कृष्णाराज में बहुत मस्ती से रहती हैं सास-बहू

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट हाल ही में मुंबई में अपने नए 250 करोड़ रुपये के घर ‘कृष्णा राज’ में शिफ्ट हुए हैं। इस 6-मंजिला घर में एक फ्लोर ऐसा भी है जहां नीतू कपूर रहती हैं। इसके अलावा, आलिया-रणबीर के घर में रिद्धिमा कपूर-भरत साहनी और समारा कपूर के लिए भी अलग कमरे हैं। हाल ही में हुई एक बातचीत में नीतू कपूर ने इस बारे में बात की और बताया कि कैसे वो रणबीर और आलिया के साथ रहते हुए भी उन्हें उनकी प्राइवेसी देती हैं। नीतू कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘दादी की शादी’ को लेकर चर्चा में चल रही हैं, जो 8 मई को रिलीज हुई। नीतू कपूर फिल्म के प्रमोशन में पूरी तरह से जुटी हुई हैं और इसी बीच वो सोहा अली खान से बातचीत करने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने बताया कि एक ही घर में आलिया-रणबीर के साथ नीतू कपूर कैसे रहती हैं। नीतू कपूर का मानना है कि जब उनके बच्चे शादी करते हैं, तो उन्हें कुछ प्राइवेसी देनी चाहिए। सोहा अली खान से एक खास बातचीत में नीतू कपूर ने कहा, “मुझे लगता है कि जब आपके बच्चों की शादी हो जाती है, तो आपको उन्हें अकेला छोड़ देना चाहिए। मैं अपने बच्चों के साथ उसी बिल्डिंग में रहती हूं, लेकिन मैं जब चाहूं, उनके यहां नहीं चली जाती। मैं उन्हें उनकी अपनी जगह देना चाहती हूं। मैं नहीं चाहती कि उन्हें ऐसा लगे कि उनकी मां हमेशा वहीं बैठी रहती हैं। उनकी प्राइवेसी उनकी अपनी है। मैं उसमें दखल नहीं देती। यहां तक कि राहा भी जब फ्री होती है, तभी मेरे पास आती है। मैं बिना बताए उनके कमरे में नहीं जाती।” नीतू कपूर आगे कहती हैं, “जब रिद्धिमा की शादी हुई, तो मैं ऋषि जी से कहा करती थी कि उन्हें रोज फोन मत किया करो। अब रिद्धिमा की शादी हो गई है, भरत भी वहां हैं, तुम हर समय फोन नहीं करते रह सकते। उसे अपनी जिंदगी जीने दो। तुम्हें अब थोड़ा दूर हटना होगा। (हिफी)



