी)



