जानकी ने सिर्फ दो फिल्में कीं और जीता अवार्ड

ग्लैमर की दुनिया में कदम रखने से पहले कोई नहीं कह सकता था कि जानकी बोडीवाला का भविष्य कैमरों के सामने चमकने वाला है। एक समय था जब वह कॉलेज के लेक्चर और डेंटिस्ट्री की किताबों में डूबी रहती थीं, मानों उनकी किस्मत के पन्ने अभी लिखे जाने बाकी थे लेकिन फिर एक ऐसा मोड़ आया जिसने उन्हें स्टेज की रोशनी और कैमरे के लेंस से रूबरू कराया और दर्शकों को मिला एक ऐसा जादुई चेहरा जिसे नजरअंदाज करना नामुमकिन था। आज वह रीजनल सिनेमा की उन चुनिंदा एक्ट्रेसेस में से एक बन गई हैं, जिन्होंने बॉलीवुड के बड़े मंच पर बेहद आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान
बनाई है।
30 अक्टूबर 1995 को जन्मीं जानकी बोडीवाला ने गांधीनगर के गोयनका रिसर्च इंस्टीट्यूट से डेंटल सर्जरी में स्नातक की डिग्री हासिल की। डॉक्टरी की पढ़ाई के बावजूद उनका झुकाव हमेशा से चकाचैंध वाली दुनिया की तरफ रहा। इसी चाहत ने उन्हें मिस इंडिया 2019 के मंच तक पहुंचाया, जहां वह मिस इंडिया गुजरात की टॉप 3 फाइनलिस्ट में शामिल रहीं। इस प्रतियोगिता ने उन्हें न केवल एक नई पहचान दी, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाया, जिससे फिल्मों में उनकी एंट्री का रास्ता साफ हो गया। जानकी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत गुजराती सिनेमा से की और बहुत ही कम समय में वह वहां का सबसे चर्चित चेहरा बन गईं। जानकी के करियर में सबसे बड़ा मोड़ साल 2024 में आया, जब उन्होंने विकास बहल की फिल्म शैतान से बॉलीवुड में कदम रखा। अजय देवगन, ज्योतिका और आर. माधवन जैसे सितारों के साथ जानकी ने अपने किरदार में ऐसी जान फूंकी कि हर कोई उनका कायल हो गयाइस फिल्म की जबरदस्त सफलता ने उन्हें रातों-रात पूरे देश में पहचान दिला दी। सबसे खास बात यह रही कि बड़े-बड़े अनुभवी सितारों के बीच भी जानकी अपनी अलग छाप छोड़ने में पूरी तरह कामयाब रहीं। शैतान के बाद उनकी अगली बॉलीवुड फिल्म मर्दानी 3 रही, जिसमें वह रानी मुखर्जी के साथ नजर आईं। जानकी की इस मेहनत को अवॉर्ड्स के रूप में भी खूब सराहना मिली है। (हिफी)



