ओ रोमियो के टेलर लांच पर नाना को आया गुस्सा

नाना पाटेकर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी सख्त प्रोफेशनलिज्म और समय की पाबंदी के लिए मशहूर हैं। चाहे फिल्म की शूटिंग हो, मीटिंग हो या कोई पब्लिक इवेंट, नाना हमेशा तय समय पर पहुंचने को प्राथमिकता देते हैं। ?उन्होंने 21 जनवरी को भी इसी आदत का पालन किया, लेकिन इस बार हालात ऐसे बने कि उनका गुस्सा सबके सामने आ गया। 75 वर्षीय दिग्गज अभिनेता अपनी आने वाली फिल्म ‘ओ रोमियो’ के ट्रेलर लॉन्च के लिए दोपहर ठीक 12 बजे मुंबई के एक मल्टीप्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। मीडिया और इवेंट की टीम पहले से मौजूद थी, लेकिन उनके को-स्टार्स के न आने की वजह से मामला बिगड़ गया।करीब 60 मिनट तक इंतजार करने के बाद, जब इवेंट शुरू होने के कोई आसार नहीं दिखे तो नाना पाटेकर नाराज हो गए और बिना ट्रेलर लॉन्च में शामिल हुए ही वहां से निकल गए। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि नाना ऑडिटोरियम से बाहर निकलते हुए लिफ्ट की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि इवेंट के ऑर्गनाइजर उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश कर रहे हैं। वीडियो में नाना गुस्से में अपनी घड़ी की ओर इशारा करते हुए कुछ कहते नजर आते हैं, मानो वे यह जताना चाह रहे हों कि तय समय का सम्मान नहीं किया गया।एक अन्य क्लिप में नाना पाटेकर लिफ्ट के पास खड़े एक ऑर्गनाइजर को साफ तौर पर ‘ना’ में इशारा करते हुए दिखते हैं, जिससे यह साफ हो जाता है कि उन्होंने वहां रुकने या वापस लौटने का मन बना ही लिया था। उनके इस रवैये ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि नाना समय और अनुशासन के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं करते, चाहे सामने कितना भी बड़ा इवेंट क्यों न हो।नाना के जाने के बाद ट्रेलर लॉन्च इवेंट में निर्देशक विशाल भारद्वाज ने इस पूरे वाकये पर खुलकर बात की। ट्रेलर लॉन्च शुरू होने से पहले उन्होंने मीडिया और मौजूद दर्शकों को बताया कि नाना पाटेकर क्यों चले गए। (हिफी)



