विश्व-लोक

चीन में सुपर पावर्स की महामुलाकात

बीजिंग। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपने अमेरिकी और रूसी समकक्ष के साथ शेनझेन में त्रिपक्षीय बैठक करेंगे। अमेरिका के बाद अब चीनी विदेश मंत्रालय ने भी सुपरपावर्स की महामुलाकात की पुष्टि कर दी है। 16 नवम्बर को एक आधिकारिक बयान जारी किया गया जिसके मुताबिक 19 नवंबर को, राष्ट्रपति शी जिनपिंग शेनझेन में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ चीन-रूस-अमेरिका शिखर सम्मेलन आयोजित करेंगे। हालांकि अभी क्रेमिलन की ओर से पुतिन के कार्यक्रम की पुष्टि नहीं हुई है। माना जा रहा है कि मॉस्को की ओर से जल्द ही कोई बयान जारी हो सकता है। यह ऐतिहासिक बैठक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन से इतर होगी, जिसमें दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों के नेता पहली बार एक साथ बैठेंगे। इससे पहले व्हाइट हाउस ने ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग की मुलाकात की योजना का उल्लेख किया था, हालांकि तब तारीख का खुलासा नहीं किया गया था। व्हाइट हाउस ने बताया था कि अगले हफ्ते चीन में होने वाले एक शिखर सम्मेलन से इतर मुलाकात करने की योजना बना रहे हैं।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स ने पत्रकारों से कहा, अमेरिका, रूस और चीन के तीनों नेताओं के बीच यह ऐतिहासिक मुलाकात तब होगी, जब ट्रंप चीन के दक्षिणी शहर शेनझेन में होने वाले एशिया पैसिफिक इकोनॉमिक को-ऑपरेशन (एपेक) सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा, राष्ट्रपति ने साफ कर दिया है कि वह दुनिया में परमाणु हथियारों को कम करने समेत कई मुद्दों पर बात करेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि परमाणु हथियारों का जखीरा कम करना बहुत जरूरी है। आपको बताते चलें कि मिड टर्म चुनाव हारने के बाद ट्रंप के तेवर कुछ कम हुए हैं, वरना इन्हीं अमेरिकी राष्ट्रपति महोदय ने 13 फरवरी, 2025 को कहा था कि अमेरिका अपने परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़ाएगा। उन्होंने ये भी कहा था कि अमेरिका सर्वशक्तिमान है, इसलिए वो चाहे तो पूरी दुनिया को 100 से ज्यादा बार पूरी तरह से बर्बाद और तबाह कर सकता है। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button