अनुपम खेर व नसीर के बीच पुराना विवाद फिर चर्चा में

अनुपम खेर और नसीरुद्दीन शाह के बीच का सालों पुराना विवाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। हाल ही में इंटरनेट पर एक पुराना वीडियो क्लिप वायरल हुआ, जिसमें नसीरुद्दीन शाह ने अनुपम खेर के राजनीतिक विचारों को लेकर उन्हें चाटुकार जोकर कहा था। इसके जवाब में अनुपम खेर का भी एक पुराना तीखा वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि नसीरुद्दीन शाह की सोचने-समझने की क्षमता उन ड्रग्स के सेवन की वजह से धुंधली हो गई है, जिनका वे सालों से इस्तेमाल कर रहे हैं। अब इस पुराने विवाद के दोबारा सुर्खियों में आने के बाद अनुपम खेर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि आज के समय में दोनों के बीच कैसे संबंध हैं।अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर इस पुराने विवाद के वीडियो वायरल होने पर अपनी गहरी आपत्ति जताई है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए इस बात का खुलासा किया कि उनके और नसीरुद्दीन शाह के बीच का यह मनमुटाव बहुत पहले ही खत्म हो चुका है। अनुपम खेर का मानना है कि इस छह साल पुराने वीडियो को जानबूझकर दोबारा वायरल किया गया है ताकि उन्हें निशाना बनाया जा सके। उनका कहना है कि राम मंदिर दान गबन विवाद पर अपनी बात रखने के बाद से ही एक पूरा खेमा उनके पीछे पड़ गया है और उन्हें ट्रोल करने की कोशिश की जा रही है।
साझा किए गए वीडियो में अनुपम खेर ने हिंदी में बात करते हुए कहा, कुछ दिनों पहले मैंने अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन किए थे और अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं। कुछ लोगों को मेरी बातें पसंद नहीं आईं क्योंकि यह उनके एजेंडे में फिट नहीं बैठ रही थीं। वे मुझे निशाना बनाने और ट्रोल करने के तरीके ढूंढने लगे। मुझे गाली देने के लिए एक पूरा तंत्र तैयार हो गया। जब उन्हें मेरे खिलाफ कुछ और नहीं मिला, तो उन्होंने मेरी छवि खराब करने के लिए नसीरुद्दीन शाह का छह साल पुराना वीडियो ढूंढ निकाला। यह पूरा विवाद साल 2020 में शुरू हुआ था जब दोनों अभिनेताओं के बीच वैचारिक मतभेद खुलकर सामने आए थे। एक इंटरव्यू के दौरान नसीरुद्दीन शाह ने सरकार का समर्थन करने को लेकर अनुपम खेर पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि अनुपम खेर को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, वे एक जोकर हैं और उनके समकालीन कलाकार भी उनकी चापलूसी करने की आदत की गवाही दे सकते हैं। (हिफी)



